Meta की नौकरी छोड़ी और सपना पूरा करने निकल पड़े जेसन शेन, अब उसी फैसले ने बदल दी उनकी जिंदगी
मेटा में करीब 2 करोड़ रुपये सालाना की नौकरी छोड़ने के बाद जेसन शेन ने स्टार्टअप फाउंडर्स को कोचिंग देने का बिजनेस शुरू किया। अब वह हफ्ते में करीब 20 घंटे काम करते हैं और उनके बिजनेस ने पिछले 12 महीनों में करीब 3 करोड़ रुपये का रेवेन्यू कमाया है।

In Short
- मेटा में जेसन शेन का सालाना कैश कंपेनसेशन करीब 2 करोड़ रुपये था
- रिफैक्टर लैब्स ने पिछले 12 महीनों में करीब 3 करोड़ रुपये का रेवेन्यू कमाया
- जेसन अब हफ्ते में करीब 20 घंटे काम करते हैं और परिवार को ज्यादा समय देते हैं
किसी ऐसी टेक जॉब को छोड़ना आसान नहीं होता जहां सालाना कमाई करोड़ों रुपये में हो और कंपनी के शेयर भी मिल रहे हों। लेकिन 40 साल के जेसन शेन ने अच्छी सैलरी और आर्थिक सुरक्षा के बावजूद मेटा की नौकरी छोड़ने का फैसला किया। करीब तीन साल मेटा में काम करने के बाद उन्होंने स्टार्टअप फाउंडर्स को कोचिंग देने के अपने काम को फुल टाइम बिजनेस बना लिया।
बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक जेसन ने जून 2023 में मेटा छोड़ा था। उस समय सैलरी और बोनस मिलाकर उनका सालाना कैश कंपेनसेशन करीब 2.5 लाख डॉलर यानी लगभग 2 करोड़ रुपये था। नौकरी के दौरान भी वह कुछ फाउंडर्स को कोचिंग दे रहे थे। बाद में उन्होंने इसी काम पर पूरा फोकस करने का फैसला किया और 2024 में रिफैक्टर लैब्स को अपना फुल टाइम करियर बना लिया।
क्यों छोड़ी करोड़ों की नौकरी?
जेसन का टेक सेक्टर में लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने करीब दो साल एट्सी में काम किया। इसके बाद अपनी टेक कंपनी शुरू की जिसे बाद में फेसबुक ने खरीद लिया। फिर वह मेटा में प्रोडक्ट लीडर के तौर पर काम करने लगे।
मेटा में उन्हें अपने साथ काम करने वाले लोग पसंद थे लेकिन समय के साथ काम का दबाव बढ़ता गया। लगातार मीटिंग्स डॉक्यूमेंट रिव्यू कंपनी के अंदर बदलाव और बदलती जिम्मेदारियों के कारण उन्हें लगने लगा कि वह अगले 20 साल तक इसी तरह काम नहीं कर सकते। पैसा अच्छा था लेकिन वह लंबे समय तक ऐसे माहौल में काम नहीं करना चाहते थे।
12 महीने में करीब 3 करोड़ का रेवेन्यू
मेटा छोड़ने के बाद जेसन ने करीब 1.5 लाख डॉलर अलग रखे ताकि शुरुआती दौर में अपना बिजनेस चला सकें। उनका रिफैक्टर लैब्स अब स्टार्टअप फाउंडर्स और सीनियर प्रोफेशनल्स को कोचिंग देता है।
जेसन के मुताबिक पिछले 12 महीनों में उनके बिजनेस ने 3.69 लाख डॉलर यानी करीब 3 करोड़ रुपये का रेवेन्यू कमाया। हालांकि यह पूरा मुनाफा नहीं है क्योंकि इसमें सॉफ्टवेयर मार्केटिंग क्रेडिट कार्ड फीस को वर्किंग स्पेस और हेल्थ इंश्योरेंस जैसे खर्च भी शामिल हैं।
अब हफ्ते में करीब 20 घंटे काम
जेसन अब हफ्ते में करीब 20 घंटे काम करते हैं। उनका ज्यादातर काम जूम कॉल्स के जरिए होता है जबकि प्रशासनिक कामों के लिए वह एआई टूल्स का इस्तेमाल करते हैं।
नौकरी छोड़ने के बाद उन्हें परिवार के लिए भी ज्यादा समय मिलने लगा है। वह शाम को अपनी बेटी के साथ समय बिताते हैं और फिटनेस तथा दूसरे क्रिएटिव प्रोजेक्ट्स पर काम करते हैं। वह इन दिनों ‘डीप एम्बिशन’ नाम की किताब भी लिख रहे हैं।
जेसन मानते हैं कि अगर वह मेटा में बने रहते तो सैलरी और शेयरों से आगे और ज्यादा पैसा कमा सकते थे। अब उनका लक्ष्य अपनी पुरानी बिग टेक कमाई को पार करना है लेकिन अपनी जिंदगी का लचीलापन खोए बिना।

