श्रीलंका घूमने का प्लान? ₹59,950 में IRCTC का 6 दिन का रामायण टूर; जानें किराया और रूट
IRCTC का 5 रात और 6 दिन का “श्रीलंका रामायण यात्रा” पैकेज 24 सितंबर 2026 को बेंगलुरु से शुरू होगा। इसमें कोलंबो, दांबुला, त्रिंकोमाली, कैंडी और नुवारा एलिया के साथ रामायण से जुड़ी कई जगहों को शामिल किया गया है।

In Short
- पैकेज की शुरुआती कीमत ट्रिपल ऑक्यूपेंसी में ₹59,950 प्रति व्यक्ति है।
- टूर में फ्लाइट, होटल, नाश्ता, लंच, डिनर, साइटसीइंग और ट्रैवल इंश्योरेंस शामिल हैं।
- यात्रा में सीता अम्मन मंदिर, अशोक वाटिका, मनावरी और मुनीश्वरम मंदिर समेत कई धार्मिक जगहें शामिल हैं।
IRCTC Sri Lanka Tour Package: अगर आप भारत से छोटी इंटरनेशनल ट्रिप की योजना बना रहे हैं और उसमें धार्मिक जगहें भी देखना चाहते हैं, तो IRCTC का श्रीलंका पैकेज एक विकल्प हो सकता है। 5 रात और 6 दिन के “श्रीलंका रामायण यात्रा” पैकेज की शुरुआत बेंगलुरु से होगी। यह टूर 24 सितंबर 2026 को रवाना होगा और इसमें कोलंबो, दांबुला, त्रिंकोमाली, कैंडी और नुवारा एलिया जैसे शहर शामिल हैं।
कितना है पैकेज का खर्च?
इस पैकेज की कीमत कमरे की व्यवस्था के हिसाब से अलग है। ट्रिपल ऑक्यूपेंसी में प्रति व्यक्ति किराया ₹59,950 है, जबकि डबल ऑक्यूपेंसी के लिए ₹60,500 देने होंगे। सिंगल ऑक्यूपेंसी का किराया ₹81,100 प्रति व्यक्ति है।
ये खबर पढ़ना न भूलें: जापान घूमने का प्लान? IRCTC का 9 दिन का पैकेज, जानें किराया और क्या-क्या मिलेगा
5 से 11 साल के बच्चे के लिए बेड के साथ किराया ₹46,000 और बिना बेड के ₹41,700 है। दो साल से कम उम्र के बच्चों का शुल्क अलग से देना होगा। पैकेज में 2% टीसीएस शामिल है और कुल 15 सीटें उपलब्ध हैं।
छह दिनों में कहां-कहां घुमाएगा IRCTC?
- पहले दिन बेंगलुरु से कोलंबो पहुंचने के बाद यात्रियों को दांबुला ले जाया जाएगा। इस दिन मनावरी और मुनीश्वरम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।
- दूसरे दिन दांबुला, सिगिरिया और त्रिंकोमाली का कार्यक्रम है। इसमें दांबुला केव टेंपल, थिरु कोनेश्वरम टेंपल और श्री लक्ष्मी नारायण पेरुमल टेंपल शामिल हैं।
- तीसरे दिन दांबुला से कैंडी जाते समय जेम्स फैक्ट्री या बाटिक फैक्ट्री और टूथ टेंपल दिखाया जाएगा। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा।
- चौथे दिन कैंडी से नुवारा एलिया की यात्रा होगी। इसमें श्री भक्त हनुमान मंदिर, रामबोडा, सीता अम्मन मंदिर और अशोक वाटिका शामिल हैं।
- पांचवें दिन नुवारा एलिया से कोलंबो जाते समय पिन्नावाला एलीफेंट ऑर्फनेज, केलानिया बुद्ध मंदिर और पंचमुख अंजनेयार मंदिर दिखाया जाएगा। इसके बाद कोलंबो सिटी टूर होगा। आखिरी दिन खरीदारी के लिए खाली समय मिलेगा और फिर बेंगलुरु वापसी होगी।
फ्लाइट और रहने-खाने में क्या मिलेगा
पैकेज में श्रीलंकन एयरलाइंस की इकोनॉमी क्लास फ्लाइट, पांच रात होटल में ठहरना, नाश्ता, दोपहर और रात का खाना शामिल है। इसके अलावा एसी वाहन से ट्रांसफर और साइटसीइंग, एंट्री टिकट, अंग्रेजी बोलने वाला टूर गाइड, विदेश यात्रा बीमा, जीएसटी और 2% टीसीएस भी शामिल हैं।
यात्रा से पहले इन बातों का रखें ध्यान
यात्रियों के पास भारत वापसी की तारीख से कम से कम छह महीने तक वैध पासपोर्ट होना जरूरी है। बुकिंग के तीन दिनों के भीतर पैन कार्ड और पासपोर्ट की कॉपी IRCTC बेंगलुरु को देनी होगी।
पैकेज के मुताबिक फिलहाल भारतीय नागरिकों के लिए वीजा ऑन अराइवल मुफ्त है। किसी भी लागू वीजा शुल्क का भुगतान यात्री को सीधे श्रीलंका इमिग्रेशन पर करना होगा।
कैंसिलेशन पर कटौती भी यात्रा की तारीख के हिसाब से बढ़ेगी। रवाना होने से 30 दिन पहले कैंसिल करने पर 20% और सात दिन से कम समय बचने या यात्रा पर नहीं पहुंचने पर 100% पैकेज राशि काटी जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://www.irctctourism.com/pacakage_description?packageCode=SBO3

