गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक दौड़ सकती है ‘नमो भारत’, जानें किन इलाकों से गुजरेगा नया रूट
दिल्ली-NCR में सफर को आसान बनाने के लिए Ghaziabad-Jewar Namo Bharat कॉरिडोर की तैयारी चल रही है। इस रूट के शुरू होने के बाद गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचने में सिर्फ 40 मिनट लग सकते हैं। 72 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर से नोएडा और ग्रेटर नोएडा को भी फायदा मिलेगा।

In Short
- गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक का सफर 40 मिनट में पूरा होने की उम्मीद।
- 72.44 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर बनाए जाएंगे 12 स्टेशन।
- 180 kmph की रफ्तार से चलेगी Namo Bharat ट्रेन।
Ghaziabad-Jewar Namo Bharat Corridor: दिल्ली-NCR में सफर आसान बनाने के लिए एक नए रैपिड रेल रूट पर काम चल रहा है। गाजियाबाद-जेवर नमो भारत RRTS शुरू होने के बाद गाजियाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर तक करीब 40 से 50 मिनट में पहुंचा जा सकेगा।
फिलहाल इस रूट की DPR तैयार की जा रही है। DPR में पूरे रूट, स्टेशनों, खर्च और निर्माण से जुड़ी जानकारी होती है। इसे NCR का चौथा नमो भारत रूट बनाने की तैयारी है। इससे गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर के बीच आना-जाना आसान हो जाएगा।
72 किलोमीटर लंबा होगा रूट
गाजियाबाद-जेवर नमो भारत रूट करीब 72.44 किलोमीटर लंबा होगा। इसे बनाने में लगभग 20,640 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह रूट गाजियाबाद को नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास के इलाकों और जेवर एयरपोर्ट से जोड़ेगा। इससे यहां रहने और काम करने वाले लोगों को रोजाना आने-जाने में बड़ी राहत मिल सकती है।
ये खबर पढ़ना न भूलें: भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की स्पीड कितनी? जानिए इसकी खासियत और पूरी डिटेल
NCRTC के मैनेजिंग डायरेक्टर शलभ गोयल ने बताया कि गाजियाबाद-जेवर और नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम रूट की पूरी रिपोर्ट अभी तैयार की जा रही है।
रास्ते में बनाए जाएंगे 12 स्टेशन
इस नमो भारत रूट पर कुल 12 स्टेशन बनाने की तैयारी है। रूट के दोनों सिरों पर दो ट्रेन डिपो भी बनाए जाएंगे। इन स्टेशनों में गाजियाबाद, गाजियाबाद साउथ, ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4, ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-2, नॉलेज पार्क-5, सूरजपुर, परी चौक, इकोटेक-6, दनकौर, YEIDA नॉर्थ सेक्टर-18, YEIDA सेंट्रल सेक्टर-21 और जेवर एयरपोर्ट शामिल हैं।
इन स्टेशनों के बनने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और YEIDA इलाके के लोगों को आने-जाने का नया और तेज रास्ता मिलेगा।
180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन
इस रूट पर नमो भारत ट्रेन को अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने की तैयारी है। रूट शुरू होने के बाद गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचने में करीब 40 से 50 मिनट लग सकते हैं।
तेज रफ्तार वाली इस ट्रेन से सड़कों पर गाड़ियों की भीड़ कम हो सकती है। खासतौर पर जेवर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को इससे काफी सुविधा मिलेगी।
दिल्ली मेट्रो से भी जुड़ेगा नमो भारत रूट
गाजियाबाद-जेवर नमो भारत रूट को दिल्ली मेट्रो से भी जोड़ा जाएगा। यात्री गाजियाबाद में दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन से उतरकर नमो भारत ट्रेन पकड़ सकेंगे। इससे दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट के बीच सफर तेज, आसान और आरामदायक हो सकती है।

