scorecardresearch

दिवाली की शॉपिंग में 10 मिनट की डिलीवरी का क्रेज हुआ कम! अब ग्राहकों को चाहिए कुछ और, सर्वे में बड़ा खुलासा

दिवाली की खरीदारी में अब 10 मिनट की डिलीवरी का जादू फीका पड़ता दिख रहा है। एक नए सर्वे में ग्राहकों की पसंद को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। आखिर लोग तेज डिलीवरी के बजाय किस चीज को ज्यादा अहमियत दे रहे हैं और कौन सा शॉपिंग ऐप बना पहली पसंद? जानिए।

Advertisement

In Short

  • दिवाली की खरीदारी में 71% ग्राहक सही कीमत और 65% अच्छी क्वालिटी को अहमियत दे रहे हैं, जबकि सिर्फ 22% के लिए तेज डिलीवरी जरूरी है।
  • हर 10 में से 6 ग्राहक डिलीवरी, हैंडलिंग और दूसरे एक्स्ट्रा चार्ज से परेशान हैं।
  • आखिरी समय की दिवाली शॉपिंग में अमेजन नाउ 22% के साथ पहली पसंद बना, जबकि ब्लिंकिट को 19% ग्राहकों ने चुना।

दिवाली की खरीदारी के लिए अब लोग बाजार जाने के बजाय ऑनलाइन ऐप्स का भी खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। मिठाइयों, गिफ्ट, पूजा के सामान और घर की सजावट से जुड़ी चीजों की डिमांड बढ़ रही है। लेकिन अब ग्राहकों की पसंद भी बदल रही है। ऐसे में एक नए सर्वे से पता चला है कि लोग खरीदारी करते समय किन बातों को सबसे ज्यादा अहमियत दे रहे हैं।

advertisement

तेज डिलीवरी नहीं, अब ग्राहकों को चाहिए सही कीमत

लोकलसर्किल्स के नए सर्वे के मुताबिक, दिवाली की खरीदारी के लिए 71% ग्राहक ऐसे ऐप्स चुनना चाहते हैं, जहां उन्हें सही कीमत पर सामान मिले। वहीं, 65% ग्राहक प्रोडक्ट की क्वालिटी को अहमियत दे रहे हैं। सिर्फ 22% लोगों के लिए तेज डिलीवरी जरूरी है।

सर्वे में 46% लोगों ने सामान की उपलब्धता, 43% ने कम या बिना एक्स्ट्रा चार्ज, 38% ने ऑफर्स और डिस्काउंट और 31% ने त्योहार से जुड़े ज्यादा प्रोडक्ट्स के विकल्प को जरूरी बताया।

रोजमर्रा की खरीदारी में 54% ग्राहक ऑफर्स और डिस्काउंट देखते हैं, जबकि त्योहारों की खरीदारी में यह आंकड़ा घटकर 38% रह जाता है।

एक्स्ट्रा चार्ज से परेशान हैं ग्राहक

सर्वे के मुताबिक, हर 10 में से 6 ग्राहकों का कहना है कि डिलीवरी, हैंडलिंग और छोटे ऑर्डर पर लगने वाले चार्ज की वजह से उनका बिल अक्सर उम्मीद से ज्यादा हो जाता है।

खर्च की बात करें तो 20% ग्राहक एक ऑर्डर पर ₹200 से ₹399, 27% ग्राहक ₹400 से ₹599 और 22% ग्राहक ₹600 से ₹999 खर्च करते हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

वहीं, 9% ग्राहक ₹1,000 से ₹1,499 और 7% ग्राहक ₹1,500 या उससे ज्यादा खर्च करते हैं। कुल मिलाकर 69% लोगों का ऑर्डर ₹200 से ₹999 के बीच होता है, जबकि सिर्फ 16% ग्राहक ₹1,000 या उससे ज्यादा खर्च करते हैं।

दिवाली की शॉपिंग में कौन सा ऐप आगे?

आखिरी समय पर त्योहार की खरीदारी के लिए अमेजन नाउ 22% ग्राहकों की पहली पसंद बना। इसके बाद ब्लिंकिट 19%, जेप्टो 14% और बिगबास्केट 12% पर रहे।

हालांकि, रोजमर्रा की खरीदारी में ब्लिंकिट 31% के साथ सबसे आगे है। इसके बाद अमेजन नाउ 25%, बिगबास्केट 12%, फ्लिपकार्ट मिनट्स 11% और जेप्टो 11% पर हैं।

ग्राहकों की रेटिंग में अमेजन नाउ और जेप्टो को 35 में से 27.5 अंक मिले, जबकि बिगबास्केट को 26 अंक मिले।

ब्लिंकिट को डिलीवरी स्पीड में 5 में से 5 अंक मिले, लेकिन कीमत और चार्ज की जानकारी के मामले में 2.5 अंक मिले। अमेजन नाउ और जेप्टो को चार्ज की जानकारी में 4.5 अंक मिले। वहीं, खास प्रोडक्ट्स के मामले में बिगबास्केट 4.5 अंक के साथ आगे रहा।

advertisement

दिवाली के करीब बढ़ सकती है खरीदारी

लोकलसर्किल्स के मुताबिक, आर्थिक अनिश्चितता के चलते कई परिवार दिवाली के करीब खरीदारी करने की योजना बना रहे हैं। इससे क्विक कॉमर्स ऐप्स को फायदा मिल सकता है।

अमेजन नाउ 120 से ज्यादा शहरों में काम कर रहा है और 300 से ज्यादा शहरों तक पहुंचने की तैयारी में है। वहीं, फ्लिपकार्ट मिनट्स के 150 से ज्यादा शहरों में करीब 1,200 छोटे ऑर्डर पूरा करने वाले सेंटर हैं।

सर्वे से साफ है कि अब ग्राहकों के लिए सिर्फ 10 मिनट में सामान पहुंचना काफी नहीं है। सही कीमत, अच्छी क्वालिटी और बिना छिपे चार्ज वाला बिल ज्यादा मायने रखता है।