
राजीव चौक, ITO, नई दिल्ली समेत ये 57 मेट्रो स्टेशनों 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से बंद! देखें पूरी लिस्ट
दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले बड़े विरोध प्रदर्शन से पहले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। 57 मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदियों के साथ रेलवे सेवाओं पर भी असर पड़ने वाला है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जानिए किन यात्रियों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर और क्या हैं नए निर्देश।

In Short
- दिल्ली में 10 अक्टूबर के प्रदर्शन को लेकर 57 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद करने का फैसला।
- नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी रहेंगी रद्द।
- दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हजारों पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती।
दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन के चलते दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट बंद करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली कई ट्रेनों को भी रद्द किया गया है।
57 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए जाएंगे। यह पाबंदी शनिवार को स्थिति सामान्य होने तक लागू रहेगी।
हालांकि, यात्रियों को राहत देते हुए संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए इन स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी कम करने का भी प्रस्ताव दिया है।
क्यों हो रहा है दिल्ली में प्रदर्शन?
कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन चुनाव आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर चल रहे विवाद के बीच किया जा रहा है।
कॉकरोच जनता पार्टी की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें। इसके अलावा पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया में बदलाव करने की भी मांग उठाई है।
नई दिल्ली और निजामुद्दीन पहुंचने वाली ट्रेनें रद्द
प्रदर्शन का असर रेलवे सेवाओं पर भी पड़ने वाला है। रेलवे के 9 अक्टूबर को जारी आदेश के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशनों से रवाना होने वाली ऐसी सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहेंगी, जिन्हें शनिवार सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचना था।
इन ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों से ही रद्द किया जाएगा।

दिल्ली में करीब 23 हजार अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए केंद्र सरकार ने दिल्ली पुलिस को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 221 कंपनियां उपलब्ध कराई हैं। इनमें करीब 23 हजार जवान शामिल हैं, जिनकी तैनाती 8 से 12 अक्टूबर तक रहेगी।
इसके अलावा दिल्ली पुलिस के कम से कम 15 हजार जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल सकते हैं। जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से भी पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है।
शराब की दुकानें बंद, बसों पर भी नजर
दिल्ली सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 9 और 10 अक्टूबर को शराब की दुकानें बंद रखने का निर्देश दिया है।
वहीं, दिल्ली पुलिस पिछले प्रदर्शन में शामिल लोगों पर नजर रख रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई के प्रदर्शन में शामिल करीब 2,800 ऐसे लोगों की पहचान फेशियल रिकग्निशन सिस्टम से की गई है, जिनका कथित आपराधिक रिकॉर्ड है।
दिल्ली आने वाली बसों की भी निगरानी की जा रही है। पुलिस ने विश्वविद्यालयों और पीजी संचालकों से संपर्क कर छात्रों को प्रदर्शन में शामिल होने से हतोत्साहित करने की कोशिश भी की है।

