scorecardresearch

अयोध्या से नेपाल जाने वाली ट्रेन में नहीं मिलेगा तत्काल और RAC टिकट, सफर से पहले जान लें रेलवे के नियम

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक ट्रेन से सफर करने का इंतजार खत्म होने वाला है। भारतीय रेलवे ने सरयू-कमला एक्सप्रेस में यात्रा करने वाले लोगों के लिए कई खास नियम तय किए हैं। अगर आप भी इस ट्रेन से नेपाल जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले ये शर्तें जान लें।

Advertisement

In Short

  • सरयू-कमला एक्सप्रेस में 28 नवंबर से सफर कर सकेंगे आम यात्री।
  • अयोध्या से जनकपुर तक 604 किलोमीटर का सफर करीब 19 घंटे में होगा पूरा।
  • टिकट बुकिंग, पहचान पत्र और सामान ले जाने के लिए रेलवे ने तय किए खास नियम।

भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर के बीच अब ट्रेन से सफर किया जा सकेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने 23 नवंबर को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत की थी। आम यात्री 28 नवंबर से इस ट्रेन में सफर कर सकेंगे। हालांकि, भारतीय रेलवे ने इस ट्रेन में टिकट बुकिंग से लेकर सामान ले जाने तक के लिए कई नियम तय किए हैं। अगर आप भी इस ट्रेन से नेपाल जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो इन नियमों को जरूर जान लें।

advertisement

19 घंटे में पूरा होगा 604 किलोमीटर का सफर

सरयू-कमला एक्सप्रेस एक साप्ताहिक ट्रेन है, जो करीब 19 घंटे में 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के रास्ते नेपाल के जनकपुर पहुंचेगी। उत्तर प्रदेश में ट्रेन मनकापुर, बस्ती और गोरखपुर स्टेशनों पर रुकेगी। वहीं, बिहार में नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा।

कन्फर्म टिकट होने पर ही कर सकेंगे सफर

रेलवे ने सरयू-कमला एक्सप्रेस (15596/15595) को पूरी तरह आरक्षित ट्रेन बनाया है। इसमें केवल जनरल कोटा के तहत टिकट बुकिंग होगी। यात्रियों को तत्काल, प्रीमियम तत्काल, सीनियर सिटीजन, लेडीज और इमरजेंसी कोटा की सुविधा नहीं मिलेगी। इसके अलावा RAC टिकट की व्यवस्था भी नहीं होगी। यानी केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्री ही सफर कर सकेंगे। कुल आरक्षित सीटों में 70 फीसदी एंड टू एंड कोटा और 30 फीसदी रोड साइड कोटा के तहत रखी जाएंगी।

कैसे बुक कर सकेंगे टिकट?

इस ट्रेन में केवल भारत और नेपाल के नागरिक वैध पहचान पत्र के साथ यात्रा कर सकेंगे। टिकट बुकिंग के दौरान पहचान पत्र और राष्ट्रीयता की जानकारी दर्ज की जाएगी। भारतीय यात्री ऑनलाइन या देशभर के किसी भी रेलवे रिजर्वेशन (PRS) काउंटर से टिकट बुक करा सकेंगे। काउंटर पर पहचान पत्र के अंतिम चार अंक दर्ज किए जाएंगे। वहीं, नेपाली यात्री IRCTC की वेबसाइट, ऐप या अधिकृत एजेंटों के जरिए टिकट बुक करा सकेंगे। यात्रा की तारीख को छोड़कर अधिकतम 60 दिन पहले टिकट बुक कराया जा सकेगा।

कितना सामान ले जाने की होगी अनुमति?

रेलवे ने अलग-अलग क्लास के यात्रियों के लिए मुफ्त सामान ले जाने की सीमा भी तय की है।

  • फर्स्ट AC में 70 किलो

  • सेकंड AC में 50 किलो

  • थर्ड AC में 40 किलो

  • स्लीपर क्लास में 40 किलो

तय सीमा से ज्यादा सामान होने पर अतिरिक्त शुल्क देना होगा। इस ट्रेन में पार्सल और माल बुकिंग की सुविधा नहीं मिलेगी।

पर्यटन और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

रेलवे के मुताबिक, इस ट्रेन के शुरू होने से तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। रामायण से जुड़े पर्यटन स्थलों को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा पढ़ाई, कारोबार और पारिवारिक कामों के लिए यात्रा करना आसान होगा। स्थानीय व्यापारियों, होटल कारोबारियों और पारंपरिक कारीगरों के लिए भी कमाई के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

advertisement