Election Results 2026 Live: बीजेपी ने ममता का बंगाल में किया ‘खेला’ खत्म! तमिलनाडु में विजय बने ‘जननायक’
तमिलनाडु, असम, केरल, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती जारी है और रुझानों में बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं। पश्चिम बंगाल में बीजेपी बढ़त बनाती दिख रही है, जबकि तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

Election Result 2026 LIVE Updates: तमिलनाडु, असम, केरल, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती जारी है और रुझानों में बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं। पश्चिम बंगाल में बीजेपी बढ़त बनाती दिख रही है, जबकि तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। असम में बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए लगातार तीसरी बार सत्ता की ओर बढ़ रहा है, वहीं पुडुचेरी में भी एनडीए आगे है। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ अब तक का सबसे मजबूत प्रदर्शन करते हुए 100 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
Tamil Nadu Election: विजय को था मुख्यमंत्री बनने का भरोसा, बोले पिता
फिल्म निर्माता एसए चंद्रशेखर ने कहा कि उन्हें अपने बेटे और अभिनेता-राजनेता विजय पर गर्व है, जो तमिलनाडु चुनाव में लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से विजय में मजबूत आत्मविश्वास दिखा और उन्हें हमेशा यकीन था कि वह राज्य के मुख्यमंत्री बन सकते हैं।
Kerala Election Result: केरल में बीजेपी की बड़ी एंट्री, तिरुवनंतपुरम में 3 सीटों पर जीत
केरल विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी ने अहम सफलता हासिल करते हुए तिरुवनंतपुरम क्षेत्र की नेमोम, कझाकूट्टम और चथन्नूर सीटों पर जीत दर्ज की है। हालांकि राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ सत्ता में आ गया है, लेकिन बीजेपी की यह जीत राज्य में पार्टी के लिए एक बड़ा ब्रेकथ्रू मानी जा रही है।
Election Result: जश्न की तैयारी में जुटा बीजेपी मुख्यालय, झालमुरी और रसगुल्ले का इंतजाम
सोमवार को जैसे-जैसे चुनाव परिणाम बीजेपी के पक्ष में जाते दिखे, राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी मुख्यालय पर जश्न की तैयारियां तेज हो गईं। कार्यकर्ता बड़े स्तर पर झालमुरी बना रहे हैं और रसगुल्ले की प्लेटें सजाई जा रही हैं। माहौल में उत्साह और जीत की खुशी साफ नजर आ रही है।
Tamil Nadu Election Results Live: क्या हार की ओर बढ़ रहे हैं एमके स्टालिन?
चुनाव आयोग के रुझानों के मुताबिक, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपनी ही मजबूत सीट कोलाथुर में टीवीके के वी एस बाबू से पीछे चल रहे हैं और हार की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं।
Kerala Election Results Live: राहुल गांधी की 5 गारंटियों ने दिलाई जीत- कांग्रेस नेता
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने कहा कि पार्टी के 'पॉजिटिव एजेंडा' और राहुल गांधी द्वारा घोषित पांच गारंटियों ने केरल के मतदाताओं से जुड़ने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि इन गारंटियों और सकारात्मक दृष्टिकोण की वजह से जनता का भरोसा मिला और चुनाव में सफलता मिली।
Tamil Nadu Election Results Live: विजय के पिता ने कांग्रेस को दिया गठबंधन का न्योता
तमिलनाडु चुनाव में अभिनेता विजय की पार्टी सबसे बड़े दल के रूप में उभरती दिख रही है और 109 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इसी बीच विजय के पिता ने कांग्रेस को गठबंधन के लिए न्योता दिया है। फिलहाल कांग्रेस के उम्मीदवार 4 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
West Bengal Election Results Live: बंगाल में बीजेपी दो-तिहाई बहुमत के करीब
पश्चिम बंगाल में बीजेपी बड़ी बढ़त के साथ दो-तिहाई बहुमत के करीब पहुंचती दिख रही है। ताजा रुझानों के मुताबिक, बीजेपी के उम्मीदवार 195 सीटों पर आगे चल रहे हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस 93 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। लेफ्ट 3 सीटों पर आगे है, कांग्रेस फिलहाल खाता खोलती नजर नहीं आ रही, वहीं अन्य दल 2 सीटों पर बढ़त में हैं।
West Bengal Election Results Live: नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी 8,911 वोटों से आगे
सातवें राउंड की मतगणना के बाद नंदीग्राम सीट से बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी टीएमसी के पबित्र कर के खिलाफ 8,911 वोटों की बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं।
Tamil Nadu Election Results Live: आसनसोल में मतगणना केंद्र के बाहर तनाव, सुरक्षा बलों ने किया लाठीचार्ज
सोमवार को जारी मतगणना के दौरान आसनसोल में काउंटिंग सेंटर के बाहर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। आसपास के इलाके से हिंसा के आरोप सामने आने के बाद हालात बिगड़ने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और हालात काबू में लाने के लिए लाठीचार्ज किया।
West Bengal Election Results LIVE: पनिहाटी सीट से रत्ना देबनाथ आगे
चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के मुताबिक, आरजी कर रेप-मर्डर केस की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ पनिहाटी विधानसभा सीट से आगे चल रही हैं। पहले राउंड की मतगणना के बाद टीएमसी के तिर्थंकर घोष फिलहाल पीछे हैं।
Tamil Nadu Election Results Live: एडप्पाडी सीट से EPS 21 हजार से ज्यादा वोटों से आगे
चुनाव आयोग के अनुसार, एआईएडीएमके प्रमुख एडप्पाडी पलानीस्वामी (EPS) एडप्पाडी विधानसभा सीट से 21,000 से अधिक वोटों की बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं।
Kerala Election Results Live: रुझानों में ‘लेफ्ट-मुक्त’ की ओर केरल, UDF को बड़ी बढ़त
केरल के ताजा रुझानों में कांग्रेस की अगुवाई वाला यूडीएफ गठबंधन 95 सीटों पर आगे चल रहा है। वहीं लेफ्ट गठबंधन 41 सीटों पर सिमटता दिख रहा है। बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए फिलहाल 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
Tamil Nadu Election Results Live: बढ़त के बीच विजय की सुरक्षा कड़ी
तमिलनाडु में थलापति विजय की अगुवाई वाली टीवीके 102 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं एआईएडीएमके 73 और डीएमके 48 सीटों पर आगे चल रही है। इन रुझानों के बाद विजय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उनके घर के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
West Bengal Election Results Live: बंगाल में इन सीटों पर बीजेपी आगे
चुनाव आयोग के अनुसार, पश्चिम बंगाल में बीजेपी कई सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इनमें मेखलीगंज, माथाभांगा, कूचबिहार उत्तर, सीतलकुची, दिनहाटा, नाटाबाड़ी, तुफानगंज, कुमारग्राम, मदारीहाट, धुपगुड़ी, मयनागुड़ी, राजगंज, नागराकाटा, कालिम्पोंग, माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी, फांसीदेवा, कालीगंज, कुशमंडी, बालुरघाट, हबीबपुर, गाजोल, रतुआ, मणिकचक, मोथाबाड़ी, फरक्का, मुर्शिदाबाद, बुरवान, भारतपुर, कृष्णनगर, चकदाहा, हरिणघाटा, बगदा, बांगांव उत्तर, बादुरिया, बारानगर, हिंगलगंज, गोसाबा, सागर, बरुईपुर पश्चिम, डायमंड हार्बर, सोनारपुर दक्षिण, जादवपुर, बेहाला पूर्व, बेहाला पश्चिम, रशबेहारी, जोरासांको, श्यामपुकुर, मणिकतला, काशीपुर-बेलगछिया, बाली, हावड़ा उत्तर, शिवपुर, उलूबेरिया पूर्व, जगतबल्लवपुर, डोमजूर, श्रीरामपुर, चंपदानी, सिंगूर, चूंचुड़ा, जंगीपाड़ा, हरिपाल, आरामबाग, गोगहाट, नंदकुमार, खेझुरी, कांठी दक्षिण, गोपीबल्लवपुर, झाड़ग्राम, केशियारी, सबांग, पिंगला, खड़गपुर, डेबरा, घाटाल, सालबनी, मिदनापुर, बिनपुर, बंदवान, बलरामपुर, बाघमुंडी, पुरुलिया, काशीपुर, पारा, रघुनाथपुर, छातना, रानीबांध, तिलडांगरा, बांकुड़ा, बरजोड़ा, ओंदा, बिष्णुपुर, मोंटेश्वर, कालना, मेमारी, भातार, पूर्वस्थली उत्तर, कटवा, मंगलपुर, पांडाबेश्वर, दुर्गापुर पूर्व, दुर्गापुर पश्चिम, रानीगंज, जमुरिया, आसनसोल दक्षिण, आसनसोल उत्तर, कुल्टी, बाराबनी, दुबराजपुर और लाबपुर शामिल हैं, जहां पार्टी ने मजबूत बढ़त दर्ज की है।
West Bengal Election Results Live: बंगाल में बीजेपी ने फिर पकड़ी रफ्तार
पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और ताजा रुझानों में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। बीजेपी के उम्मीदवार 157 सीटों पर आगे चल रहे हैं, जबकि टीएमसी के उम्मीदवार 124 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
Assam Election Results Live: असम में बीजेपी सेंचुरी के करीब, 98 सीटों पर बढ़त
असम में बीजेपी बड़ी जीत की ओर बढ़ती दिख रही है और पार्टी 100 के आंकड़े के करीब पहुंच गई है। ताजा रुझानों के मुताबिक, बीजेपी 98 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन के उम्मीदवार 26 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि अन्य दल 2 सीटों पर आगे हैं।
Kerala Election Results Live: जनता ने हमारे संदेश को स्वीकार किया- शशि थरूर
शशि थरूर ने कहा कि पार्टी पिछले 10 साल से इस मौके का इंतजार कर रही थी। उन्होंने कहा कि मिली बड़ी बहुमत से सरकार स्थिर रहेगी। थरूर के मुताबिक, जनता ने उनके संदेश को स्वीकार किया है और इसी वजह से उन्हें इतना बड़ा समर्थन मिलता दिख रहा है।
West Bengal Election Results Live: पनिहाटी सीट पर आरजी कर पीड़िता की मां आगे
पनिहाटी विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं आरजी कर रेप पीड़िता की मां शुरुआती रुझानों में आगे चल रही हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, वह करीब 3000 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं और मुकाबले में बढ़त बरकरार रखे हुए हैं।

