छत पर चढ़ी Scorpio Classic! आनंद महिंद्रा ने कहा- आइडिया कमाल का, लेकिन खतरा भी बड़ा
बिहार के गोपालगंज में एक शख्स की नई स्कॉर्पियो क्लासिक को क्रेन से घर की छत पर पहुंचाने का वीडियो वायरल हो गया। अनोखी पार्किंग का यह तरीका बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा तक भी पहुंचा। उन्होंने इसे मजेदार बताया, लेकिन साथ ही सवाल उठाया कि क्या घर की छत इतनी भारी SUV का वजन सहने के लिए तैयार है।

In Short
- बिहार के एक परिवार ने क्रेन की मदद से स्कॉर्पियो क्लासिक को घर की छत पर पार्क किया.
- आनंद महिंद्रा को पार्किंग का यह समाधान मज़ेदार लगा, लेकिन उन्हें सुरक्षा की चिंता भी है.
- महिंद्रा ने चेतावनी दी है कि SUV की छत शायद गाड़ी का भारी वज़न न संभाल पाए.
बिहार के गोपालगंज से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। वीडियो में एक नई स्कॉर्पियो क्लासिक SUV को क्रेन की मदद से एक दो मंजिला घर की छत पर चढ़ाते हुए देखा जा सकता है। गाड़ी को इस तरह छत पर पहुंचाने का तरीका लोगों के लिए हैरानी भरा था और देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया।
मालिक इजराइल में थे, परिवार ने निकाला अनोखा रास्ता
जानकारी के मुताबिक, गोपालगंज के रहने वाले मनोज यादव ने नई स्कॉर्पियो क्लासिक खरीदी थी। लेकिन उस समय वह काम के सिलसिले में इजराइल में मौजूद थे। घर पर SUV को चलाने वाला कोई नहीं था। ऐसे में परिवार ने गाड़ी को सुरक्षित रखने के लिए एक अलग तरीका अपनाने का फैसला किया।
परिवार ने क्रेन की मदद से लाखों रुपये की इस SUV को घर की छत पर पहुंचा दिया। इस घटना को देखने के लिए आसपास के लोग भी जुट गए और किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
आनंद महिंद्रा ने पोस्ट कर कही यह बात
बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा तक भी यह वायरल वीडियो पहुंचा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मज़ाकिया अंदाज़ में लिखा कि इसे कहते हैं पार्किंग को अगले लेवल पर ले जाना।
महिंद्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जब गोपालगंज के मनोज यादव, जो इजराइल में काम करते हैं, अपनी नई स्कॉर्पियो क्लासिक को चलाने के लिए उपलब्ध नहीं थे, तो उनके परिवार ने शायद यह तय किया कि उनके दो मंजिला घर की छत ही पार्किंग के लिए सबसे सुरक्षित जगह है।
SUV के लिए तारीफ लेकिन छत की मजबूती पर सवाल
आनंद महिंद्रा ने स्कॉर्पियो की क्षमता पर हल्के-फुल्के अंदाज में बात करते हुए कहा कि यह गाड़ी मुश्किल रास्तों के लिए जानी जाती है। हालांकि, उन्होंने छत पर इतनी भारी SUV खड़ी करने को लेकर गंभीर चिंता भी जताई।
उन्होंने कहा कि गाड़ी के प्रति लगाव और इस सोच के लिए पूरे नंबर दिए जा सकते हैं, लेकिन यह सवाल जरूर है कि क्या घर की छत इतनी भारी गाड़ी का वजन सहने के लिए बनाई गई थी।
लोगों को दी ऐसी पार्किंग न करने की सलाह
महिंद्रा ने अपनी पोस्ट के आखिर में लोगों को सावधान भी किया। उन्होंने साफ कहा कि लोग इस तरह की पार्किंग को अपने घर में आजमाने की कोशिश न करें।
आनंद महिंद्रा की प्रतिक्रिया ने इस वायरल वीडियो को सिर्फ एक मजेदार घटना तक सीमित नहीं रखा, बल्कि घर की संरचना, सुरक्षा और भारी वाहनों को लेकर जरूरी सवाल भी खड़े कर दिए।

