7UP के स्वाद में 15 साल बाद बड़ा बदलाव: लाइम फ्लेवर होगा ज्यादा मजबूत, जेन जी की पसंद बनी वजह
7UP ने अपने स्वाद में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। 15 साल बाद बदली गई रेसिपी में लाइम फ्लेवर को ज्यादा अहमियत दी जाएगी। कंपनी ने यह कदम नई पीढ़ी की पसंद और बढ़ते मुकाबले को देखते हुए उठाया है। जानिए नए स्वाद से जुड़ी पूरी कहानी।

In Short
- 7UP ने 15 साल बाद अपनी रेसिपी में किया बड़ा बदलाव
- नए स्वाद में नींबू कम और लाइम फ्लेवर को मिलेगी ज्यादा जगह
- जेन ज़ी की पसंद और बढ़ते बाजार मुकाबले को देखते हुए लिया गया फैसला
अगर अगली बार आपको 7UP पीने पर इसमें लाइम का स्वाद थोड़ा ज्यादा महसूस हो तो हैरान मत होना। करीब 100 साल पुराने इस सॉफ्ट ड्रिंक ब्रांड ने 15 साल बाद अपनी रेसिपी में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने नींबू के स्वाद को थोड़ा कम करके लाइम के फ्लेवर को ज्यादा उभारा है। इस बदलाव के पीछे युवा ग्राहकों की पसंद को बड़ी वजह माना जा रहा है। अब कंपनी इस नई रेसिपी के साथ बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
जेन ज़ी और नई पीढ़ी की पसंद पर कंपनी की नजर
7UP की मालिक कंपनी केयूरिग डॉ. पेपर ने बताया कि उसकी रिसर्च में सामने आया कि जेन ज़ी और जेन अल्फा के 72% ड्रिंकर्स को लाइम जैसे साइट्रस फ्लेवर ज्यादा पसंद हैं। कंपनी के चीफ मार्केटिंग और इनोवेशन ऑफिसर ड्रू पनायियोटू ने कहा कि लाइम स्वाद को आगे लाना एक सुधार है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पुराना स्वाद खराब था।
नई रेसिपी तैयार करने में लगे दो साल
7UP की नई रेसिपी को तैयार करने में कंपनी को दो साल लगे हैं। कंपनी का कहना है कि उसका लक्ष्य पुराने ग्राहकों को जोड़े रखना और साथ ही नई पीढ़ी को भी ब्रांड से जोड़ना है। यह बदलाव सिर्फ सामान्य 7UP तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चेरी 7UP और नए जीरो शुगर वर्जन में भी यही स्वाद इस्तेमाल किया जाएगा, जो अगस्त के मध्य में लॉन्च होंगे।
पैकेजिंग में भी किया गया बदलाव
स्वाद के साथ-साथ 7UP की पैकेजिंग भी बदली जा रही है। नए पैक पर “लाइम लेमन” शब्द को ज्यादा प्रमुखता दी जाएगी। इसके अलावा ब्रांड का नया वर्टिकल लोगो भी दिखाई देगा। अमेरिका में आने वाले हफ्तों में नए पैक बाजार में पहुंचने शुरू हो जाएंगे।
स्प्राइट से मुकाबला बढ़ाने की तैयारी
7UP का यह बदलाव ऐसे समय में आया है जब अमेरिका के 5 अरब डॉलर के लेमन-लाइम सोडा बाजार में मुकाबला काफी बढ़ गया है। कोका-कोला की स्प्राइट ने 2025 की बिक्री में 9% हिस्सेदारी के साथ बढ़त बनाई हुई है, जबकि 7UP की हिस्सेदारी 1.2% है। इसके अलावा पेप्सिको की स्टार्री और पॉप्पी, ओलिपॉप व जेविया जैसे ब्रांड भी ग्राहकों को आकर्षित करने में लगे हैं।
पुराने स्वाद को बदलने का जोखिम भी है
किसी पुराने ब्रांड के स्वाद में बदलाव करना आसान फैसला नहीं होता, क्योंकि कई ग्राहक लंबे समय से उसी स्वाद के साथ जुड़े होते हैं। 7UP के लिए भी चुनौती यही है कि नया स्वाद लाने के साथ पुराने ग्राहकों की पसंद को भी बनाए रखा जाए। कंपनी का मानना है कि बदलाव नहीं करने से ब्रांड की रफ्तार कम हो सकती है और बिक्री पर असर पड़ सकता है।

