scorecardresearch

WhatsApp पर जल्द देना पड़ सकता है Date of Birth, भारत में नए डिजिटल नियमों के तहत कंपनी कर रही है टेस्टिंग

ब्लूमबर्ग के रिपोर्ट के मुताबिक व्हाट्सएप ने कहा कि यह कदम भारत में आने वाले नए डिजिटल नियमों के अनुरूप उम्र की पुष्टि करने के लिए उठाया जा रहा है। हालांकि, फिलहाल यह केवल एक टेस्ट फीचर है और इसे सभी यूजर्स के लिए अनिवार्य नहीं बनाया गया है।

Advertisement
WhatsApp पर अब बतानी पड़ सकती है जन्मतिथि!
WhatsApp पर अब बतानी पड़ सकती है जन्मतिथि!

In Short

  • WhatsApp भारत में यूजर्स से DoB पूछने वाला नया फीचर टेस्ट कर रहा है।
  • यह टेस्ट DPDP Act के तहत 18 साल से कम उम्र के यूजर्स की पहचान से जुड़ा है।
  • फिलहाल उम्र बताना जरूरी नहीं है और यह जानकारी दूसरे WhatsApp यूजर्स को नहीं दिखेगी।

मेटा के स्वामित्व वाला मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp भारत में एक नए फीचर की टेस्टिंग कर रहा है, जिसके तहत यूजर्स अपनी जन्मतिथि (Date of Birth) जोड़ सकेंगे। ब्लूमबर्ग के रिपोर्ट के मुताबिक व्हाट्सएप ने कहा कि यह कदम भारत में आने वाले नए डिजिटल नियमों के अनुरूप उम्र की पुष्टि करने के लिए उठाया जा रहा है। हालांकि, फिलहाल यह केवल एक टेस्ट फीचर है और इसे सभी यूजर्स के लिए अनिवार्य नहीं बनाया गया है।

advertisement

क्यों ला रहा है WhatsApp यह फीचर?

हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल स्क्रीनशॉट्स में कुछ यूजर्स को ऐप पर एक मैसेज दिखाई दिया, जिसमें लिखा था, "अपनी जन्मतिथि जोड़ें। भारत में आने वाले कानूनों के तहत हमें आपकी उम्र पूछनी होगी।"

WhatsApp के प्रवक्ता ने कहा कि Digital Personal Data Protection (DPDP) Act जैसे आगामी कानूनों का पालन करने के लिए कंपनी ऐसे तरीके आजमा रही है, जिनसे यूजर्स की प्राइवेसी बनाए रखते हुए उनकी उम्र की पुष्टि की जा सके।

DPDP Act में बच्चों के पर्सनल डेटा के वर्जन से जुड़ा प्रावधान है, जिसके तहत यह सुनिश्चित करने के लिए ऐज वेरिफिकेशन की आवश्यकता हो सकती है कि कोई यूजर 18 वर्ष से कम उम्र का है या नहीं।

यूजर्स के एक्सपीरियंस पर नहीं पड़ेगा असर

WhatsApp ने स्पष्ट किया कि यह फिलहाल एक वैकल्पिक (Optional) टेस्ट है। यूजर्स को ऐप इस्तेमाल जारी रखने के लिए अपनी उम्र या जन्मतिथि बताना जरूरी नहीं होगा।

कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, "इससे WhatsApp के इस्तेमाल के तरीके या यूजर एक्सपीरियंस में कोई बदलाव नहीं होगा। हम समझते हैं कि किसी व्यक्ति की उम्र निजी जानकारी है और इसे अन्य WhatsApp यूजर्स के साथ शेयर नहीं किया जाएगा।"

सरकार के साथ बढ़ी है निगरानी

भारत WhatsApp का सबसे बड़ा बाजार है, जहां प्लेटफॉर्म के 60 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं। ऐसे समय में यह टेस्ट शुरू हुआ है जब Meta और भारत सरकार के बीच कई डिजिटल मुद्दों पर बातचीत और निगरानी बढ़ी हुई है।

हाल ही में Meta ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक Facebook पोस्ट को अस्थायी रूप से सीमित करने के मामले में सरकार से माफी मांगी थी। वहीं, केंद्र सरकार ने WhatsApp से उसके नए Username फीचर की लॉन्चिंग भी फिलहाल टालने को कहा है।

सरकार को आशंका है कि इस फीचर का दुरुपयोग पहचान छिपाकर प्रतिरूपण (Impersonation) और तथाकथित "डिजिटल अरेस्ट" जैसे साइबर अपराधों में हो सकता है।