scorecardresearch

15 साल बाद एप्पल की कमान छोड़ेंगे Tim Cook, जानें कौन बनेगा नया CEO

टिम कुक का Apple CEO के तौर पर 15 साल से ज्यादा लंबा कार्यकाल खत्म होने वाला है। 1 सितंबर 2026 से जॉन टर्नस कंपनी की कमान संभालेंगे। कुक के दौर में Apple का मार्केट कैप 350 अरब डॉलर से बढ़कर 4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचा और रेवेन्यू भी कई गुना बढ़ा।

Advertisement

In Short

  • टिम कुक 24 अगस्त 2011 को Apple के CEO बने थे
  • 1 सितंबर 2026 से जॉन टर्नस Apple के नए CEO होंगे
  • CEO पद छोड़ने के बाद टिम कुक एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे

टेक इंडस्ट्री में Tim Cook का Apple CEO के तौर पर सफर एक बड़े लीडरशिप बदलाव की कहानी रहा है। Steve Jobs के बाद इतनी बड़ी कंपनी की कमान संभालना आसान नहीं था, लेकिन Cook पहले से ही Apple के ऑपरेशन और रोजमर्रा के कामकाज से गहराई से जुड़े हुए थे। CEO बनने से पहले उन्होंने कंपनी में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली थीं।

advertisement

कब बने थे Apple के CEO?

Tim Cook को 24 अगस्त 2011 को Apple का CEO बनाया गया था। उस समय Steve Jobs ने CEO पद से इस्तीफा देकर कंपनी के बोर्ड चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाली थी।

इसके करीब छह हफ्ते बाद 5 अक्टूबर 2011 को Steve Jobs का निधन हो गया। इसके बाद Cook पूरी तरह Apple की कमान संभालने वाले मुख्य लीडर बन गए।

CEO बनने से पहले क्या थी जिम्मेदारी?

Cook मार्च 1998 में Apple से जुड़े थे। शुरुआत में उन्हें वर्ल्डवाइड ऑपरेशन के लिए सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया था। इसके बाद उन्होंने वर्ल्डवाइड सेल्स और ऑपरेशन की जिम्मेदारी भी संभाली।

2007 में उन्हें ऑपरेशन का प्रमुख बनाया गया और बाद में वह चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर यानी COO बने। 2011 में Steve Jobs के मेडिकल लीव पर रहने के दौरान भी Cook Apple के ज्यादातर रोजमर्रा के कारोबार को संभाल रहे थे।

15 साल में कितना बदला Apple?

Tim Cook Apple CEO के रूप में 15 साल से ज्यादा का समय पूरा करने जा रहे हैं। Apple ने अप्रैल 2026 में घोषणा की थी कि Cook 1 सितंबर 2026 को CEO पद से हट जाएंगे। उनकी जगह Apple के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ऑफ हार्डवेयर इंजीनियरिंग John Ternus कंपनी के नए CEO बनेंगे।

Cook के नेतृत्व के दौरान Apple का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 350 अरब डॉलर से बढ़कर 4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया। यह 1,000 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी है।

कंपनी का सालाना रेवेन्यू भी वित्त वर्ष 2011 में 108 अरब डॉलर से बढ़कर वित्त वर्ष 2025 में 416 अरब डॉलर से ज्यादा हो गया।

CEO पद छोड़ने के बाद क्या करेंगे Tim Cook?

CEO पद से हटने के बाद भी Tim Cook Apple से जुड़े रहेंगे। वह कंपनी के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे। 1 सितंबर 2026 से John Ternus CEO पद संभालेंगे, जबकि Cook बोर्ड के साथ काम करते हुए कंपनी के अगले दौर में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।

Apple के लिए यह बदलाव Tim Cook के 15 साल से ज्यादा लंबे CEO कार्यकाल के अंत और John Ternus के नेतृत्व में एक नए अध्याय की शुरुआत होगा।

advertisement