चिप की कमी से भारत में स्मार्टफोन बिक्री गिरी, 5 साल की सबसे खराब तिमाही; iPhone 17 फिर भी सबसे आगे
चिप और कंपोनेंट की बढ़ती कीमतों ने भारतीय स्मार्टफोन बाजार पर दबाव बढ़ा दिया है। 2026 की दूसरी तिमाही में शिपमेंट में बड़ी गिरावट दर्ज हुई, जबकि फोन की औसत कीमत रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। इस बीच Apple और Samsung जैसे बड़े ब्रांड्स ने बाजार में अपनी पकड़ बनाए रखी।

चिप की कमी का असर भारतीय स्मार्टफोन मार्केट पर पड़ रहा है। बढ़ती कीमतों के कारण फोन बनाने वाली कंपनियों के लिए लागत को कंट्रोल में रखना मुश्किल हो रहा है, जिससे बिक्री पर बुरा असर पड़ रहा है।
हालात इतने खराब हैं कि भारतीय मार्केट में स्मार्टफोन शिपमेंट के मामले में पिछले पांच सालों में सबसे खराब तिमाही रही है। इस गिरावट के बावजूद, iPhone 17 सबसे ज्यादा शिप होने वाला स्मार्टफोन बना हुआ है।
IDC(International Data Corporation) के वर्ल्डवाइड क्वार्टरली मोबाइल फोन ट्रैकर के अनुसार, 2026 की अप्रैल-जून तिमाही में भारत में स्मार्टफोन शिपमेंट सालाना आधार पर 11.1% घटकर 33.2 मिलियन यूनिट रह गया। वहीं, पहली दो तिमाहियों को मिलाकर शिपमेंट 64.2 मिलियन रहा- जो 7.9% की गिरावट है और यह पिछले पांच सालों में सबसे निचला स्तर है.
IDC की सीनियर रिसर्च मैनेजर उपासना जोशी ने कहा कि डिमांड खत्म नहीं हुई है, लोग बस खरीदने के लिए ज्यादा इंतजार कर रहे हैं, और जो लोग अपग्रेड करने की सोच रहे हैं, वे कीमतें और बढ़ने से पहले जल्द ही ऐसा कर सकते हैं।
iPhone 17 सबसे ज्यादा शिप होने वाला डिवाइस
रिपोर्ट में कहा गया है कि मार्केट में दबाव हर जगह एक जैसा नहीं है। 2026 की दूसरी तिमाही (Q2) में औसत बिक्री कीमत सालाना आधार पर 14.4% बढ़कर रिकॉर्ड $315 (लगभग 30,000 रुपये) हो गई, जबकि वेंडर्स ने मार्जिन बचाने के लिए डिस्काउंट कम कर दिए।
सिकुड़ते मार्केट में Apple और Samsung उन कुछ ब्रांड्स में से थे जिन्होंने अपने शिपमेंट को लगभग स्थिर बनाए रखा। iPhone 15, 16 और 17 की सप्लाई में कमी की वजह से एप्पल को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, हालांकि 2026 की पहली और दूसरी तिमाही (Q1 और Q2) में iPhone 17 सबसे ज्यादा शिप होने वाला डिवाइस था। भारतीय बाजार में Apple 8.5 प्रतिशत मार्केट शेयर के साथ छठे स्थान पर है।
Vivo मार्केट लीडर, Samsung दूसरे नंबर पर
साल-दर-साल मार्केट शेयर 19 प्रतिशत से घटकर 18.4 प्रतिशत होने के बावजूद Vivo भारत में मार्केट लीडर बना रहा। Samsung की शिपमेंट में मामूली बढ़ोतरी हुई और वह 14.5 प्रतिशत से बढ़कर 16.4 प्रतिशत शेयर के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
Oppo 13.8 प्रतिशत शेयर के साथ तीसरे स्थान पर रहा, जबकि Xiaomi 9.7 प्रतिशत के साथ चौथे और Realme 9.3 प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
अन्य ब्रांड्स में, iQOO की शिपमेंट में सबसे बड़ी गिरावट (61 प्रतिशत) देखी गई, जबकि Poco की शिपमेंट में 12.3 प्रतिशत की कमी आई।
रिपोर्ट के अनुसार, चीनी ब्रांड्स पर ज्यादा असर पड़ा क्योंकि लो-एंड और मास-बजट सेगमेंट में उनकी मजबूत मौजूदगी है, जहां मेमोरी और कंपोनेंट की ज्यादा लागत ने स्थिति को काफी मुश्किल बना दिया है.
वहीं, Samsung को अपने विविध पोर्टफोलियो और बड़े पैमाने (स्केल) का फायदा मिला, जिससे उसे वॉल्यूम या मार्जिन से समझौता किए बिना बढ़ती लागत को संभालने में मदद मिली. यूनिट शिपमेंट के मामले में टॉप पांच में जगह न बना पाने के बावजूद, Apple 27.0 प्रतिशत शेयर के साथ वैल्यू के मामले में बाज़ार में सबसे आगे रहा, जो साल-दर-साल 22.2 प्रतिशत ज़्यादा है.
एंट्री-लेवल स्मार्टफोन पर सबसे ज्यादा असर, 4G फोन की शिपमेंट बढ़ी
$100 (लगभग 9,500 रुपये) से कम कीमत वाले सेगमेंट में शिपमेंट 2026 की दूसरी तिमाही (Q2) में साल-दर-साल 74.3 प्रतिशत गिर गई, और इस सेगमेंट का शेयर 15.6 प्रतिशत से घटकर 4.5 प्रतिशत रह गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस कैटेगरी में मुनाफा बनाए रखना मुश्किल हो गया है, जिससे कम नए मॉडल लॉन्च हो रहे हैं और चैनल सपोर्ट भी कमजोर हुआ है।
साथ ही, महंगे एंट्री-लेवल 5G डिवाइस के जवाब में ब्रांड्स ने 4G मॉडल को फिर से पेश किया या उनकी बिक्री जारी रखी, जिससे 4G का मार्केट शेयर बढ़कर 11.1 प्रतिशत हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, जब यह स्टॉक खत्म हो जाएगा, तो खरीदारों के पास महंगे 5G मॉडल खरीदने के अलावा कोई खास ऑप्शन नहीं बचेगा.
$100-200 (लगभग ₹9,500 से ₹19,000) वाला सेगमेंट 46.8 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ बाजार का सबसे बड़ा सेगमेंट बना रहा और इसमें कोई खास बदलाव नहीं हुआ। यह कीमत को लेकर सतर्क रहने वाले खरीदारों के लिए पसंदीदा सेगमेंट बन गया। कई खरीदारों ने महंगे स्मार्टफोन की ओर भी रुख किया; $400-600 (लगभग ₹38,000 से ₹57,000) वाले बैंड में साल-दर-साल 60.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और इसकी हिस्सेदारी 4.8 प्रतिशत से बढ़कर 8.6 प्रतिशत हो गई।

