
न स्क्रीन न नोटिफिकेशन! Google का Fitbit Air भारत में लॉन्च, ऐसे रखेगा आपकी हेल्थ पर नजर
स्मार्टवॉच के नोटिफिकेशन से परेशान हैं, लेकिन हेल्थ और फिटनेस ट्रैक करना चाहते हैं? Google ने भारत में Fitbit Air लॉन्च किया है, जिसमें स्क्रीन ही नहीं है। छोटा सा यह डिवाइस दिन-रात आपकी हेल्थ पर नजर रखेगा। जानिए इसकी कीमत, फीचर्स और बिक्री कब से शुरू होगी।

In Short
- Google ने भारत में 13,999 रुपये की कीमत पर Fitbit Air लॉन्च किया।
- Fitbit Air में 24/7 हार्ट रेट, SpO2, AFib अलर्ट और स्लीप ट्रैकिंग जैसे फीचर्स मिलेंगे।
- Fitbit Air की बिक्री भारत में 2 अक्टूबर से Google Store और रिटेल पार्टनर्स के जरिए शुरू होगी।
गूगल ने भारत में अपना नया Fitbit Air लॉन्च कर दिया है। यह एक स्क्रीनलेस फिटनेस ट्रैकर है, जिसे खासतौर पर उन लोगों के लिए लाया गया है जो स्मार्टवॉच के लगातार आने वाले नोटिफिकेशन और दूसरे डिस्ट्रैक्शन के बिना अपनी हेल्थ और फिटनेस को ट्रैक करना चाहते हैं। इसकी कीमत 13,999 रुपये रखी गई है।
Fitbit Air को दिन-रात कलाई पर पहनकर रखा जा सकता है। यह लगातार हेल्थ और फिटनेस से जुड़ा डेटा इकट्ठा करता है और इसकी पूरी जानकारी फोन में मौजूद Google Health ऐप पर देखी जा सकती है।
Fitbit Air की भारत में कीमत
Fitbit Air की बिक्री भारत में 2 अक्टूबर से शुरू होगी। इसे Google Store और रिटेल पार्टनर्स के जरिए 13,999 रुपये में खरीदा जा सकेगा।
यह डिवाइस Obsidian, Berry, Lavender और Fog कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा। इसके साथ तीन महीने का Google Health Premium ट्रायल भी दिया जाएगा।
स्क्रीन नहीं फिर भी कई हेल्थ फीचर्स
Fitbit Air गूगल का अब तक का सबसे छोटा ट्रैकर है। इसमें हेल्थ से जुड़े अलग-अलग मेट्रिक्स को मॉनिटर करने के लिए हाई-फिडेलिटी सेंसर्स दिए गए हैं।
यह 24 घंटे हार्ट रेट ट्रैकिंग कर सकता है। इसके अलावा हार्ट रिदम मॉनिटरिंग के साथ AFib अलर्ट, SpO2, रेस्टिंग हार्ट रेट और हार्ट रेट वेरिएबिलिटी जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
Fitbit Air नींद से जुड़ी जानकारी भी रिकॉर्ड करता है। इसमें स्लीप स्टेज और स्लीप ड्यूरेशन को ट्रैक करने की सुविधा दी गई है। स्क्रीन नहीं होने की वजह से यूजर को कलाई पर नोटिफिकेशन नहीं मिलेंगे। हेल्थ से जुड़ी जानकारी Google Health ऐप में देखी जा सकेगी।

एक हफ्ते तक की बैटरी लाइफ
गूगल का दावा है कि Fitbit Air एक बार चार्ज करने पर एक हफ्ते तक की बैटरी लाइफ दे सकता है। इसमें फास्ट चार्जिंग भी मिलती है। कंपनी के मुताबिक, सिर्फ पांच मिनट चार्ज करने पर डिवाइस को एक दिन तक इस्तेमाल किया जा सकता है।
वर्कआउट के दौरान यह सामान्य एक्टिविटीज को अपने आप पहचान सकता है और बाद में Google Health ऐप पर उसका रिकैप भेजता है। यूजर ऐप से वर्कआउट शुरू करने के साथ एक्टिविटी को मैन्युअली भी लॉग कर सकते हैं।
Google Health Coach का मिलेगा फायदा
Fitbit Air के साथ Google Health Coach का एक्सेस भी मिलेगा। यह यूजर के पर्सनल डेटा और गोल के आधार पर गाइडेंस देता है।
यूजर जिम में कार्डियो इक्विपमेंट या व्हाइटबोर्ड पर लिखे सर्किट ट्रेनिंग रूटीन की तस्वीर लेकर भी Health Coach से गाइडेंस ले सकते हैं।
Fitbit Air के स्टैंडर्ड Performance Loop बैंड में रिसाइकल्ड मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा Active Loop और Elevated Modern Band के विकल्प भी मिलेंगे।

