Apple के महंगे डिवाइस खरीदने वालों को मिल सकती है राहत, जानिए नई तैयारी में क्या है खास
Apple डिवाइस खरीदना जल्द पहले से आसान हो सकता है। कंपनी एक ऐसे नए फाइनेंसिंग प्रोग्राम की तैयारी में है, जिसमें कम मंथली पेमेंट के साथ पुराने डिवाइस को बीच में ही बदलकर नया मॉडल लेने का ऑप्शन मिल सकता है।

In Short
- Apple और Klarna मिलकर नया अपग्रेड प्रोग्राम ला सकते हैं।
- आईफोन मैक और आईपैड छोटे मंथली पेमेंट पर मिल सकेंगे।
- पेमेंट पूरा होने से पहले नया मॉडल लेने का मिल सकता है ऑप्शन।
Apple Upgrade: Apple के महंगे डिवाइस खरीदने की सोच रहे ग्राहकों को जल्द एक नया ऑप्शन मिल सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी Klarna के साथ मिलकर ‘Apple Upgrade’ नाम का नया फाइनेंसिंग प्रोग्राम शुरू करने की तैयारी कर रही है।
इस प्रोग्राम के जरिए ग्राहक आईफोन, आईपैड, मैक और Apple वॉच जैसे डिवाइस की पूरी कीमत एक साथ चुकाने के बजाय छोटे मंथली पेमेंट पर उन्हें ले सकेंगे। खास बात यह है कि पेमेंट का पूरा समय खत्म होने से पहले भी पुराने डिवाइस को बदलकर नए मॉडल पर अपग्रेड करने का ऑप्शन मिल सकता है।
क्या है Apple अपग्रेड प्रोग्राम?
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, Apple अपग्रेड प्रोग्राम के तहत ग्राहक अपनी पसंद के Apple डिवाइस को लंबे समय के लिए फाइनेंस करा सकेंगे आईफोन और Apple वॉच के लिए फाइनेंसिंग का समय 24 महीने से ज्यादा हो सकता है। वहीं, आईपैड और मैक के लिए यह समय 36 महीने से ज्यादा रखा जा सकता है।
ये खबर पढ़ना न भूलें: UPI पेमेंट का बदल सकता है तरीका, जानें फोन टैप करते ही कैसे पूरा होगा ट्रांजैक्शन?
इसका मतलब है कि ग्राहकों को डिवाइस की पूरी कीमत एक साथ नहीं देनी होगी। वे तय समय तक हर महीने छोटी रकम चुकाकर डिवाइस इस्तेमाल कर सकेंगे। लेकिन अगर कोई ग्राहक बीच में ही पूरा पेमेंट करना चाहे, तो उसके पास क्या ऑप्शन होगा?
समय से पहले भी चुका सकेंगे पूरा बैलेंस
अगर कोई ग्राहक फाइनेंसिंग का समय खत्म होने से पहले डिवाइस का पूरा मालिक बनना चाहता है, तो वह बाकी बची रकम एक साथ चुका सकेगा इसके अलावा, ग्राहक मौजूदा फाइनेंस किए गए डिवाइस को ट्रेड-इन करके नया मॉडल भी ले सकेंगे। इसके लिए पुराने प्लान का समय पूरा होने का इंतजार नहीं करना होगा।
पुराना डिवाइस देने के बाद ग्राहक नए मॉडल के लिए नया फाइनेंसिंग प्लान शुरू कर सकेंगे। वहीं, पूरा पेमेंट होने के बाद भी उनके पास एक से ज्यादा ऑप्शन रह सकते हैं।
पेमेंट पूरा होने के बाद क्या होगा?
पूरा पेमेंट करने के बाद ग्राहक डिवाइस को अपने पास रख सकेंगे। इसके अलावा, उन्हें डिवाइस Apple को वापस करने का ऑप्शन भी मिल सकता है इस पूरे प्रोग्राम को Klarna मैनेज कर सकती है। Klarna ‘बाय नाउ पे लेटर’ जैसी सर्विस देती है। इसमें ग्राहक कोई सामान पहले खरीदते हैं और उसकी रकम बाद में किस्तों में चुकाते हैं।
प्रोग्राम में शामिल होने के लिए ग्राहकों का सॉफ्ट क्रेडिट चेक किया जा सकता है। वहीं, पेमेंट में देरी या फाइनेंसिंग से जुड़ी दूसरी शर्तों के आधार पर एक्स्ट्रा फीस भी लग सकती है।
पुराने आईफोन अपग्रेड प्रोग्राम का क्या होगा?
नया Apple Upgradeप्रोग्राम लॉन्च होने के बाद कंपनी अपने मौजूदा आईफोन अपग्रेड प्रोग्राम में नए ग्राहकों को शामिल करना बंद कर सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, Apple अलग-अलग डिवाइस के लिए अलग प्लान रखने के बजाय एक सिंगल और आसान फाइनेंसिंग प्रोग्राम बनाना चाहता है। इसमें आईफोन के साथ आईपैड, मैक और Apple वॉच भी शामिल होंगे।
कंपनी इस प्रोग्राम को कम मंथली पेमेंट वाले ऑप्शन के तौर पर पेश कर सकती है। यह सैमसंग के गैलेक्सी फॉरएवर प्रोग्राम जैसा हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple इसे अगले हफ्ते अमेरिका में लॉन्च कर सकता है।

