PC Jeweller ने समय से पहले चुकाया एक और बैंक का कर्ज, 14 में से 5 बैंकों का लोन पूरी तरह खत्म - रडार पर शेयर
कंपनी ने बताया कि वह चालू तिमाही में पूरी तरह कर्ज मुक्त बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है। इसी क्रम में कंपनी ने अब 30 सितंबर 2024 के सेटलमेंट एग्रीमेंट के तहत एक और बैंक का पूरा बकाया कर्ज चुका दिया है।

बुधवार को शेयर बाजार में जारी गिरावट के बीच पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller Ltd) ने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में निवेशकों को बड़ी जानकारी दी है।
कंपनी ने बताया कि वह चालू तिमाही में पूरी तरह कर्ज मुक्त बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है। इसी क्रम में कंपनी ने अब 30 सितंबर 2024 के सेटलमेंट एग्रीमेंट के तहत एक और बैंक का पूरा बकाया कर्ज चुका दिया है। इसके साथ ही कंपनी अब तक 14 बैंकों के कंसोर्टियम में शामिल 5 बैंकों का पूरा कर्ज समय से पहले चुका चुकी है। यानी इन सभी 5 बैंकों का बकाया तय समयसीमा से पहले ही पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।
PC Jeweller Share Price
कंपनी का शेयर सुबह 10:35 बजे तक एनएसई पर 1.59% या 0.16 रुपये गिरकर 9.92 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 1.39% या 0.14 रुपये टूटकर 9.92 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
कंपनी ने दी ये बड़ी जानकारी
हाल ही में कंपनी ने अपने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया था कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 16 जुलाई 2026 की बैठक में कई अहम फैसलों को मंजूरी दी। कंपनी ने अपनी अधिकृत शेयर पूंजी (Authorised Share Capital) को 1,310 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1,460 करोड़ रुपये करने का फैसला किया है।
इसके तहत 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 150 करोड़ नए इक्विटी शेयर बनाए जाएंगे। मौजूदा शेयर पूंजी 1,050 करोड़ इक्विटी शेयर और 26 करोड़ प्रेफरेंस शेयर की है, जिसे बढ़ाकर 1,200 करोड़ इक्विटी शेयर और 26 करोड़ प्रेफरेंस शेयर किया जाएगा। इसके लिए कंपनी के मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन (MoA) में भी बदलाव होगा। हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों और जरूरी नियामकीय मंजूरियां अभी मिलनी बाकी हैं।
QIP को मिली हरी झंडी
इसके अलावा, कंपनी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए 1,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की भी मंजूरी दी है। यह फंड एक या एक से अधिक चरणों में इक्विटी शेयर या अन्य पात्र सिक्योरिटीज जारी करके जुटाया जाएगा। QIP की पूरी प्रक्रिया, जैसे आकार, समय, कीमत और अन्य शर्तें तय करने के लिए बोर्ड ने एक QIP समिति भी गठित की है।
इन दोनों प्रस्तावों- अधिकृत शेयर पूंजी बढ़ाने और QIP के जरिए फंड जुटाने पर शेयरधारकों की मंजूरी पोस्टल बैलेट के माध्यम से ली जाएगी।

