BHEL से मिला 4 करोड़ रुपये का नया प्रोजेक्ट, इस लॉजिस्टिक्स कंपनी के शेयर में दिखी तेजी
टाइगर लॉजिस्टिक्स को BHEL से एक नया लॉजिस्टिक्स प्रोजेक्ट मिला है, जिसके तहत विदेश से भारी-भरकम औद्योगिक उपकरण भारत लाए जाएंगे। इस ऑर्डर से कंपनी और BHEL के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी और मजबूत हुई है।

लॉजिस्टिक्स सर्विस देने वाली स्मॉल कैप कंपनी, टाइगर लॉजिस्टिक्स (इंडिया) लिमिटेड (Tiger Logistics (India) Ltd)) का शेयर आज निवेशकों के रडार पर है। कंपनी ने बीते गुरुवार को बाजार बंद होने के बाद अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया था कि कंपनी को Bharat Heavy Electricals Limited (BHEL) से नया इम्पोर्ट ब्रेक-बल्क लॉजिस्टिक्स प्रोजेक्ट मिला है।
इस प्रोजेक्ट के तहत इटली से भारत तक 13 ओवर-डायमेंशनल कार्गो (ODC) यूनिट्स लाई जाएंगी, जिनमें प्रत्येक का वजन 89 मीट्रिक टन है। इस ऑर्डर की कुल कीमत हैंडलिंग शुल्क सहित लगभग 4 करोड़ रुपये है।
कंपनी ने बताया कि यह प्रोजेक्ट टाइगर लॉजिस्टिक्स और BHEL के बीच लंबे समय से चले आ रहे सहयोग को और मजबूत करता है। कंपनी ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में BHEL द्वारा दिए गए कई प्रोजेक्ट्स पर वह अभी भी काम कर रही है, जबकि 28 मशीन कंपोनेंट्स की सफल डिलीवरी पहले ही तय समयसीमा और मानकों के अनुसार की जा चुकी है।
फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि टाइगर लॉजिस्टिक्स BHEL को कस्टम क्लियरेंस, वेयरहाउसिंग, ट्रांसपोर्टेशन, एयर फ्रेट, FCL/LCL शिपमेंट, ब्रेक-बल्क और भारी-भरकम ODC कार्गो मूवमेंट जैसी विशेष लॉजिस्टिक्स सेवाएं प्रदान करती रही है।
इस मौके पर टाइगर लॉजिस्टिक्स (इंडिया) लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हरप्रीत सिंह मल्होत्रा ने कहा कि बड़ी सरकारी कंपनियों (PSUs) के साथ कंपनी का लगातार जुड़ाव वर्षों से बनाए गए भरोसे और जटिल लॉजिस्टिक्स प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक पूरा करने का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स को सफल बनाने के लिए मजबूत योजना, खास तकनीकी विशेषज्ञता और अलग-अलग देशों व कंपनियों के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत होती है। कंपनी का लक्ष्य ग्राहकों को विश्वस्तरीय, भरोसेमंद और तेज लॉजिस्टिक्स सेवाएं देना है, जिससे उद्योगों को मजबूती मिले और देश के विकास में भी योगदान हो।
Tiger Logistics Share Price
कंपनी का शेयर आज सुबह 9:21 बजे तक बीएसई पर 2.99% या 1.05 रुपये चढ़कर 36.20 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 0.94% या 0.33 रुपये की तेजी के साथ 35.49 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

