जयपुर की फैशन कंपनी ने ते एक ही दिन में खोले 4 नए स्टोर, देशभर में ब्रांड बढ़ाने की तैयारी- फोकस में शेयर
कंपनी ने अपनी रिटेल विस्तार योजना के तहत एक ही दिन में चार नए स्टोर खोले हैं। दिल्ली, गुरुग्राम, जयपुर और जम्मू में हुई इस शुरुआत के पीछे कंपनी की क्या रणनीति है और आगे क्या लक्ष्य हैं? पढ़िए पूरी खबर।

NSE पर लिस्ट जयपुर की फैशन कंपनी, नंदनी क्रिएशन लिमिटेड (Nandani Creation Limited) ने आज निवेशकों को बड़ी जानकारी दी है। फिलहाल खबर लिखे जानें तक स्टॉक एनएसई पर 2.87% या 0.85 रुपये गिरकर 28.74 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
Jaipur Kurti ब्रांड के तहत महिलाओं के कपड़े बेचने वाली कंपनी ने आज अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसने जो अपने रिटेल स्टोर की संख्या 18 से बढ़ाकर 50 करने का लक्ष्य रखा था उसके तहत कंपनी ने सितंबर 2026 में ‘प्रोजेक्ट 50’ की शुरुआत की थी। अब इसी योजना के तहत कंपनी ने एक ही दिन में चार नए स्टोर खोले हैं।
ये स्टोर गुरुग्राम के डीटी मेगा मॉल, जम्मू, जयपुर के पैसिफिक मॉल और दिल्ली के राजौरी गार्डन में खोले गए हैं। कंपनी ने फाइलिंग में बताया कि प्रोजेक्ट 50 के तहत कंपनी केवल नए स्टोर खोलने पर ही ध्यान नहीं दे रही है, बल्कि अपने कारोबार को अधिक मजबूत और व्यवस्थित बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।
इसके लिए कंपनी प्रोडक्ट डेवलपमेंट, टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित बिजनेस एनालिसिस और इन्वेंट्री मैनेजमेंट पर ध्यान दे रही है। इसका उद्देश्य स्टॉक का बेहतर इस्तेमाल करना, कामकाज की लागत और दक्षता को बेहतर बनाना और कारोबार को लंबे समय तक टिकाऊ तरीके से बढ़ाना है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान हुई प्रगति का भी जिक्र किया है और आने वाले समय में जयपुर कुर्ती को देशभर में पहचान रखने वाला बड़ा महिला फैशन ब्रांड बनाने की योजना पेश की है।
नंदानी क्रिएशन लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर अनुज मुंद्रा ने कहा कि प्रोजेक्ट 50 अब योजना से आगे बढ़कर वास्तविक कामकाज के स्तर पर पहुंच रहा है। एक ही दिन में चार स्टोर खोलना कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य केवल स्टोर की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा कारोबार तैयार करना है जो अधिक ग्राहकों तक पहुंचे, बेहतर तरीके से संचालित हो और लंबे समय तक लगातार विकास कर सके।

