scorecardresearch

Jio Platforms IPO: जियो के मेगा आईपीओ पर दुनिया भर के निवेशकों की नजर, 20 अरब डॉलर से ज्यादा की मिलीं बोलियां

इस IPO में दुनिया की बड़ी निवेश कंपनियां पैसा लगाने की तैयारी में हैं। इनमें फिडेलिटी (Fidelity), एलियांज (Allianz) और कैपिटल ग्रुप (Capital Group) जैसे नाम शामिल हैं।

Advertisement

मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) के IPO को लेकर ग्लोबल निवेशकों में जबरदस्त दिलचस्पी देखने को मिल रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, जियो के प्रस्तावित IPO के लिए 20 अरब डॉलर से ज्यादा की बोलियां मिली हैं। अगर कंपनी की योजना के मुताबिक सब कुछ हुआ तो यह भारतीय शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा IPO बन सकता है।

advertisement

इस IPO में दुनिया की बड़ी निवेश कंपनियां पैसा लगाने की तैयारी में हैं। इनमें फिडेलिटी (Fidelity), एलियांज (Allianz) और कैपिटल ग्रुप (Capital Group) जैसे नाम शामिल हैं। इनके अलावा कई दूसरे विदेशी और घरेलू निवेशकों ने भी दिलचस्पी दिखाई है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के मुताबिक, अभी निवेशकों की अंतिम सूची तय नहीं हुई है।

एंकर निवेशकों पर जल्द होगा फैसला

जियो प्लेटफॉर्म्स अपने IPO के लिए एंकर निवेशकों की अंतिम सूची अगले कुछ दिनों में तय कर सकती है। हालांकि, बातचीत अभी जारी है और कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

इस मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज और फिडेलिटी ने टिप्पणी के अनुरोध का जवाब नहीं दिया। वहीं, एलियांज और कैपिटल ग्रुप ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

कितनी होगी जियो की वैल्यूएशन?

जियो प्लेटफॉर्म्स IPO के जरिए अपनी वैल्यूएशन 10.3 लाख करोड़ रुपये यानी करीब 108 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रख रही है। इससे पहले कंपनी की संभावित वैल्यूएशन को लेकर 170 अरब डॉलर तक के अनुमान सामने आए थे।

इस मेगा IPO की कमान मुकेश अंबानी के 34 वर्षीय बेटे और जियो प्लेटफॉर्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी संभाल रहे हैं। हाल के हफ्तों में उन्होंने हांगकांग, लंदन और न्यूयॉर्क में निवेशकों के साथ बैठकें की हैं।

इन बैठकों में निवेशकों ने कंपनी की वैल्यूएशन के साथ-साथ यह भी पूछा कि जियो अपनी डिजिटल सेवाओं और अलग-अलग प्लेटफॉर्म से कमाई कैसे बढ़ाएगी।

कब खुलेगा IPO, कितना पैसा जुटाएगी कंपनी?

जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO अगले हफ्ते खुलने की उम्मीद है। कंपनी 30 अक्टूबर से पहले शेयर बाजार में अपना पब्लिक इश्यू लाने की तैयारी में है।

प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर कंपनी करीब 30,200 करोड़ रुपये जुटा सकती है। यह रकम हुंडई मोटर इंडिया के 2024 में आए करीब 27,900 करोड़ रुपये के IPO से ज्यादा होगी।

खास बात यह है कि जियो के मौजूदा निवेशक मेटा, अल्फाबेट, मुबाडाला और सऊदी अरब का पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड इस IPO में अपनी हिस्सेदारी नहीं बेच रहे हैं। ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस के मुताबिक, यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू होगा और कंपनी नए शेयर जारी करके पूंजी जुटाएगी।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।