scorecardresearch

20,000 करोड़ रुपये के रेवेन्यू टारगेट का ऐलान! 20% उछला सिगरेट और FMCG प्रोडक्ट बनाने वाली इस कंपनी का शेयर

तंबाकू निर्यात और FMCG कारोबार से जुड़ी एलीटकॉन इंटरनेशनल के शेयर में जोरदार उछाल देखने को मिला है। कंपनी ने FY2030 तक 20,000 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का बड़ा लक्ष्य रखा है और FMCG सेक्टर में बड़े विस्तार की योजना पेश की है।

Advertisement
AI Generated Image (ChatGPT)

बुधवार को शेयर बाजार हलके उछाल के साथ बंद हुआ लेकिन इस बीच सिगरेट और तंबाकू प्रोडक्ट बनाने वाली और हाल ही में FMCG सेक्टर में एंट्री करने वाली कंपनी, एलीटकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड (Elitecon International Ltd) के शेयर में आज 20% की तेजी देखने को मिली। आज कंपनी का शेयर बीएसई पर 19.45% या 5.26 रुपये चढ़कर 32.31 रुपये पर बंद हुआ और एनएसई पर स्टॉक 19.18% या 5.18 रुपये की तेजी के साथ 32.19 रुपये पर बंद हुआ।

advertisement

इस वजह से आई तेजी?

स्टॉक में आज यह तेजी कंपनी द्वारा दी गई एक बड़ी जानकारी के बाद आई है। दरअसल कंपनी ने आज अपने फाइलिंग में बताया कि उसने वित्त वर्ष 2030 तक करीब 20,000 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का लक्ष्य तय किया है। कंपनी ने बताया कि उसकी विकास रणनीति दो प्रमुख क्षेत्रों पर आधारित होगी- अंतरराष्ट्रीय तंबाकू निर्यात कारोबार और FMCG सेक्टर में चरणबद्ध विस्तार।

FMCG कारोबार के तहत कंपनी पैकेज्ड फूड्स, स्नैक्स, खाद्य तेल और रोजमर्रा के घरेलू उत्पादों के बाजार में उतरने की योजना बना रही है। इसके लिए महाराष्ट्र के नासिक स्थित 40,000 वर्ग फुट से अधिक के मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उपयोग किया जाएगा और जरूरत के अनुसार क्षमता विस्तार भी किया जाएगा।

कंपनी के पास वर्तमान में अफ्रीका और मध्य-पूर्व के बाजारों से 119 मिलियन डॉलर से अधिक का तंबाकू एक्सपोर्ट ऑर्डर बुक है। इसमें दक्षिण अफ्रीका की Bozza Tobacco (PTY) Ltd के साथ करीब 202 करोड़ रुपये का दो वर्षीय निर्यात समझौता और मध्य-पूर्व के लिए 97.35 मिलियन डॉलर का एक बड़ा ऑर्डर शामिल है, जिस पर काम चल रहा है।

FMCG विस्तार योजना के तहत कंपनी करीब 700 करोड़ रुपये के निवेश का संकेत दे चुकी है। कंपनी का लक्ष्य समय के साथ 5,000 डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर्स, 5 लाख से अधिक रिटेल आउटलेट्स, 15 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय बाजारों और 10 उपभोक्ता ब्रांड्स के साथ 150 से अधिक उत्पाद (SKU) विकसित करना है।

कंपनी ने कहा कि नए प्रोडक्ट की लॉन्चिंग तभी की जाएगी जब मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई, पैकेजिंग, इन्वेंट्री, प्राइसिंग और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी हो जाएंगी।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।