पीएफ कर्मचारियों की मौज! जल्द ही यूपीआई के जरिए निकाल सकेंगे PF का पैसा, अप्रैल 2026 तक EPFO लॉन्च कर सकता है ऐप
Employees’ Provident Fund Organisation (EPFO) अप्रैल 2026 तक एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च करने की तैयारी में है, जिससे पात्र PF अमाउंट को UPI के जरिए तुरंत निकाला जा सकेगा।

EPFO 3.0 : अगर आपने कभी अपना प्रोविडेंट फंड (PF) निकालने के लिए कई दिन या हफ्तों का इंतजार किया है, तो अब राहत मिल सकती है।
पीटीआई रिपोर्ट के मुताबिक Employees’ Provident Fund Organisation (EPFO) अप्रैल 2026 तक एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च करने की तैयारी में है, जिससे पात्र PF अमाउंट को UPI के जरिए तुरंत निकाला जा सकेगा। यह पहल EPFO 3.0 अपग्रेड का हिस्सा है।जिसका मकसद PF एक्सेस को बैंकिंग ऐप जितना आसान बनाना है।
ऐसे काम कर सकता है UPI सिस्टम
प्रस्तावित सिस्टम के तहत सदस्य अपने लिंक्ड बैंक अकाउंट में सीधे UPI PIN के जरिए PF की पात्र राशि ट्रांसफर कर सकेंगे। यानी पारंपरिक क्लेम फाइल कर प्रोसेसिंग का इंतजार शायद ना करना पड़े।
शुरुआती चर्चा के मुताबिक, हर UPI ट्रांजैक्शन पर करीब 25,000 रुपये की सीमा हो सकती है। ऐप में यह भी साफ दिखेगा कि आपके कुल बैलेंस में से कितनी राशि निकासी के लिए पात्र है। लंबी अवधि की बचत सुरक्षित रखने के लिए कम से कम 25% PF बैलेंस रिटायरमेंट तक लॉक रह सकता है।
अधिकारियों ने 100 डमी अकाउंट पर सिस्टम की टेस्टिंग शुरू कर दी है, ताकि तकनीकी खामियां दूर कर सुरक्षित ट्रांजैक्शन सुनिश्चित किए जा सकें।
क्यों अहम है यह बदलाव?
पहला फायदा- रफ्तार। अभी ऑटो-सेटलमेंट क्लेम में भी तीन दिन तक लग सकते हैं। UPI आधारित सिस्टम से पात्र रकम लगभग तुरंत खाते में आ सकती है।
दूसरा- सुविधा। फॉर्म भरने और प्रक्रिया ट्रैक करने की झंझट खत्म हो सकती है। पूरा काम मोबाइल से पेपरलेस तरीके से होगा।
तीसरा- स्केल। EPFO हर साल 5 करोड़ से ज्यादा क्लेम प्रोसेस करता है। UPI सिस्टम से देरी कम होगी और सर्विस एफिशिएंसी बढ़ेगी।
पहले से आसान हो रही है प्रक्रिया
हाल के वर्षों में EPFO ने 5 लाख रुपये तक के क्लेम की ऑटो-सेटलमेंट, ऑनलाइन अप्रूवल और बीमारी, शिक्षा, शादी व हाउसिंग जैसे मामलों में एडवांस निकासी की सुविधा शुरू की है। आधार और बैंक वेरिफिकेशन से भी देरी कम हुई है। अगर UPI आधारित ऐप तय समय पर लॉन्च होता है, तो PF निकासी डिजिटल बैंकिंग जितनी तेज और आसान हो सकती है।

