scorecardresearch

रिटायरमेंट के बाद हर महीने कितना पैसा निकालें कि जिंदगीभर खत्म न हो आपकी जमा पूंजी?

रिटायरमेंट के बाद जिंदगीभर की जमा पूंजी कितने साल चलेगी, यह आपकी मंथली निकासी पर निर्भर करता है। ज्यादा पैसा निकालने से बचत जल्दी खत्म हो सकती है, जबकि कम निकासी से जरूरतें प्रभावित होंगी। आखिर हर महीने कितनी रकम निकालनी चाहिए और एक्सपर्ट क्या सलाह देते हैं? जानिए पूरी बात।

Advertisement

In Short

  • रिटायरमेंट के बाद हर महीने कितनी रकम निकालें, यह जमा पूंजी, खर्च और दूसरी कमाई पर निर्भर करता है।
  • महंगाई, बढ़ते मेडिकल खर्च और लंबी रिटायरमेंट अवधि से जल्दी खत्म हो सकता है आपका फंड।
  • SWP से हर महीने नियमित पैसा मिल सकता है, लेकिन इससे जिंदगीभर इनकम मिलने की गारंटी नहीं होती।

रिटायरमेंट के बाद सबसे बड़ी चिंता होती है कि जमा पूंजी से हर महीने कितना पैसा निकाला जाए, ताकि रोजमर्रा के खर्च भी चलते रहें और भविष्य के लिए बचत भी बनी रहे। गलत तरीके से पैसे निकालने पर रिटायरमेंट फंड समय से पहले खत्म हो सकता है। ऐसे में सही प्लानिंग बेहद जरूरी है।

advertisement

नौकरी के दौरान रिटायरमेंट के लिए पैसा जमा करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी यह तय करना भी है कि रिटायरमेंट के बाद उस पैसे का इस्तेमाल कैसे किया जाए। अगर हर महीने जरूरत से ज्यादा पैसा निकालेंगे तो बचत जल्दी खत्म हो सकती है। वहीं बहुत कम पैसा निकालने से अपनी जरूरतों और शौक पर समझौता करना पड़ सकता है। ऐसे में सवाल है कि हर महीने कितना पैसा निकालना सही रहेगा?

रिटायरमेंट के बाद कितने पैसों की होगी जरूरत?

टाटा एआईए लाइफ इंश्योरेंस की SVP और हेड ऑफ प्रोडक्ट मैनेजमेंट श्रुति ओके के मुताबिक, हर महीने निकाली जाने वाली रकम सिर्फ जमा पूंजी पर निर्भर नहीं करती। इसके लिए रिटायरमेंट की उम्र, मासिक खर्च, महंगाई, स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और दूसरी कमाई को भी ध्यान में रखना चाहिए।

सबसे पहले खाने-पीने, घर, बिजली, इलाज और इंश्योरेंस जैसे जरूरी खर्चों का हिसाब लगाएं। इसके अलावा घूमने-फिरने और दूसरे शौक पर होने वाला खर्च भी जोड़ें। फिर पेंशन, किराये या अन्य निवेश से मिलने वाली कमाई घटाएं। बची हुई रकम से पता चलेगा कि रिटायरमेंट फंड से हर महीने कितने पैसे निकालने होंगे।

महंगाई और इलाज के खर्च को न भूलें

आज जितने पैसों में घर का खर्च आसानी से चल रहा है, जरूरी नहीं कि कुछ साल बाद भी उतनी रकम पर्याप्त हो। महंगाई के कारण पैसों की खरीदने की क्षमता घटती है। उम्र बढ़ने के साथ इलाज का खर्च भी बढ़ सकता है।

अगर कोई व्यक्ति जल्दी रिटायर होता है तो उसे अपनी जमा पूंजी कई दशकों तक चलानी पड़ सकती है। इसलिए पैसे निकालने की योजना ज्यादा सावधानी से बनानी होगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

क्या SWP से हर महीने मिल सकता है पैसा?

सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान के जरिए निवेश से हर महीने एक तय रकम निकाली जा सकती है। बाकी पैसा निवेश में बना रहता है, जिससे बाजार की तेजी का फायदा मिलने की संभावना रहती है।

हालांकि, SWP इस बात की गारंटी नहीं देता कि पैसा जिंदगीभर चलेगा। ज्यादा निकासी या बाजार में गिरावट से फंड जल्दी खत्म हो सकता है।

advertisement

फिक्स रकम निकालें या फंड के हिसाब से?

रिटायरमेंट के बाद हर महीने एक निश्चित रकम निकालने से बजट बनाना आसान होता है। वहीं जमा फंड की वैल्यू के हिसाब से निकासी करने पर मिलने वाली रकम बदल सकती है।

टाटा एआईए शुभ SIP के Retirement/Whole Life विकल्प में 60 साल की उम्र से ऑटोमैटिक SWP की सुविधा भी मिलती है, जो पॉलिसी की शर्तों पर निर्भर करती है।

कुल मिलाकर, हर व्यक्ति के लिए निकासी की कोई एक तय रकम नहीं है। सही तरीका यही है कि अपने खर्च, कमाई, निवेश और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए समय-समय पर योजना की समीक्षा करते रहें।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।