पहली बार क्रेडिट कार्ड ले रहे हैं? इन 5 बड़ी गलतियों से बचें, वरना कर्ज के जाल में फंस सकते हैं आप
क्रेडिट कार्ड का गलत इस्तेमाल आपको कर्ज के जाल में फंसा सकता है। मिनिमम पेमेंट करना, पूरी लिमिट खर्च करना, कैश निकालना और ड्यू डेट भूलना आम गलतियां हैं। इनसे बचकर, समय पर पूरा बिल चुकाने और खर्च नियंत्रित रखने से आपका क्रेडिट स्कोर सुरक्षित और वित्तीय स्थिति मजबूत रहती है।

Credit Card Mistakes: क्रेडिट कार्ड आजकल रिवॉर्ड पॉइंट्स, कैशबैक और इमरजेंसी में पैसों की उपलब्धता के कारण युवाओं में पहली पसंद बन रहा है। लेकिन, सावधानी न बरतने पर यह एक 'डेट ट्रैप' यानी कर्ज का जाल भी बन सकता है। यदि आप अपना पहला क्रेडिट कार्ड लेने जा रहे हैं, तो इन गलतियों से जरूर बचें।
1. केवल 'मिनिमम अमाउंट' का भुगतान करना
सबसे आम गलती होती है कि लोग कार्ड के पूरे बिल के बजाय सिर्फ Minimum Amount Due चुकाते हैं। बैंक आपसे बिल का केवल 5% हिस्सा चुकाने को कहते हैं, लेकिन बचे हुए 95% पर 36% से 42% सालाना तक का भारी ब्याज लगता है। हमेशा कोशिश करें कि डेडलाइन से पहले पूरा बिल (Total Amount) चुकाएं।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: काफी महीनों से एक ही जगह पर अटक गया है आपका क्रेडिट स्कोर? जानिए क्या करें
2. क्रेडिट लिमिट का पूरा इस्तेमाल (High Utilization)
अगर आपकी क्रेडिट लिमिट ₹1 लाख है, तो इसका मतलब यह नहीं कि आप पूरे ₹1 लाख खर्च कर दें। क्रेडिट स्कोर को बेहतर बनाए रखने के लिए अपनी लिमिट का केवल 30% हिस्सा ही इस्तेमाल करना चाहिए। अगर आप बार-बार पूरी लिमिट इस्तेमाल करते हैं, तो बैंक आपको 'क्रेडिट का भूखा' मानते हैं, जिससे आपका सिबिल (CIBIL) स्कोर गिर सकता है।
3. क्रेडिट कार्ड से कैश निकालना
क्रेडिट कार्ड में 'कैश विड्रॉल' की सुविधा होती है, लेकिन यह सबसे महंगी गलती साबित हो सकती है। एटीएम से पैसे निकालते ही उसी दिन से भारी ब्याज लगना शुरू हो जाता है और साथ ही भारी 'ट्रांजैक्शन फीस' भी देनी पड़ती है। कैश निकासी केवल तभी करें जब कोई और रास्ता न बचा हो।
4. रिवॉर्ड पॉइंट्स के चक्कर में फिजूलखर्ची
कंपनियां अक्सर 'इतने खर्च पर इतने रिवॉर्ड' का लालच देती हैं। कई बार लोग कैशबैक या पॉइंट्स कमाने के चक्कर में उन चीजों पर भी खर्च कर देते हैं जिनकी उन्हें जरूरत नहीं होती। याद रखें, 1% कैशबैक के लिए 100% पैसा खर्च करना समझदारी नहीं है। अपनी जेब और बजट को देखकर ही खर्च करें।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: रोज करते हैं UPI पेमेंट? जानिए कैशबैक क्रेडिट कार्ड बेहतर है या रिवार्ड पॉइंट वाला कार्ड
5. बिल भुगतान की तारीख (Due Date) भूल जाना
एक दिन की भी देरी आपके ऊपर 'लेट पेमेंट फीस' और भारी ब्याज का बोझ डाल सकती है। इससे भी बुरा यह है कि लेट पेमेंट की जानकारी सीधे क्रेडिट ब्यूरो को जाती है, जिससे भविष्य में होम लोन या कार लोन मिलने में दिक्कत आ सकती है।

