Bandhan Bank vs BoB: एफडी में कहां मिलेगा ज्यादा ब्याज? निवेश से पहले जानें
FD में पैसा लगाने वालों के लिए बंधन बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा की ब्याज दरों में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। एक बैंक दो साल की FD पर ज्यादा ब्याज दे रहा है, जबकि दूसरे में खास जमा योजनाओं का फायदा मिल रहा है। जानिए आपके पैसे के लिए कौन-सा विकल्प बेहतर हो सकता है।

In Short
- बंधन बैंक की FD पर आम ग्राहकों को अधिकतम 7.45 प्रतिशत ब्याज
- वरिष्ठ नागरिक बंधन बैंक में अधिकतम 7.95 प्रतिशत ब्याज पा सकते हैं
- बैंक ऑफ बड़ौदा की 555 दिन वाली FD पर 6.75 प्रतिशत ब्याज
FD rates 2026: अपनी बचत को सुरक्षित रखने और उस पर तय कमाई पाने के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD आज भी लोगों की पसंद बना हुआ है। खासतौर पर वे लोग FD में पैसा लगाना पसंद करते हैं, जो ज्यादा जोखिम नहीं लेना चाहते। बंधन बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा सात दिन से लेकर 10 साल तक की FD की सुविधा दे रहे हैं। दोनों बैंक वरिष्ठ नागरिकों को आम ग्राहकों से ज्यादा ब्याज भी दे रहे हैं।
बंधन बैंक की FD पर कितना ब्याज?
बंधन बैंक ₹3 करोड़ से कम की FD पर आम ग्राहकों को 2.95 प्रतिशत से 7.45 प्रतिशत तक सालाना ब्याज दे रहा है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों को 3.70 प्रतिशत से 7.95 प्रतिशत तक ब्याज मिल सकता है।
बैंक की सबसे ज्यादा ब्याज दर दो साल से लेकर तीन साल से कम समय की FD पर मिल रही है। इस अवधि की FD पर आम ग्राहकों को 7.45 प्रतिशत और वरिष्ठ नागरिकों को 7.95 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा है।
ये खबर पढ़ना न भूलें: कमाई से ज्यादा हो गई EMI? मिडिल क्लास पर बढ़ता कर्ज का खतरा- नए सर्वे ने करोड़ों लोगों की बढ़ाई चिंता
एक साल की FD पर आम ग्राहकों को 7 प्रतिशत और वरिष्ठ नागरिकों को 7.50 प्रतिशत ब्याज मिलता है। तीन साल की FD पर यह दर 7.25 प्रतिशत और 7.75 प्रतिशत है। पांच साल की FD पर आम ग्राहकों को 5.85 प्रतिशत ब्याज मिलता है।
पांच साल की टैक्स सेविंग FD पर आम ग्राहकों को 6.25 प्रतिशत और वरिष्ठ नागरिकों को 7.25 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा है। बैंक NRE, NRO और विदेशी मुद्रा में FD की सुविधा भी देता है।
बैंक ऑफ बड़ौदा की FD दरें
बैंक ऑफ बड़ौदा ₹3 करोड़ से कम की FD पर आम ग्राहकों को 3.50 प्रतिशत से 6.75 प्रतिशत तक ब्याज दे रहा है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए ब्याज दर 4 प्रतिशत से 7.25 प्रतिशत तक है।
बैंक की 555 दिन वाली BoB Golden Goal Deposit Scheme पर आम ग्राहकों को सबसे ज्यादा 6.75 प्रतिशत ब्याज मिलता है। वरिष्ठ नागरिकों को 7.25 प्रतिशत और सुपर सीनियर सिटिजन को 7.35 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा है।
एक साल और दो साल की FD पर आम ग्राहकों को 6.25 प्रतिशत ब्याज मिलता है। पांच साल की FD पर यह दर 6.30 प्रतिशत तक है। बैंक टैक्स सेविंग FD, अर्थ ग्रीन टर्म डिपॉजिट और कई विदेशी मुद्राओं में FD की सुविधा भी देता है।
किस बैंक की FD ज्यादा फायदेमंद?
एक, दो और तीन साल की FD पर बंधन बैंक की ब्याज दरें बैंक ऑफ बड़ौदा से ज्यादा हैं। खासतौर पर दो साल की FD में ब्याज का अंतर साफ दिखाई देता है। हालांकि, बैंक ऑफ बड़ौदा कई तरह की FD योजनाएं और सुपर सीनियर सिटिजन को अलग फायदा देता है।
FD कराने से पहले ब्याज दर के साथ जमा की अवधि, समय से पहले पैसा निकालने के नियम और मिलने वाले ब्याज पर लगने वाले टैक्स की जानकारी जरूर जांच लें।

