scorecardresearch

सड़क के बजाय पानी के प्रोजेक्ट्स पर क्यों बढ़ रहा इंफ्रा कंपनियों का फोकस?

इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियां अब सड़क निर्माण के अलावा पानी से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर तेजी से फोकस कर रही हैं। क्रिसिल रेटिंग्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बदलाव से कंपनियों के रेवेन्यू में अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद है। हालांकि, कारोबार के बढ़ते अवसरों के बीच कंपनियों के सामने कुछ वित्तीय चुनौतियां भी हैं।

Advertisement

In Short

  • इंफ्रा कंपनियों की ऑर्डर बुक में वाटर इंफ्रास्ट्रक्चर की हिस्सेदारी दोगुनी हुई।
  • चालू वित्त वर्ष में EPC कंपनियों का रेवेन्यू 11-12 फीसदी बढ़ने का अनुमान।
  • भुगतान में देरी और अतिरिक्त पूंजी की जरूरत बन सकती है चुनौती।

इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में काम करने वाली कंपनियां अब सड़क निर्माण के अलावा दूसरे क्षेत्रों पर भी तेजी से ध्यान दे रही हैं। खासकर पानी से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स कंपनियों के लिए ग्रोथ का नया जरिया बन रहे हैं। क्रिसिल रेटिंग्स (Crisil Ratings) के मुताबिक, पिछले दो से तीन वित्त वर्षों में इन कंपनियों की कुल ऑर्डर बुक में वाटर इंफ्रास्ट्रक्चर की हिस्सेदारी दोगुनी हो गई है। यह सबसे तेजी से बढ़ने वाला सेगमेंट बनकर उभरा है।

advertisement

11-12 फीसदी बढ़ सकती है कंपनियों की कमाई

क्रिसिल ने इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) सेक्टर की 300 उभरती कंपनियों का विश्लेषण किया है। पिछले वित्त वर्ष में इन कंपनियों का कुल रेवेन्यू करीब 1.6 लाख करोड़ रुपये था। चालू वित्त वर्ष में इन कंपनियों का रेवेन्यू 11-12 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह ग्रोथ 2.5 फीसदी थी।

सरकार के इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार खर्च और सालाना रेवेन्यू के मुकाबले 2.5 से 2.8 गुना ऑर्डर बुक से कंपनियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

पानी से जुड़े प्रोजेक्ट्स में बढ़ रहे अवसर

कंपनियां अब सड़क निर्माण के अलावा वाटर इंफ्रास्ट्रक्चर, शहरी विकास, रेलवे और औद्योगिक प्रोजेक्ट्स में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही हैं। इससे सड़क निर्माण पर उनकी निर्भरता कम हो रही है।

क्रिसिल रेटिंग्स के डायरेक्टर हिमांक शर्मा के मुताबिक, पेयजल आपूर्ति, गंदे पानी के ट्रीटमेंट, सिंचाई और औद्योगिक जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में कंपनियों के लिए कई अवसर हैं। हालांकि, समय पर प्रोजेक्ट पूरा करना और भुगतान हासिल करना टिकाऊ ग्रोथ के लिए जरूरी होगा।

भुगतान में देरी बन सकती है चुनौती

पानी और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रोजेक्ट्स में राज्य सरकारों पर कंपनियों की निर्भरता बढ़ रही है। ऐसे में भुगतान मिलने में देरी से रोजमर्रा के कारोबारी खर्चों के लिए ज्यादा पूंजी की जरूरत पड़ सकती है।

वाटर इंफ्रास्ट्रक्चर की ऑर्डर बुक में जल जीवन मिशन के प्रोजेक्ट्स की हिस्सेदारी करीब 20-25 फीसदी है। इन प्रोजेक्ट्स में फंडिंग और काम पूरा होने में देरी देखी गई है। वाटर सेगमेंट में कंपनियों को भुगतान मिलने में करीब 90 से 100 दिन लग रहे हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह अवधि 70 से 75 दिन है।

मुनाफे और वित्तीय स्थिति को लेकर क्या अनुमान?

क्रिसिल के मुताबिक, कंपनियों का EBITDA मार्जिन 11-12 फीसदी पर स्थिर रहने की उम्मीद है। लागत में बदलाव के हिसाब से कॉन्ट्रैक्ट की कीमतों में संशोधन की व्यवस्था से भी कंपनियों को राहत मिलेगी।

चालू वित्त वर्ष में उपकरणों की खरीद पर कुल सकल स्थायी संपत्तियों के मूल्य का करीब 12-14 फीसदी खर्च होने का अनुमान है। इसमें 80-90 फीसदी फंडिंग कर्ज के जरिए होगी। हालांकि, कंपनियों की मजबूत बैलेंस शीट वित्तीय दबाव को संभालने में मदद कर सकती है।

advertisement