
Tata Motors ने बदली ब्रांड पहचान! अब TATA.CARS नाम से दिखेगा पैसेंजर कार बिजनेस, ‘Nothing’s Too Far’ नया वादा
Tata Motors Passenger Vehicles ने अपनी नई ब्रांड पहचान TATA.CARS पेश की है। कंपनी की वेबसाइट भी अब tata.cars डोमेन पर चलेगी। ‘Nothing’s Too Far’ के साथ शुरू हुई यह नई पहचान हैचबैक से लेकर SUV और इलेक्ट्रिक कारों तक दिखेगी, जबकि मौजूदा कारों के नाम और Tata लोगो पहले की तरह बने रहेंगे।

In Short
- Tata Motors Passenger Vehicles की नई ब्रांड पहचान अब TATA.CARS होगी, वेबसाइट डोमेन भी बदला
- ‘Nothing’s Too Far’ को नया ब्रांड प्रॉमिस बनाया गया, मौजूदा कारों के नाम और Tata लोगो में बदलाव नहीं
- नई पहचान हैचबैक, सेडान, SUV और इलेक्ट्रिक कारों के साथ डीलरशिप व सर्विस सेंटर पर भी दिखेगी
Tata Motors Passenger Vehicles ने अपने पैसेंजर व्हीकल बिजनेस की नई ब्रांड पहचान TATA.CARS पेश की है। साथ ही अब कंपनी की वेबसाइट की डोमेन Tata Motors Passenger Vehicles नहीं बल्कि tata.cars हो चुकी है।
हालांकि, Tata Motors Passenger Vehicles Ltd कंपनी का कानूनी नाम बना रहेगा। मौजूदा प्रोडक्ट नाम, वाहनों पर Tata लोगो और सेफ्टी, क्वालिटी व इंजीनियरिंग पर कंपनी का फोकस भी पहले की तरह जारी रहेगा।
कंपनी का लक्ष्य नई पीढ़ी के भारतीय कार खरीदारों के साथ मजबूत जुड़ाव बनाना है। नई पहचान के तहत कंपनी की हैचबैक, सेडान, SUV और इलेक्ट्रिक कारें आएंगी। हालांकि, मौजूदा कारों के नाम और वाहनों पर Tata का लोगो पहले की तरह ही रहेगा।
‘Nothing’s Too Far’ के साथ नई सोच
TATA.CARS का नया ब्रांड प्रॉमिस ‘Nothing’s Too Far’ है। कंपनी इसे इस विचार से जोड़ती है कि मोबिलिटी सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने का जरिया नहीं, बल्कि लोगों को आगे बढ़ने, नए अवसर तलाशने और अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में मदद करने वाली ताकत होनी चाहिए।
लॉन्च के दौरान Tata Motors Passenger Vehicles के MD एवं CEO शैलेश चंद्रा ने कहा कि कंपनी भारत की महत्वाकांक्षाओं के साथ आगे बढ़ी है। उन्होंने देश की पहली स्वदेशी पैसेंजर कार विकसित करने से लेकर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में पहल और कार खरीदने के फैसले में सेफ्टी को अहम बनाने तक कंपनी की भूमिका का जिक्र किया। हालांकि, चंद्रा के मुताबिक, कंपनी की सबसे बड़ी महत्वाकांक्षाएं अभी बाकी हैं।

चंद्रा ने TATA.CARS को सिर्फ कारोबार का नया नाम मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यह भविष्य को लेकर कंपनी की मंशा का ऐलान है। उनके मुताबिक, मोबिलिटी लोगों के लिए नए दरवाजे खोलने, संभावनाओं को अपनाने और उन्हें उन चीजों के करीब पहुंचाने वाली होनी चाहिए जो उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखती हैं।
क्यों चुना गया नाम TATA.CARS?
कंपनी के मुताबिक, भारतीय ग्राहक लंबे समय से उसके वाहनों को आम बोलचाल में “Tata car” कहते आए हैं। TATA.CARS इसी परिचित नाम को औपचारिक ब्रांड पहचान देता है और Tata के पूरे पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो को एक छतरी के नीचे लाता है।
70 लाख से ज्यादा कस्टमर बेस
Tata Motors Passenger Vehicles के पास अब 70 लाख से ज्यादा ग्राहक हैं। कंपनी ने SUV पोर्टफोलियो को मजबूत किया है और इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाई है। चंद्रा ने कहा कि ऑटो इंडस्ट्री ज्यादा कनेक्टेड और टिकाऊ भविष्य की ओर बढ़ रही है और कंपनी इसी आधार पर आगे की रणनीति बनाएगी।
TATA.CARS की पहचान सिर्फ कारों तक सीमित नहीं रहेगी। इसे डीलरशिप, डिजिटल प्लेटफॉर्म, सर्विस सेंटर और दूसरे कस्टमर टचपॉइंट्स पर भी इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी का लक्ष्य कार खोजने से लेकर खरीदने और उसके मालिकाना अनुभव तक एक जैसी ब्रांड पहचान तैयार करना है।

