scorecardresearch

Renault Duster नहीं दोहरा पाई पुराना जादू, जुलाई में बिक्री हुई आधी, सस्ती Triber ने छोड़ा काफी पीछे

जिस डस्टर से रेनो को भारतीय बाजार में बड़ी वापसी की उम्मीद थी, उसकी बिक्री जुलाई में तेजी से गिर गई। दूसरी तरफ ट्राइबर कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनी रही, जबकि क्विड ने मजबूत सालाना ग्रोथ दर्ज की।

Advertisement
Renault Duster
Renault Duster

In Short

  • जुलाई 2026 में रेनो डस्टर की बिक्री जून के मुकाबले करीब 49 प्रतिशत गिरकर 512 यूनिट्स रह गई।
  • ट्राइबर ने जुलाई में 1,762 यूनिट्स की बिक्री के साथ रेनो की कुल सेल्स में करीब 54 प्रतिशत हिस्सेदारी दर्ज की।
  • क्विड की बिक्री सालाना आधार पर करीब 95 प्रतिशत बढ़ी, जबकि काइगर की मंथली सेल्स करीब 27 प्रतिशत घटी।

रेनो ने नई डस्टर के साथ भारतीय बाजार में वापसी करते हुए बड़ी उम्मीदें लगाई थीं। कभी मिडसाइज एसयूवी सेगमेंट में अपनी अलग पहचान बनाने वाली डस्टर इस बार कंपनी के लिए अहम मॉडल मानी जा रही है। लेकिन शुरुआती महीनों के बाद इसकी सेल्स की रफ्तार कमजोर पड़ती दिख रही है। जुलाई के आंकड़े बताते हैं कि रेनो की सेल्स में कौन सी कार आगे रही और डस्टर कहां खड़ी है।

advertisement

जुलाई में सिर्फ 512 डस्टर बिकीं

रेनो ने जून 2026 में डस्टर की 1,011 यूनिट्स बेची थीं, जो जुलाई में घटकर सिर्फ 512 यूनिट्स रह गईं। यानी एक महीने में इसकी बिक्री करीब 49 प्रतिशत कम हुई। मार्च में लॉन्च होने के बाद यह डस्टर की सबसे कमजोर मंथली सेल्स है।

मार्च में डस्टर की 1,402 यूनिट्स बिकी थीं। अप्रैल में बिक्री बढ़कर 2,359 यूनिट्स तक पहुंची, लेकिन इसके बाद गिरावट शुरू हो गई। मई में 1,267 यूनिट्स, जून में 1,011 यूनिट्स और जुलाई में सिर्फ 512 यूनिट्स बिकीं। अप्रैल के पीक से जुलाई तक इसकी बिक्री करीब 78 प्रतिशत गिर चुकी है।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: भारत में 5 गुना बढ़ा Hyundai Connected Cars का क्रेज, 2027 तक 10 लाख बिक्री का रखा बड़ा टारगेट

ट्राइबर बनी रेनो की सबसे बड़ी सेल्स ड्राइवर

जुलाई में रेनो के लिए सबसे ज्यादा बिक्री ट्राइबर ने की। कंपनी ने इसकी 1,762 यूनिट्स बेचीं। यह डस्टर की बिक्री से तीन गुना से भी ज्यादा है। रेनो की जुलाई की कुल बिक्री में ट्राइबर की हिस्सेदारी करीब 54 प्रतिशत रही, जबकि डस्टर का शेयर करीब 16 प्रतिशत रहा।

हालांकि ट्राइबर की बिक्री में भी गिरावट आई है। जुलाई 2025 में इसकी 1,987 यूनिट्स और जून 2026 में 1,871 यूनिट्स बिकी थीं। यानी सालाना आधार पर सेल्स करीब 11 प्रतिशत और मंथली आधार पर करीब 6 प्रतिशत कम हुई।

रेनो की कुल सेल्स सालाना बढ़ी

जुलाई 2026 में रेनो ने भारत में कुल 3,293 कारें बेचीं। जुलाई 2025 में यह आंकड़ा 2,575 यूनिट्स था। इस तरह सालाना आधार पर कंपनी की सेल्स करीब 28 प्रतिशत बढ़ी। हालांकि जून 2026 की 4,063 यूनिट्स के मुकाबले जुलाई की बिक्री करीब 19 प्रतिशत कम रही।

क्विड ने दिखाई मजबूत ग्रोथ, काइगर की सेल्स घटी

क्विड की जुलाई में 516 यूनिट्स बिकीं, जबकि जुलाई 2025 में यह आंकड़ा सिर्फ 265 यूनिट्स था। यानी सालाना ग्रोथ करीब 95 प्रतिशत रही। जून 2026 की 492 यूनिट्स के मुकाबले भी इसकी बिक्री करीब 5 प्रतिशत बढ़ी।

वहीं काइगर की जुलाई में 503 यूनिट्स बिकीं। जून की 689 यूनिट्स के मुकाबले इसकी मंथली सेल्स करीब 27 प्रतिशत घटी। हालांकि जुलाई 2025 की 323 यूनिट्स के मुकाबले इसने करीब 56 प्रतिशत की सालाना ग्रोथ दर्ज की।

advertisement

डस्टर के लिए अब स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड बड़ा टेस्ट

नई डस्टर की एक्स-शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये से शुरू होकर 18.69 लाख रुपये तक जाती है। इसमें 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.3 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के ऑप्शन मिलते हैं। कंपनी आगे इसका स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड मॉडल भी ला सकती है। हुंडई क्रेटा समेत कई मजबूत एसयूवी से मुकाबले के बीच अब यही देखना होगा कि आने वाला हाइब्रिड वर्जन डस्टर की सेल्स को दोबारा रफ्तार दे पाता है या नहीं।