
Nitin Gadkari EV Plan: पेट्रोल कार से ₹6,814 सस्ता पड़ेगा इलेक्ट्रिक सफर? ₹3 में चार्जिंग का क्या है प्लान
इलेक्ट्रिक कार चलाने वालों के लिए अच्छी खबर आ सकती है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने चार्जिंग को सस्ता बनाने का नया सुझाव दिया है। अगर यह प्रस्ताव लागू हुआ तो पेट्रोल और डीजल कारों के मुकाबले सफर का खर्च काफी घट सकता है। जानिए पूरा कैलकुलेशन और संभावित बचत।

In Short
- नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र में रात के समय EV चार्जिंग के लिए ₹3 प्रति यूनिट बिजली देने का सुझाव दिया है।
- प्रस्ताव लागू होने पर इलेक्ट्रिक कार से 1,000 किलोमीटर का सफर सिर्फ ₹600 में पूरा हो सकता है।
- हर महीने 1,000 किलोमीटर चलने पर पेट्रोल कार के मुकाबले सालाना ₹81,768 तक की बचत संभव है।
इलेक्ट्रिक कार चलाने वालों के लिए आने वाले समय में बड़ी राहत मिल सकती है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की चार्जिंग के लिए बिजली की अलग-अलग दरें तय करने का सुझाव दिया है। उनके प्रस्ताव के मुताबिक, रात में इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज करने पर बिजली सिर्फ 3 रुपये प्रति यूनिट और दिन में 5 रुपये प्रति यूनिट मिल सकती है। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो इलेक्ट्रिक कार से 1,000 किलोमीटर का सफर महज 600 रुपये में पूरा हो सकता है।
क्या है नितिन गडकरी का नया प्लान?
KPMG ENRich 2026 कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने बताया कि उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को इलेक्ट्रिक गाड़ियों की चार्जिंग के लिए सस्ती बिजली देने का सुझाव दिया है।
उनका प्रस्ताव है कि दिन में सोलर एनर्जी का इस्तेमाल किया जाए और रात में बिजली की दरें कम रखी जाएं। इससे लोग रात के समय अपनी इलेक्ट्रिक गाड़ियां चार्ज करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। हालांकि, अभी यह सिर्फ एक प्रस्ताव है और इसे लागू नहीं किया गया है।
1,000 किलोमीटर चलने पर कितना होगा खर्च?
अगर इलेक्ट्रिक कार एक यूनिट बिजली में 5 किलोमीटर चलती है, तो 1,000 किलोमीटर का सफर तय करने के लिए करीब 200 यूनिट बिजली लगेगी।
रात में 3 रुपये प्रति यूनिट की दर से इसका कुल खर्च सिर्फ 600 रुपये होगा। वहीं, 15 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देने वाली पेट्रोल कार में करीब 7,414 रुपये का पेट्रोल लगेगा। डीजल कार पर लगभग 6,522 रुपये खर्च होंगे।
इस हिसाब से इलेक्ट्रिक कार चलाने वाला व्यक्ति पेट्रोल के मुकाबले करीब 6,814 रुपये और डीजल के मुकाबले 5,922 रुपये बचा सकता है।
EV, पेट्रोल और डीजल कार के खर्च में कितना अंतर?

यह कैलकुलेशन पेट्रोल की कीमत 111.21 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 97.83 रुपये प्रति लीटर मानकर किया गया है।
सालभर में कितनी बचत हो सकती है?
अगर कोई व्यक्ति हर महीने 1,000 किलोमीटर गाड़ी चलाता है, तो प्रस्तावित नाइट चार्जिंग रेट पर इलेक्ट्रिक कार का सालाना बिजली खर्च करीब 7,200 रुपये होगा।
वहीं, पेट्रोल कार पर 88,968 रुपये और डीजल कार पर 78,264 रुपये खर्च हो सकते हैं। यानी इलेक्ट्रिक कार से सालाना करीब 81,768 रुपये तक की बचत संभव है।
इलेक्ट्रिक गाड़ियों को लेकर क्या बोले गडकरी?
गडकरी ने कार्यक्रम में कहा कि अगले साल 35 से 40 प्रतिशत उपस्थित लोग इलेक्ट्रिक गाड़ियों का इस्तेमाल कर रहे होंगे। उन्होंने बताया कि लिथियम-आयन बैटरी की कीमत करीब 150 डॉलर प्रति किलोवाट-घंटा से घटकर 50 डॉलर रह गई है।
हालांकि, वास्तविक बचत गाड़ी के माइलेज, चार्जिंग के दौरान बिजली के नुकसान और ड्राइविंग की परिस्थितियों पर निर्भर करेगी। सस्ती चार्जिंग का फायदा तभी मिलेगा, जब महाराष्ट्र सरकार प्रस्तावित दरों को मंजूरी देगी।

