केटीएम लवर्स को झटका! 40,000 रुपये महंगी हुई KTM की ये बाइक- पहले से बुकिंग कराए ग्राहकों को भी देनी होगी नई कीमत
KTM 390 Duke की कीमत में 40,000 रुपये की बढ़ोतरी हो गई है, जिससे यह अब और महंगी हो गई है। टैक्स बढ़ने के कारण कंपनी ने कीमतें बढ़ाई हैं। इसका असर ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा और ऑन-रोड कीमत 4 लाख रुपये के पार पहुंच गई है।

KTM 390 Duke: भारत की सड़कों पर युवाओं के बीच पॉपुलर बाइक KTM 390 Duke अब जेब पर और भारी पड़ने वाली है। कंपनी ने इस दमदार 'स्ट्रीटफाइटर' बाइक की कीमतों में 40,000 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद अब 390 ड्यूक का दिल्ली में एक्स-शोरूम दाम 2.99 लाख रुपये से बढ़कर 3.39 लाख रुपये हो गया है।
क्यों बढ़ीं कीमतें?
कीमतों में इस उछाल के पीछे मुख्य वजह टैक्स का कैलकुलेशन है। दरअसल, पिछले साल सरकार ने 350cc से ऊपर की मोटरसाइकिलों पर जीएसटी (GST) बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया था।
अब तक केटीएम की पेरेंट कंपनी, बजाज ऑटो इस अतिरिक्त टैक्स का बोझ खुद उठा रही थी ताकि बाजार में अपनी पकड़ बनाए रखे, लेकिन अब कंपनी ने इसे ग्राहकों पर पास करने का फैसला किया है। ऑटोमोबाइल मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बढ़ती लागत के बीच कंपनियों के लिए अब पुराने दाम बरकरार रखना मुश्किल हो रहा है।
ग्राहकों की जेब पर असर
इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर दिल्ली जैसे शहरों में दिख रहा है, जहां इस बाइक की ऑन-रोड कीमत अब 4 लाख रुपये के पार पहुंच गई है।
पहले से बुकिंग कराए ग्राहकों को भी झटका
उन ग्राहकों को भी बड़ा झटका लगा है जिन्होंने पहले से बुकिंग करा रखी थी, क्योंकि उन्हें भी डिलीवरी के समय नई और बढ़ी हुई कीमतों का ही भुगतान करना होगा। चर्चा यह भी है कि जल्द ही कंपनी आरसी (RC 390) रेंज की कीमतों में भी बदलाव कर सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
नई रणनीति पर काम
बजाज और केटीएम की नजर अब एक नई रणनीति पर है। ऑटो इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि कंपनी 350cc से कम क्षमता वाली एक नई ड्यूक पर काम कर रही है।
चूंकि कम क्षमता वाले इंजन पर सिर्फ 18 प्रतिशत जीएसटी लगता है, इसलिए यह नई बाइक काफी सस्ती हो सकती है। हालांकि, छोटे इंजन की वजह से इसकी परफॉर्मेंस मौजूदा 399cc इंजन वाली ड्यूक जैसी नहीं होगी।

