scorecardresearch

Hyundai का बड़ा EV दांव: भारत के लिए आएगी सब-4 मीटर इलेक्ट्रिक SUV, इसी वित्त वर्ष में होगा लॉन्च

भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ रही है। Hyundai के मुताबिक EV penetration करीब डेढ़ साल में 2.4 से 2.5% से बढ़कर जुलाई में 7% पहुंच गई। कंपनी अब भारत के लिए खास सब-4 मीटर इलेक्ट्रिक SUV इसी वित्त वर्ष में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

Advertisement

भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री को लेकर अक्सर कहा जाता है कि ग्राहक अभी पूरी तरह ईवी की तरफ नहीं बढ़ रहे हैं। लेकिन हुंडई मोटर इंडिया का मानना है कि तस्वीर तेजी से बदल रही है। कंपनी के मुताबिक भारत अभी इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट के शुरुआती दौर में है और पिछले डेढ़ साल में ईवी की हिस्सेदारी में तेज बढ़ोतरी हुई है। इसी बीच हुंडई भारत के लिए खास तौर पर तैयार नई इलेक्ट्रिक एसयूवी लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

advertisement

ईवी की हिस्सेदारी 2.5% से बढ़कर 7% पहुंची

हुंडई के मुताबिक करीब एक से डेढ़ साल पहले भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल की पैठ सिर्फ 2.4 से 2.5% के आसपास थी। जुलाई में यह बढ़कर 7% तक पहुंच गई।

कंपनी का कहना है कि दुनिया के कई बाजारों में ईवी की ग्रोथ धीमी होने की चर्चा हो रही है, लेकिन भारत की स्थिति अलग है। यहां इलेक्ट्रिक गाड़ियों का मार्केट अभी शुरुआती चरण में है और ग्रोथ कई गुना तेजी से हो रही है।

नए मॉडल और अलग-अलग प्राइस रेंज से बढ़ रही मांग

ईवी की बिक्री बढ़ने के पीछे कंपनी ने कई वजहें बताई हैं। सबसे बड़ी वजह यह है कि अब ज्यादा कंपनियां इलेक्ट्रिक मॉडल लॉन्च कर रही हैं।

भारतीय कंपनियों के साथ जापानी, कोरियाई और यूरोपीय ऑटो कंपनियां भी इलेक्ट्रिफिकेशन पर तेजी से काम कर रही हैं। इसके अलावा अब अलग-अलग प्राइस रेंज में इलेक्ट्रिक गाड़ियां उपलब्ध हो रही हैं, जिससे ज्यादा ग्राहकों के पास ईवी खरीदने का ऑप्शन आ रहा है।

चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ा फोकस

हुंडई के मुताबिक इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए सबसे बड़ी चिंता चार्जिंग की रही है। कई ग्राहकों को डर रहता था कि शहर से बाहर जाने पर गाड़ी कहां चार्ज होगी।

सरकार की पीएम ई-ड्राइव स्कीम में अब सिर्फ इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर सब्सिडी देने की जगह चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है। हुंडई का मायहुंडई ऐप ग्राहकों को देशभर में करीब 30,000 चार्जिंग पॉइंट तक पहुंच देता है।

भारत के लिए आएगी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी

हुंडई ने भारत के लिए एक नई डेडिकेटेड इलेक्ट्रिक एसयूवी तैयार करने की योजना भी बताई है। कंपनी के मुताबिक यह सब-4 मीटर एसयूवी होगी और इसे खास तौर पर भारतीय मार्केट को ध्यान में रखकर बनाया गया है।

कंपनी इसे मौजूदा वित्त वर्ष में ही लॉन्च करने की तैयारी में है। हुंडई का दावा है कि यह मॉडल भारत में कंपनी की इलेक्ट्रिफिकेशन जर्नी के लिए बड़ा गेम चेंजर साबित हो सकता है।

प्राइसिंग रखने की तैयारी भी आक्रामक

नई इलेक्ट्रिक एसयूवी की सही कीमत अभी नहीं बताई गई है। हालांकि हुंडई ने कहा है कि इसकी प्राइसिंग काफी आक्रामक रखी जाएगी।

कंपनी का फोकस सिर्फ कम कीमत पर नहीं होगा। नई एसयूवी में बेहतर ड्राइविंग एक्सपीरियंस और कनेक्टिविटी देने पर भी जोर रहेगा। इसके साथ एसी फास्ट चार्जर, हाईवे पर डीसी चार्जर और ऐप के जरिए चार्जिंग नेटवर्क तक पहुंच देने की तैयारी है।

advertisement

भारत में बैटरी सेल पर भी काम

हुंडई बैटरी सेल के मामले में भी भारत में अपनी तैयारी आगे बढ़ा रही है। कंपनी ने इसके लिए एक्साइड के साथ पार्टनरशिप की है और इसमें इन्वेस्टमेंट भी किया है।

कंपनी के मुताबिक इस प्रोजेक्ट पर काम जारी है। सही समय आने पर बैटरी सेल तैयार होने और हुंडई की गाड़ियों में इनके इस्तेमाल को लेकर आगे की जानकारी दी जाएगी।

तेल संकट भी ईवी की तरफ बढ़ा सकता है रुझान

हुंडई ने यह भी कहा कि ईरान-अमेरिका वॉर जैसी स्थिति ने एक बार फिर तेल पर निर्भरता को लेकर चिंता बढ़ाई है। इसका असर ग्राहकों के ईवी की तरफ देखने के नजरिए पर भी पड़ सकता है।

कंपनी का मानना है कि ज्यादा मॉडल, बेहतर चार्जिंग नेटवर्क और सही कीमत वाले प्रोडक्ट मिलने से भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की हिस्सेदारी आगे और तेजी से बढ़ सकती है।