वैष्णो देवी जाने वालों के लिए बड़ी राहत, साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस अब सीधे कटरा तक जाएगी
वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस को कटरा तक बढ़ाने की मंजूरी मिल गई है। इससे पश्चिमी भारत से आने वाले यात्रियों की यात्रा आसान होगी। हालांकि नई सर्विस कब से शुरू होगी, इसकी तारीख अभी सामने नहीं आई है।

In Short
- रेलवे बोर्ड ने साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस को कटरा तक बढ़ाने की मंजूरी दी
- ट्रेन जम्मू के बाद उधमपुर होते हुए श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी
- नई सर्विस शुरू होने की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है
माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पश्चिमी भारत से कटरा जाने वाले यात्रियों का सफर जल्द आसान होने वाला है। अब उन्हें जम्मू तवी पहुंचने के बाद कटरा जाने के लिए अलग ट्रेन या दूसरे ट्रांसपोर्ट का इंतजाम नहीं करना पड़ेगा। रेलवे बोर्ड ने साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस को कटरा तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद गुजरात, राजस्थान, पंजाब समेत कई इलाकों से आने वाले यात्रियों को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। आइए जानते हैं ट्रेन का नया रूट क्या होगा और यह सर्विस कब से शुरू हो सकती है।
Railway Board ने दी एक्सटेंशन को मंजूरी
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे बोर्ड ने बुधवार को साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस की सर्विस को श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन तक बढ़ाने की मंजूरी दी है। अभी तक यह ट्रेन जम्मू तवी तक चलती है। ऐसे में कटरा जाने वाले यात्रियों को जम्मू में उतरकर आगे के सफर के लिए अलग व्यवस्था करनी पड़ती है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: 17 लाख पाउंड में खरीदा आइलैंड, कुछ साल बाद ऐसा बदला नजारा कि हर कोई रह गया हैरान
जम्मू के बाद इन स्टेशनों से होकर जाएगी ट्रेन
नॉर्दर्न रेलवे के जम्मू डिवीजन के मुताबिक, एक्सटेंशन के बाद ट्रेन जम्मू से आगे भी अपना सफर जारी रखेगी। जम्मू के बाद यह शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशन, उधमपुर पर रुकेगी और इसके बाद श्री माता वैष्णो देवी रेलवे स्टेशन, कटरा पहुंचेगी।
पश्चिमी भारत के यात्रियों को मिलेगा फायदा
इस फैसले से खासतौर पर गुजरात, राजस्थान, पंजाब और पश्चिमी भारत के दूसरे हिस्सों से वैष्णो देवी जाने वाले हजारों यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। यात्रियों को अब जम्मू तवी पर ट्रेन बदलने या कटरा पहुंचने के लिए अलग ट्रांसपोर्ट लेने की जरूरत नहीं होगी।
समय और एक्स्ट्रा खर्च दोनों कम होने की उम्मीद
अधिकारियों के मुताबिक, सीधी ट्रेन सर्विस मिलने से यात्रियों के सफर का समय कम हो सकता है। इसके साथ ही जम्मू से कटरा तक अलग वाहन या दूसरी ट्रेन के लिए होने वाला एक्स्ट्रा खर्च भी बच सकता है। इससे वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों की पूरी जर्नी पहले के मुकाबले ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगी।
कब से शुरू होगी Katra तक ट्रेन?
रेलवे बोर्ड ने ट्रेन को कटरा तक बढ़ाने की मंजूरी तो दे दी है, लेकिन नई सर्विस शुरू होने की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। रेलवे की ओर से फाइनल डेट तय होने के बाद इसके बारे में अलग से जानकारी दी जाएगी।
टिकट बुकिंग से पहले यहां चेक करें अपडेट
यात्रियों को रिजर्वेशन और ट्रेन की लेटेस्ट जानकारी के लिए आईआरसीटीसी वेबसाइट, मोबाइल ऐप या रेलवे स्टेशन के इन्क्वायरी काउंटर पर अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है। कटरा तक ट्रेन बढ़ने से माता वैष्णो देवी धाम के लिए रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ धार्मिक टूरिज्म को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।