तमिलनाडु राउंडटेबल में सीएम विजय होंगे शामिल, सरकार के 100 दिनों के कामकाज पर होगी चर्चा
तमिलनाडु की राजनीति और विकास से जुड़े बड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए इंडिया टुडे तमिलनाडु राउंडटेबल आयोजित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री जोसेफ सी विजय इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। सरकार के 100 दिनों के कामकाज से लेकर निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और नीति से जुड़े विषयों पर मंथन होगा।

In Short
- तमिलनाडु के सीएम जोसेफ सी विजय चेन्नई में इंडिया टुडे तमिलनाडु राउंडटेबल का उद्घाटन करेंगे और इंडिया टुडे तमिल यूट्यूब चैनल लॉन्च करेंगे।
- राउंडटेबल में सरकार के 100 दिनों के कामकाज, राजनीति, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
- कार्यक्रम में राजनीतिक नेताओं, नीति विशेषज्ञों और उद्योग जगत की हस्तियां तमिलनाडु की चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर अपनी बात रखेंगी।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ सी विजय सोमवार को चेन्नई में आयोजित होने वाले इंडिया टुडे तमिलनाडु राउंडटेबल का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम राज्य सरकार के पहले 100 दिनों के कामकाज, राजनीतिक माहौल, आर्थिक स्थिति और प्रशासन से जुड़ी चुनौतियों पर केंद्रित होगा।
मुख्यमंत्री विजय इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे और राउंडटेबल की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही वह इंडिया टुडे तमिल यूट्यूब चैनल को भी लॉन्च करेंगे।
सरकार के 100 दिनों के कामकाज पर पेश होगी रिपोर्ट
राउंडटेबल के शुरुआती सत्र के बाद खेल मंत्री आधव अर्जुन सरकार के 100 दिनों का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। इस दौरान सरकार के कामकाज और राज्य से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में राजनीति, नीति निर्माण, उद्योग और मनोरंजन जगत से जुड़े कई प्रमुख लोग शामिल होंगे।
राजनीतिक मुद्दों पर होगी चर्चा
राउंडटेबल में तमिलनाडु की राजनीति से जुड़े कई अहम सत्र रखे गए हैं। बीजेपी छोड़कर हाल ही में स्वतंत्र जमीनी राजनीतिक आंदोलन शुरू करने वाले के अन्नामलाई एक सत्र में शामिल होंगे, जिसका नाम 'अन्नामलाई बियॉन्ड बीजेपी' रखा गया है।
वहीं परिसीमन यानी डिलिमिटेशन पर होने वाले सत्र में एमडीएमके सांसद दुरई वाइको, कांग्रेस सांसद प्रवीण चक्रवर्ती, बीजेपी नेता तमिलिसाई सुंदरराजन और डीएमके प्रवक्ता सलेम धरनीधरन हिस्सा लेंगे।
कावेरी मुद्दे से लेकर राजनीतिक बहस तक
पीएमके सांसद अंबुमणि रामदास कावेरी मुद्दे पर अपनी बात रखेंगे। इसके अलावा डीएमके सांसद दयानिधि मारन भी एक अलग सत्र में शामिल होंगे।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: सात अमृत भारत ट्रेनों को रेलवे बोर्ड की मंजूरी, धनबाद से कोयंबटूर और गोरखपुर से दिल्ली-मुंबई तक बनेंगे नए कनेक्शन
कार्यक्रम में एक राजनीतिक बहस 'सुपर संदाई' भी होगी, जिसमें टीवीके प्रवक्ता फेलिक्स गेराल्ड, बीजेपी तमिलनाडु युवा विंग अध्यक्ष एसजी सूर्याह, एआईएडीएमके प्रवक्ता कोयंबटूर सत्यन और राजनीतिक विश्लेषक मुरलीकृष्णन चिनादुरई हिस्सा लेंगे।
निवेश और राज्य की आर्थिक स्थिति पर फोकस
राउंडटेबल में तमिलनाडु के निवेश माहौल पर भी चर्चा होगी। इसमें उद्योग जगत से जुड़े जे रफीक अहमद, बाला रामाजयम, जोस चार्ल्स मार्टिन और जेएस राजकुमार शामिल होंगे।
इसके अलावा भ्रष्टाचार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, ऊर्जा, वित्त, स्वास्थ्य और मनोरंजन जैसे विषयों पर भी अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
शिक्षा स्वास्थ्य और ऊर्जा जैसे मुद्दों पर चर्चा
भ्रष्टाचार से जुड़ी चर्चा में बीजेपी नेता ए अश्वत्थामन और टीवीके प्रवक्ता अमेरिकाई वी नारायणन हिस्सा लेंगे। वहीं राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर टीवीके नेता एम सत्य कुमार, बीजेपी सचिव विनोज पी सेल्वम और शिक्षा विशेषज्ञ पीबी प्रिंस गजेंद्र बाबू चर्चा करेंगे।ऊर्जा और कानून मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार बिजली क्षेत्र पर आयोजित सत्र में शामिल होंगे। इसके बाद वित्त मंत्री एनएम मैरी विल्सन वित्त से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री केजी अरुणा राज राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा करेंगी। राउंडटेबल का समापन संगीत कार्यक्रम के साथ होगा, जिसमें संगीतकार, निर्माता और गायक साई अब्यंक्कर प्रस्तुति देंगे।
यह कार्यक्रम ऐसे समय हो रहा है जब मुख्यमंत्री विजय की सरकार अपने पहले 100 दिन पूरे कर चुकी है। इसमें राज्य के भविष्य की दिशा और प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा होगी।