‘गलत लोगों को जिम्मेदारी...’ वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की बुरी तरह हार के बाद शोएब अख्तर का बड़ा हमला
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने इस हार के लिए सीधे तौर पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को जिम्मेदार ठहराया है। उनके बयान के बाद बोर्ड के प्रशासन और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Shoaib Akhtar: बीते रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच हुए टी-20 वर्ल्ड कप मैच में पाकिस्तान की बुरी तरह हार हुई। भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर टूर्नामेंट में एक और जीत दर्ज की।
इस हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने इस हार के लिए सीधे तौर पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को जिम्मेदार ठहराया है। उनके बयान के बाद बोर्ड के प्रशासन और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अख्तर ने पीसीबी पर साधा निशाना
हार के बाद शोएब अख्तर ने पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी (Mohsin Naqvi) की क्षमता पर सवाल उठाए। मैच के बाद दिए एक इंटरव्यू में अख्तर ने कहा कि गलत लोगों को जिम्मेदारी देना सबसे बड़ी गलती है। उनका इशारा सीधे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर था, जिसे उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट के गिरते स्तर का मुख्य कारण बताया।
सीनियर खिलाड़ियों को भी ठहराया जिम्मेदार
अपने बयान में अख्तर ने बोर्ड के साथ-साथ टीम के सीनियर खिलाड़ियों की भी आलोचना की। उन्होंने बाबर आजम (Babar Azam), शाहीन शाह आफरीदी (Shaheen Shah Afridi) और शादाब खान (Shadaab Khan) जैसे खिलाड़ियों के लगातार खराब प्रदर्शन पर सवाल उठाए। अख्तर ने टीम में बढ़ते 'स्टार कल्चर' की ओर इशारा करते हुए कहा कि इसका सबसे ज्यादा नुकसान टीम के प्रदर्शन को हुआ है।
गलत व्यक्ति को सौंपी गई जिम्मेदारी?
अख्तर ने कहा कि जब किसी संस्था की कमान अयोग्य व्यक्ति को दे दी जाती है, तो उसका नुकसान पूरे सिस्टम को उठाना पड़ता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि खिलाड़ियों के चयन में क्रिकेटिंग क्षमता से ज्यादा अन्य बातों को महत्व दिया जा रहा है। उनके बयान का सीधा निशाना पीसीबी नेतृत्व पर माना जा रहा है।
विवादों में रहा नकवी का कार्यकाल
सिर्फ अख्तर ही नहीं, बल्कि पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) भी पहले कह चुके हैं कि पीसीबी प्रमुख को एक साथ कई जिम्मेदारियां लेने से बचना चाहिए।
यह पहली बार नहीं है जब बोर्ड के कामकाज पर सवाल उठे हैं। पिछले साल एशिया कप से लेकर मौजूदा आईसीसी टूर्नामेंट तक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड लगातार विवादों में रहा है - चाहे टूर्नामेंट बहिष्कार की चेतावनी हो या कूटनीतिक बयानबाजी।