राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक आज, चढ़ावा चोरी मामले पर हो सकता है बड़ा फैसला
अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट की आज होने वाली बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है। चढ़ावा चोरी मामले के बाद ट्रस्ट की व्यवस्था, इस्तीफों और आगे के एक्शन पर सबकी नजर है। बैठक में क्या फैसला होगा और कौन-कौन शामिल होगा, जानिए पूरी खबर में।

In Short
- राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक अयोध्या में दोपहर 3 बजे ट्रस्ट की अहम बैठक होगी।
- बैठक में महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला लिया जा सकता है।
- मंदिर की व्यवस्था बेहतर करने के लिए CEO की नियुक्ति और नए प्रबंधन सिस्टम पर चर्चा हो सकती है।
Ram Mandir Donation Theft Case: अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चंदा और चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद सोमवार को होने वाली श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक काफी अहम मानी जा रही है। यह बैठक दोपहर 3 बजे राम मंदिर परिसर में होगी।
माना जा रहा है कि इस बैठक में चढ़ावा चोरी मामले, एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट, ट्रस्ट के कामकाज और आगे क्या एक्शन लिया जाए, इस पर चर्चा हो सकती है।
चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा सवालों के घेरे में हैं। दोनों के इस्तीफे के बाद यह बैठक और भी अहम हो गई है। संभावना है कि बैठक में उनके इस्तीफों पर फैसला लिया जा सकता है।
बैठक में कौन-कौन होगा शामिल
इस बैठक की अध्यक्षता श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज करेंगे। हालांकि तबीयत ठीक न होने की वजह से वह अपने आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल होंगे।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा खुलासा! बैंक खाते, मोबाइल चैट और करोड़ों के ट्रांजैक्शन की जांच तेज
बैठक के लिए सभी 14 ट्रस्टियों को बुलाया गया है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने सभी सदस्यों को बैठक की जानकारी भेजी है।
भारत सरकार के सचिव प्रशांत लोखंडे और प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल होंगे। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
बैठक का मुख्य एजेंडा क्या होगा
बैठक का मुख्य एजेंडा चंदा और चढ़ावा चोरी मामले पर मंथन माना जा रहा है। इसमें एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट की समीक्षा हो सकती है। साथ ही चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर फैसला लिया जा सकता है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: ED ने पहली बार जब्त विमान की नीलामी कर रचा इतिहास, 3 करोड़ रुपये में बिका Hawker 800A - जानें पूरा मामला
बैठक में 2025-26 वित्तीय वर्ष की आय और खर्च की जानकारी भी रखी जा सकती है। इसके अलावा बैलेंस शीट और दूसरी वित्तीय जानकारी को मंजूरी के लिए पेश किया जा सकता है।
नए सिस्टम पर भी हो सकती है चर्चा
राम मंदिर की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नए सिस्टम पर भी बात हो सकती है। मंदिर के कामकाज की देखरेख के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO की नियुक्ति पर चर्चा हो सकती है।
चढ़ावा चोरी मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट के प्रबंधन को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में यह बैठक आगे की व्यवस्था के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।