नोएडा-दिल्ली जाने वालों के लिए अलर्ट, ग्रेटर नोएडा से DND तक 5 KM लंबा जाम
ग्रेटर नोएडा से नोएडा-दिल्ली जाने वाले मार्ग पर लंबा ट्रैफिक जाम लगने से हजारों वाहन फंस गए। VVIP मूवमेंट और यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं। जानिए जाम की वजह, प्रतिबंधित रास्ते और एक्सपोमार्ट जाने के लिए तय रूट।

In Short
- ग्रेटर नोएडा से नोएडा-दिल्ली जाने वाले रास्ते पर एमिटी यूनिवर्सिटी से DND तक करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लगा।
- VVIP मूवमेंट और यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की।
- 24 से 29 सितंबर तक एक्सप्रेसवे और एक्सपोमार्ट के आसपास भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा।
ग्रेटर नोएडा से नोएडा और दिल्ली की तरफ जाने वाले मार्ग पर गुरुवार को लंबा जाम देखने को मिला। एमिटी यूनिवर्सिटी से लेकर डीएनडी तक करीब 5 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसमें हजारों वाहन फंस गए। जाम की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दलित प्रेरणा स्थल और महामाया फ्लाईओवर के पास बनी जाम की स्थिति
जाम का असर खास तौर पर दलित प्रेरणा स्थल और महामाया फ्लाईओवर के सामने देखने को मिला। यहां हालात ऐसे बन गए कि कई जगहों पर चक्का-जाम जैसी स्थिति नजर आई। वाहन चालकों को काफी देर तक सड़क पर रुकना पड़ा।
कई राहगीरों ने बताया कि जाम काफी लंबा है और वे काफी समय से रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि अपनी मंजिल तक पहुंच सकें।
VVIP मूवमेंट की वजह से लगा जाम
ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के मुताबिक, VVIP मूवमेंट की वजह से जाम जैसी स्थिति बनी। ट्रैफिक पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए मोर्चा संभाल लिया है और वाहनों की आवाजाही सामान्य कराने की कोशिश की जा रही है।
ट्रेड शो को लेकर जारी की गई एडवाइजरी
ग्रेटर नोएडा के एक्सपोमार्ट में 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन होना है। इस कार्यक्रम में कई खास मेहमानों के पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसे देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही ट्रैफिक प्लान जारी किया है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: तीन साल बाद भारत लौटेगा IPL Auction, गोवा में होगी 2027 सीजन की खिलाड़ियों की नीलामी
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर से 29 सितंबर तक रोजाना सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास के रास्तों पर भारी मालवाहक वाहन, मध्यम मालवाहक वाहन और हल्के मालवाहक वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी।
इन वाहनों को मिलेगी छूट
ट्रैफिक प्रतिबंधों के बावजूद दूध, फल, सब्जियां जैसी रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े वाहनों और चिकित्सीय वाहनों को छूट दी गई है।
एक्सपोमार्ट जाने के लिए तय किया गया रूट
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से एक्सपोमार्ट जाने वाले वाहन हिन्डन कट से सर्विस रोड होते हुए संस्कृति मंत्रालय तिराहा, फिर पुस्ता रोड और एक्यूरेट कॉलेज तिराहा होते हुए नासा बड़े गोलचक्कर की पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकेंगे। इसके बाद लोग एक्सपोमार्ट पहुंच सकेंगे।
वहीं, एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन गलगोटिया कट से एक्सपोमार्ट गोलचक्कर होते हुए नासा बड़े गोलचक्कर की पार्किंग में वाहन पार्क कर सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से तय रूट का पालन करने की अपील की है।