नेपाल की बाढ़ में डूबा बैंक तो 8 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, अंदर से निकला 50 करोड़ नेपाली रुपये का सोना
नेपाल में भोटेकोशी नदी की भीषण बाढ़ के बीच त्रिशूली स्थित कृषि विकास बैंक की शाखा से करोड़ों की संपत्ति सुरक्षित निकाली गई। करीब आठ घंटे चले अभियान में सोना नकदी चांदी और जरूरी दस्तावेज बरामद हुए। वहीं देशभर में राहत और बचाव अभियान बड़े स्तर पर जारी है।

In Short
- नेपाल में बाढ़ से डूबी बैंक शाखा से करीब 50 करोड़ नेपाली रुपये का सोना बरामद किया गया।
- करीब 8 घंटे चले अभियान में नकदी चांदी और जरूरी दस्तावेज भी सुरक्षित बाहर निकाले गए।
- नेपाल में अब तक 9,435 लोगों को सुरक्षित निकाला गया जबकि 20,618 सुरक्षाकर्मी राहत-बचाव में तैनात हैं।
नेपाल में भोटेकोशी नदी की भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। बाढ़ का पानी नुवाकोट जिले के त्रिशूली इलाके में स्थित कृषि विकास बैंक की शाखा में भी घुस गया था। पूरा बैंक परिसर पानी और मलबे की चपेट में आ गया। कई दिनों बाद हालात कुछ सामान्य हुए तो बैंक के अंदर फंसी करोड़ों की संपत्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बड़ा अभियान चलाया गया।
बैंक से निकाला गया करोड़ों का सोना
पुलिस के मुताबिक 10 भाद्र को आई बाढ़ में कृषि विकास बैंक की त्रिशूली-ढुंगे शाखा पूरी तरह प्रभावित हुई थी। पानी और मलबे के कारण बैंक के लॉकर और दूसरे हिस्सों तक पहुंचना आसान नहीं था। इसके बावजूद पुलिस और संबंधित टीमों ने करीब 8 घंटे तक लगातार अभियान चलाया।
अधिकारियों के मुताबिक बैंक से करीब 50 करोड़ नेपाली रुपये कीमत का सोना सुरक्षित निकाला गया। इसके साथ ही करीब डेढ़ करोड़ नेपाली रुपये नकद, चांदी और अन्य कीमती सामान भी बरामद किया गया। बैंक के जरूरी दस्तावेजों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
पानी और मलबे के बीच चला अभियान
भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के कारण नेपाल के कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तेज बहाव से सड़कें और आसपास के इलाके पानी में डूब गए। कई जगह पानी के साथ भारी मलबा जमा होने के कारण राहत और बचाव अभियान में भी परेशानी आई।
त्रिशूली की बैंक शाखा में बाढ़ का पानी भरने के बाद सबसे बड़ी चिंता वहां रखे सोने, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की थी। बचाव दल ने जोखिम के बीच बैंक के अंदर पहुंचकर एक-एक कर कीमती सामान बाहर निकाला। करीब 8 घंटे के अभियान के बाद करोड़ों रुपये की संपत्ति सुरक्षित मिलने से बैंक अधिकारियों और प्रशासन ने राहत की सांस ली।
अब तक 9435 लोगों का रेस्क्यू
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने बताया कि पिछले पांच दिनों से जारी प्राकृतिक आपदा के बीच राहत, बचाव और पुनर्वास का काम तेजी से चल रहा है। उनके मुताबिक अब तक 9,435 लोगों को हवाई और सड़क मार्ग से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: नेपाल में बाढ़ की तबाही के बाद 96 अज्ञात शव दफन, DNA सैंपल से होगी मृतकों की पहचान
राहत और बचाव के लिए कुल 394 उड़ानें संचालित की गई हैं। इनमें रविवार को 72 उड़ानें हुईं। प्रभावित इलाकों में नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के 20,618 सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।
भारत समेत कई देशों की टीमें जुटीं
जलविद्युत परियोजना क्षेत्रों से नेपाली सेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से 279 लोगों को निकाला गया है। भारतीय विशेषज्ञ टीम की मदद से रसुवा में अपर त्रिशूली-1 परियोजना के आसपास दो दिनों में 250 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
भारत के साथ चीनी और कोरियाई विशेषज्ञ दल भी नेपाली सेना के साथ बचाव अभियान चला रहे हैं। भारतीय टीम सुरंग के भीतर करीब तीन किलोमीटर तक जाकर खोज अभियान चला रही है। नेपाल में बाढ़ से अब तक 781 लोगों की मौत की जानकारी दी गई है।