ईरान ने भारतीय छात्रों के लिए खोला एयरस्पेस, आज रात दिल्ली आएगी 1,000 इंडियन स्टूडेंट की पहली फ्लाइट

माहरान एयर (Mahan Air) की चार्टर्ड फ्लाइट्स के जरिए 1,000 भारतीय छात्रों को वापस लाया जाएगा। पहली फ्लाइट आज रात दिल्ली में लैंड करेगी।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

Iran-Israel Conflict: ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच भारत ने ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत फंसे भारतीय नागरिकों की वापसी शुरू कर दी है। ईरान ने भारतीय छात्रों को निकालने के लिए अपना एयरस्पेस खोल दिया है। माहरान एयर (Mahan Air) की चार्टर्ड फ्लाइट्स के जरिए 1,000 भारतीय छात्रों को वापस लाया जाएगा। पहली फ्लाइट आज रात दिल्ली में लैंड करेगी।

विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुधवार को यह ऑपरेशन शुरू किया था। ईरान की राजधानी तेहरान के केशावरज स्ट्रीट इलाके में एक मेडिकल छात्रों के हॉस्टल पर हमले की खबरों के बाद यह कदम उठाया गया है। कुछ छात्रों के घायल होने की पुष्टि के बाद भारतीय दूतावास ने त्वरित रूप से ये कार्रवाई की है। तेहरान स्थित भारतीय मिशन और ईरानी विदेश मंत्रालय के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है।

MEA ने बताया कि ईरान में करीब 4,000 भारतीय रहते हैं, जिनमें लगभग 2,000 छात्र हैं। इनमें से 110 छात्रों को पहले ही उत्तरी ईरान से सुरक्षित निकालकर अर्मेनिया पहुंचाया गया था। ये छात्र सड़क मार्ग से अर्मेनियाई राजधानी येरेवान पहुंचे और 18 जून को दोपहर 2:55 बजे एक विशेष विमान से भारत के लिए रवाना हुए।

MEA ने ईरान और अर्मेनिया सरकार का आभार जताते हुए कहा कि दोनों देशों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान सुचारू रूप से चल रहा है। मौजूदा हालात को देखते हुए भारत सरकार लगातार ऐसे कदम उठा रही है ताकि ईरान में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

भारतीय दूतावास स्थानीय स्तर पर हालात का जायजा लेकर छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर रहा है और जरूरत पड़ने पर हवाई मार्ग से उन्हें भारत भेजा जा रहा है। भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे दूतावास की इमरजेंसी हेल्पलाइन और नई दिल्ली स्थित MEA के 24x7 कंट्रोल रूम से संपर्क में रहें।

Read more!
Advertisement