लाल किले से मेहरानगढ़ तक, 15 अगस्त पर घूमने के लिए ये 10 किले हैं खास
15 अगस्त की छुट्टी पर कहीं घूमने का प्लान है तो इस बार सफर को इतिहास से जोड़ सकते हैं। दिल्ली के लाल किले से लेकर राजस्थान के मेहरानगढ़ और चित्तौड़गढ़ तक, देश में कई शानदार किले हैं। जानिए उन 10 ऐतिहासिक किलों के बारे में, जिन्हें आप ट्रैवल लिस्ट में रख सकते हैं।

In Short
- 15 अगस्त की छुट्टी में परिवार के साथ भारत के ऐतिहासिक किलों की यात्रा का प्लान बना सकते हैं।
- मेहरानगढ़, लाल किला, चित्तौड़गढ़ और आगरा किला इतिहास और शानदार वास्तुकला के लिए मशहूर हैं।
- लोहागढ़, कांगड़ा और गोलकुंडा जैसे किले इतिहास के साथ खूबसूरत लोकेशन का अनुभव भी देते हैं।
15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस देश के इतिहास, आजादी और गौरव से जुड़ा बेहद खास दिन है। अगर आप इस मौके पर परिवार के साथ कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो ऐसी जगहों पर जा सकते हैं जहां सफर के साथ इतिहास को भी करीब से जानने का मौका मिले। भारत के अलग-अलग राज्यों में कई ऐसे किले हैं, जो अपनी वास्तुकला, भव्यता और ऐतिहासिक कहानियों के लिए आज भी लोगों को आकर्षित करते हैं।
1) मेहरानगढ़ किला, राजस्थान
जोधपुर का मेहरानगढ़ किला राजस्थान की शान माना जाता है। करीब 500 साल पुराने इस किले का निर्माण राव जोधा ने करवाया था। यह ऊंची पहाड़ी पर बना है, जहां से जोधपुर शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। किले के अंदर मोती महल, शीश महल, चामुंडा देवी मंदिर और म्यूजियम भी मौजूद हैं।
2) लाल किला, दिल्ली
स्वतंत्रता दिवस और दिल्ली के लाल किले का रिश्ता बेहद खास है। हर साल 15 अगस्त को प्रधानमंत्री इसी किले से देश को संबोधित करते हैं।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: 15 अगस्त की छुट्टी बनाएं खास, परिवार के साथ घूमने के लिए बेस्ट हैं ये 5 ऐतिहासिक जगहें
लाल किला मुगल स्थापत्य का भी शानदार उदाहरण है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के आसपास यहां जाना अपने आप में खास अनुभव हो सकता है।
3) ग्वालियर किला, मध्य प्रदेश
ग्वालियर का किला अपनी विशाल बनावट और खूबसूरत नक्काशी के लिए जाना जाता है। यहां का गूजरी महल और किले की बड़ी दीवारें पर्यटकों को खास तौर पर आकर्षित करती हैं। इतिहास और विरासत में रुचि रखने वालों के लिए यह जगह अच्छा विकल्प हो सकती है।
4) लोहागढ़ किला, महाराष्ट्र
लोनावला के पास स्थित लोहागढ़ किला इतिहास के साथ ट्रेकिंग पसंद करने वालों के लिए खास है। मानसून के दौरान यहां चारों तरफ हरियाली छा जाती है और पहाड़ी रास्ते सफर को और खूबसूरत बना देते हैं। इसका विंचू काटा हिस्सा भी पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है।
5) सोनार किला, राजस्थान
जैसलमेर का सोनार किला पीले बलुआ पत्थरों से बना है। सूरज की रोशनी पड़ने पर इसकी दीवारें सुनहरी नजर आती हैं, इसी वजह से इसे सोनार किला कहा जाता है। रेगिस्तान के बीच बना यह किला राजस्थान की संस्कृति और वास्तुकला की शानदार झलक दिखाता है।
6) गोलकुंडा किला, हैदराबाद
गोलकुंडा किला ग्रेनाइट की पहाड़ी पर बना है। इसकी विशाल दीवारें, बड़े दरवाजे और खास बनावट इसे अलग पहचान देते हैं। इतिहास से जुड़े किस्सों में दिलचस्पी रखने वालों के लिए यह किला देखने लायक है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: घूमने का बना रहे हैं प्लान? जनवरी से दिसंबर तक जानें किस महीने कौन-सी जगह रहेगी बेस्ट
7) कुंभलगढ़ किला, राजस्थान
राजसमंद का कुंभलगढ़ किला अपनी करीब 36 किलोमीटर लंबी दीवार के लिए जाना जाता है। इसके अंदर कई मंदिर और ऐतिहासिक इमारतें मौजूद हैं। यहां पहुंचकर राजस्थान के राजसी इतिहास और वास्तुकला को करीब से देखा जा सकता है।
8) चित्तौड़गढ़ किला, राजस्थान
चित्तौड़गढ़ किला राजपूत वीरता, शौर्य और बलिदान की कहानियों से जुड़ा है। पहाड़ी पर फैले इस किले में सात प्रवेश द्वार, कई महल, मंदिर और विजय स्तंभ मौजूद हैं।
9) कांगड़ा किला, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश का कांगड़ा किला देश के पुराने किलों में गिना जाता है। पहाड़ों और नदियों के बीच मौजूद यह जगह इतिहास के साथ प्राकृतिक खूबसूरती का भी अनुभव कराती है।
10) आगरा किला, उत्तर प्रदेश
आगरा का किला मुगल काल की भव्य वास्तुकला का शानदार उदाहरण है। यह यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है। किले के अंदर मोती मस्जिद, दीवान-ए-खास और शीश महल जैसे आकर्षण मौजूद हैं। आगरा घूमने का प्लान हो तो ताजमहल के साथ इस किले को भी देखा जा सकता है।