Delhi-NCR में बारिश से मौसम सुहाना, यूपी के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Delhi-NCR में बारिश से मौसम सुहाना हो गया है, लेकिन यूपी और बिहार के कई इलाकों में हालात चिंता बढ़ा रहे हैं। कहीं भारी बारिश का अलर्ट है, तो कहीं नदियों का पानी तेजी से बढ़ रहा है। जानिए आज किन जिलों में ज्यादा बारिश हो सकती है और आगे मानसून कब जोर पकड़ेगा।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान है।
  • उत्तर प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
  • बिहार की कोसी और कमला बलान नदियों का जलस्तर बढ़ने का अनुमान है।

By Gaurav Kumar:

Delhi NCR Rain: Delhi-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार तक बारिश का असर देखने को मिल रहा है। कहीं हल्की बूंदाबांदी ने गर्मी से राहत दी है, तो कहीं लगातार बारिश के कारण पानी भरने और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

मौसम विभाग ने यूपी के 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में जानते हैं कि दिल्ली-NCR और आसपास के राज्यों में आज मौसम कैसा रहने वाला है।

Delhi-NCR में दिनभर छाए रहेंगे बादल

Delhi-NCR  के कुछ इलाकों में बुधवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के मुताबिक, दिल्ली में दिनभर आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं।

सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर मध्यम बारिश भी देखने को मिल सकती है। इस दौरान आंधी आने, बिजली चमकने और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।

शाम से रात के बीच कुछ इलाकों में दोबारा हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 31°C से 33°C और न्यूनतम तापमान 24°C से 26°C के बीच रह सकता है। मौसम विभाग ने 23 जुलाई के लिए भी Delhi-NCR में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

यूपी के कई शहरों में दर्ज हुई बारिश

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक, 21 जुलाई को प्रयागराज में सबसे ज्यादा 96 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अलीगढ़ में 70 मिलीमीटर, बहराइच में 56 मिलीमीटर और आजमगढ़ में 48 मिलीमीटर बारिश हुई।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: भारत के क्लाउड मैप पर अचानक बढ़ी सफेदी, आखिर किस बड़े बदलाव का मिल रहा है संकेत?

कानपुर में 41 मिलीमीटर, शाहजहांपुर में 34 मिलीमीटर, मेरठ में 31 मिलीमीटर और लखनऊ में 19 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

अस्पतालों में भरा पानी, पुल टूटने से रास्ता बंद

पश्चिमी हिमालय में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब उत्तर प्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। पहाड़ों से आ रहे अतिरिक्त पानी और सक्रिय मानसून के कारण राज्य के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

फिरोजाबाद और उन्नाव के सरकारी अस्पतालों में पानी भरने से इलाज से जुड़ी सेवाओं पर असर पड़ा है। शामली जिले में नहर पर बना एक पुल भी टूट गया। इससे पुल से जुड़ी सड़क करीब 10 फीट तक धंस गई और उस रास्ते पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई।

यूपी के इन 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

IMD ने 22 जुलाई को बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

हालांकि 23 से 25 जुलाई तक मौसम विभाग ने कोई खास चेतावनी जारी नहीं की है। इसके बाद 26 जुलाई से मानसून एक बार फिर जोर पकड़ सकता है।

बिहार में नदियों का जलस्तर बढ़ा

बिहार में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है। लगातार बारिश से कई नदियों का पानी बढ़ रहा है। कोसी और कमला बलान नदियां कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

Read more!
Advertisement