बिहार विधानसभा चुनाव 2025: 2-3 चरणों में हो सकता है चुनाव! दिवाली और छठ की छुट्टियों पर EC कर सकता है विचार

चुनाव आयोग बिहार में चुनाव कार्यक्रम की योजना बनाते समय दिवाली और छठ की छुट्टियों पर विचार कर सकता है।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

Bihar assembly elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का चुनाव 2 से 3 चरणों में होने की संभावना है। इंडिया टुडे टीवी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि चुनाव आयोग बिहार में चुनाव कार्यक्रम की योजना बनाते समय दिवाली और छठ की छुट्टियों पर विचार कर सकता है।

बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है और उससे पहले ही चुनाव आयोग को विधानसभा का चुनाव मतगणना सहित पूरा करना होगा। बिहार में इस साल अक्टूबर या नवंबर में 243 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है।

आदर्श आचार संहिता सितंबर से अक्टूबर के बीच लागू की जा सकती है। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया अक्टूबर से नवंबर के पहले सप्ताह के बीच हो सकती है हालांकि चुनाव आयोग की ओर से अभी आधिकारिक प्रेस रिलीज का इंतजार है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चुनाव तैयारियों की समीक्षा के लिए इस महीने के अंत में बिहार का दौरा कर सकते हैं। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) सहित चुनाव अधिकारियों को चुनावी प्रक्रिया में सटीकता सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।

आयोग ने कहा है कि 6-10 जनवरी, 2025 के बीच बिहार, हरियाणा और दिल्ली में अंतिम मतदाता लिस्ट जारी होने के बाद कोई अपील दायर नहीं की गई। राज्य में पहली बार मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए एक स्पेशल अभियान चलाया जाएगा।

भारतीय चुनाव आयोग ने डुप्लीकेट इलेक्टर्स फोटो आइडेंटिफिकेशन कार्ड (ईपीआईसी) नंबर को खत्म कर दिया है और मतदाता सूची को मृत्यु रिकॉर्ड से जोड़ दिया है।

क्या-क्या हो सकते हैं सुधार?

सुधारों की बात करें तो इसमें प्रति मतदान बूथ मतदाताओं की संख्या 1,500 से घटाकर 1,200 करना, घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अधिक बूथ स्थापित करना और यह सुनिश्चित करना शामिल है कि किसी भी मतदाता को दो किलोमीटर से अधिक पैदल न चलना पड़े। मतदाता पर्ची पर अब सीरियल और पार्ट नंबर छपे हुए होंगे।

कैसे हुआ था पिछला चुनाव?

2020 में, विधानसभा चुनाव 3 चरणों में पूरी हुई थी। पहले चरण के लिए मतदान 28 अक्टूबर, 2020 को 71 सीटों पर हुआ था। दूसरे चरण में 3 नवंबर, 2020 को 94 सीटों के लिए मतदान हुआ था। तीसरे और अंतिम चरण के लिए 7 नवंबर, 2020 को 78 सीटों के लिए मतदान हुआ था। इससे पहले, 2015 में बिहार चुनाव 5 चरणों में हुए थे।

भाजपा के नेतृत्व वाले NDA ने बिहार में सत्ता हासिल करने की तैयारी शुरू कर दी है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार राज्य में रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। दूसरी ओर, लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाला महागठबंधन विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटा है।

Read more!
Advertisement