फुकेत-दिल्ली फ्लाइट घटना के बाद एयर इंडिया का बड़ा फैसला! सभी पायलटों का होगा साइकोएक्टिव टेस्ट

फुकेत-दिल्ली फ्लाइट में हुई घटना के बाद एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। सभी पायलटों की एक खास जांच शुरू की जाएगी। आखिर इस फैसले की जरूरत क्यों पड़ी और इसका असर किस तरह होगा, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।

Advertisement

In Short

  • फुकेत-दिल्ली फ्लाइट घटना के बाद एयरलाइंस का बड़ा फैसला
  • 5 हजार से ज्यादा पायलटों की होगी अनिवार्य जांच
  • पायलट के मारिजुआना टेस्ट में पॉजिटिव आने के बाद उठाया कदम

By Gaurav Kumar:

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस अपने सभी पायलटों का साइकोएक्टिव सब्सटेंस टेस्ट कराने जा रही हैं। यह फैसला फुकेत से दिल्ली आने वाली फ्लाइट में पायलट के टेस्ट में पॉजिटिव आने के बाद लिया गया है। दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह जांच शुरू करने का फैसला किया है, जिसकी शुरुआत गुरुवार से होगी।

5 हजार से ज्यादा पायलटों की होगी जांच

टाटा ग्रुप की दोनों एयरलाइंस में मिलाकर 5,000 से ज्यादा पायलट काम करते हैं। सूत्रों के मुताबिक, सभी पायलटों की जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई भी पायलट ऐसी किसी दवा या पदार्थ का इस्तेमाल तो नहीं कर रहा है, जो मौजूदा नियमों के तहत प्रतिबंधित है।

एयरलाइंस ने अपने पायलटों को भेजे गए आंतरिक संदेश में बताया है कि यह जांच अनिवार्य होगी। इसका मकसद उड़ान सुरक्षा के सबसे ऊंचे स्तर को बनाए रखना और यात्रियों, संबंधित पक्षों और आम लोगों का भरोसा मजबूत करना है।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: Air India AI2379 जांच में बड़ा अपडेट, एक महीने से पहले आएगी रिपोर्ट; फ्लाइंग क्रू पर बढ़ेगी सख्ती

गुरुग्राम अकादमी से लेकर फ्लाइट सेंटर तक होगी जांच

यह जांच अलग-अलग जगहों पर की जाएगी। इसमें गुरुग्राम अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान, फ्लाइट के बाद ब्रीफिंग सेंटर, एयरलाइंस के ऑफिस या फिर संबंधित बेस द्वारा तय की गई जगहों पर पायलटों का टेस्ट होगा।

एयरलाइंस का कहना है कि यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पहले से उठाया गया फैसला है, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही की संभावना को कम किया जा सके।

फुकेत-दिल्ली फ्लाइट में अचानक 300 फीट नीचे आया था विमान

4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 2379 में हवा में तेज हलचल के दौरान विमान अचानक 300 फीट नीचे आ गया था। एयरबस ए320 विमान में उस समय 145 लोग सवार थे, जिसमें 137 यात्री और 8 क्रू सदस्य शामिल थे।

इस घटना में कम से कम 24 लोग घायल हुए थे। इसके बाद विमान के कमांडिंग पायलट का साइकोएक्टिव सब्सटेंस का पुष्टि जांच टेस्ट कराया गया, जिसमें वह पॉजिटिव पाया गया।

पायलट के मारिजुआना टेस्ट में पॉजिटिव आने की बात सामने आई

सूत्रों के अनुसार, कमांडिंग पायलट के टेस्ट में मारिजुआना यानी एक साइकोएक्टिव ड्रग की पुष्टि हुई है। इसके बाद विमान सुरक्षा को लेकर सवाल उठे और अब एयर इंडिया तथा एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने सभी पायलटों की जांच कराने का फैसला किया है।

Read more!
Advertisement