Twitter से X बनने तक की पूरी कहानी! कर्मचारियों के छोटे से प्रोजेक्ट से कैसे बना ग्लोबल प्लेटफॉर्म?
Twitter की शुरुआत एक छोटे कर्मचारी प्रोजेक्ट और SMS सेवा के रूप में हुई थी। 15 जुलाई 2006 को इसे आम लोगों के लिए शुरू किया गया। समय के साथ यह दुनिया का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बना। एलन मस्क की खरीद के बाद इसका नाम बदलकर X कर दिया गया।

In Short
- X को 15 जुलाई 2006 को आम लोगों के लिए लॉन्च किया गया था।
- शुरुआत में यूजर्स SMS के जरिए केवल 140 अक्षरों में मैसेज भेजते थे।
- एलन मस्क ने 2022 में Twitter खरीदा और 2023 में इसका नाम X कर दिया।
20 Years of X: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X, जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था, को 15 जुलाई 2006 को आम लोगों के लिए शुरू किया गया था जिसके आज पूरे 20 साल पूरे हुए हैं।
शुरुआत में इस प्लेटफॉर्म पर लोग केवल छोटे टेक्स्ट मैसेज शेयर कर सकते थे। धीरे-धीरे Twitter खबरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन और लोगों की राय शेयर करने का बड़ा प्लेटफॉर्म बन गया।
एक छोटे आइडिया से शुरू हुआ Twitter
Twitter की शुरुआत सैन फ्रांसिस्को की एक कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों के छोटे से प्रोजेक्ट के रूप में हुई थी। इसे पहले ‘Twttr’ नाम दिया गया था। उस समय कंपनी के कर्मचारी इसका इस्तेमाल एक-दूसरे को छोटे मैसेज भेजने और अपना स्टेटस बताने के लिए करते थे।
ये खबर पढ़ना न भूलें: Google Pixel 11 की लॉन्च डेट आई सामने, इस दिन होगा लॉन्च, जानिए क्या मिलेंगे नए फीचर्स
शुरुआत में लोग एक तय नंबर पर SMS भेजते थे। इसके बाद वह मैसेज उनके दोस्तों तक पहुंच जाता था। उस समय मोबाइल इंटरनेट का इस्तेमाल बहुत कम होता था। ऐसे में SMS के जरिए अपना स्टेटस शेयर करने का यह तरीका लोगों को नया और मजेदार लगा था।
पक्षियों की चहचहाहट से मिला था Twitter नाम
Twitter का नाम पक्षियों की चहचहाहट से लिया गया था। इसके पीछे सोच थी कि लोग छोटे-छोटे मैसेज के जरिए अपनी बात दूसरों तक पहुंचा सकें। कंपनी ने इस प्लेटफॉर्म के लिए Flickr जैसे दूसरे नामों पर भी विचार किया था। हालांकि, आम लोगों के लिए शुरू होने के कुछ महीनों बाद ‘Twttr’ का नाम बदलकर ‘Twitter’ कर दिया गया।
जैक डॉर्सी ने लिखा था पहला ट्वीट
Twitter को शुरू करने वालों में शामिल जैक डॉर्सी ने 21 मार्च 2006 को पहला ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था, “अपना Twitter सेट कर रहा हूं!” इसे Twitter का पहला आधिकारिक मैसेज माना जाता है।
सिर्फ 140 अक्षरों में होती थी बात
शुरुआत में Twitter पर कोई भी पोस्ट केवल 140 अक्षरों में लिखी जा सकती थी। यह सीमा SMS की तकनीक को ध्यान में रखकर तय की गई थी। बाद में यूजर्स को ज्यादा लिखने की सुविधा देने के लिए यह सीमा बढ़ाकर 280 अक्षर कर दी गई।
एलन मस्क की एंट्री के बाद Twitter बना X
एलन मस्क ने 27 अक्टूबर 2022 को करीब 3.6 लाख करोड़ रुपये में Twitter को खरीद लिया था। इसके बाद प्लेटफॉर्म में कई बड़े बदलाव किए गए। 24 जुलाई 2023 को मस्क ने Twitter का नाम बदलकर X कर दिया। हालांकि, आज भी बहुत से लोग इसे Twitter के नाम से ही जानते हैं।