WhatsApp ने भेजा जवाब, क्या भारत में शुरू हो पाएगा यूजरनेम फीचर? जानिए कहां अटका मामला

WhatsApp ने यूजरनेम फीचर को लेकर सरकार के नोटिस का जवाब भेज दिया है। इस फीचर से लोग मोबाइल नंबर बताए बिना चैट कर सकेंगे। सरकार को डर है कि नकली यूजरनेम के जरिए ऑनलाइन ठगी, फर्जी पहचान और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामले बढ़ सकते हैं। फिलहाल भारत में फीचर लॉन्च नहीं होगा।

Advertisement
AI generated image

In Short

  • WhatsApp ने यूजरनेम फीचर पर सरकार को अपना जवाब भेज दिया है।
  • नए फीचर से मोबाइल नंबर बताए बिना किसी व्यक्ति को मैसेज किया जा सकेगा।
  • सरकार को नकली पहचान, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट के मामले बढ़ने का डर है।

By Gaurav Kumar:

WhatsApp username feature: WhatsApp ने अपने नए यूजरनेम फीचर को लेकर केंद्र सरकार के नोटिस का जवाब भेज दिया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय अब कंपनी के जवाब को देख रहा है। सरकार को डर है कि मोबाइल नंबर बताए बिना चैट करने की सुविधा से ऑनलाइन ठगी, फर्जी मैसेज, डिजिटल अरेस्ट और किसी दूसरे के नाम पर धोखा देने के मामले बढ़ सकते हैं।

भारत में फिलहाल लॉन्च नहीं होगा फीचर

सरकार ने WhatsApp की पैरेंट कंपनी Meta से कहा था कि वह भारत में यूजरनेम फीचर फिलहाल लॉन्च न करे। सरकार चाहती है कि इस फीचर से जुड़े सभी सवालों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर पहले पूरी तरह चर्चा हो जाए।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, WhatsApp ने गुरुवार को अपना जवाब भेज दिया है। हालांकि, कंपनी ने अपने जवाब में क्या कहा है, इसकी जानकारी अभी सबके सामने नहीं आई है । 

WhatsApp को पहले तय समय सीमा के भीतर जवाब देना था, लेकिन कंपनी ने जवाब तैयार करने के लिए कुछ और समय मांगा था। इसके बाद मंत्रालय ने उसे चार दिन का और टाइम दे दिया, जो गुरुवार को खत्म हो गया।

क्या है WhatsApp का यूजरनेम फीचर?

इस फीचर के आने के बाद WhatsApp यूजर अपना मोबाइल नंबर बताए बिना किसी दूसरे इंसान से चैट कर सकेंगे। हर यूजर अपनी पसंद का एक अलग नाम चुन सकेगा, जिसे यूजरनेम कहा जाएगा।

लोग मोबाइल नंबर की जगह उस यूजरनेम को खोजकर मैसेज भेज सकेंगे। इससे किसी अनजान इसान को अपना मोबाइल नंबर देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ये खबर पढ़ना न भूलें: WhatsApp ला रहा नया ग्रीन डॉट फीचर, अब बिना चैट खोले पता चलेगा कौन है ऑनलाइन

यह फीचर यूजर की निजी जानकारी को सेफ रखने में मदद कर सकता है। लेकिन सरकार को चिंता है कि ठग नकली यूजरनेम बनाकर किसी इंसान, बैंक, कंपनी या सरकारी विभाग के नाम पर लोगों को धोखा दे सकते हैं।

सरकार ने बताया साइबर ठगी का खतरा

सरकार ने 1 जुलाई को WhatsApp को नोटिस भेजा था। इसमें कहा गया था कि इस फीचर से ऑनलाइन अपराध बढ़ने के डर को ध्यान में रखते हुए कंपनी से इस बारे में साफ जवाब देने को कहा गया है और जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।

सरकार ने WhatsApp को यह भी याद दिलाया कि भारत में बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के तौर पर उसे यूजर्स की सुरक्षा के लिए जरूरी नियमों का पालन करना होगा।

Meta की टीम ने 2 जुलाई को मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात की थी। कंपनी ने सरकार को भरोसा दिया था कि बातचीत पूरी होने तक यह फीचर भारत में शुरू नहीं किया जाएगा।

Telegram और Signal से भी जवाब मांगा गया

सरकार ने 3 जुलाई को Telegram और Signal को भी इसी तरह का नोटिस भेजा था। इन कंपनियों से पूछा गया है कि फर्जी पहचान, ऑनलाइन ठगी और नकली मैसेज रोकने के लिए उनके यूजरनेम फीचर में क्या सुरक्षा दी गई है।

आईटी सचिव S Krishnan ने कहा कि Telegram और Signal के पास जवाब देने के लिए अभी समय है। हालांकि, कुछ रिपोर्ट में कहा गया है कि Telegram ने भी अपना जवाब भेज दिया है। भारत में WhatsApp के करीब 50 करोड़ यूजर हैं, इसलिए इस फीचर से जुड़ा कोई भी फैसला बड़ी संख्या में लोगों पर असर डाल सकता है।

Read more!
Advertisement