ऑनलाइन कार्ड पेमेंट हुआ और सुरक्षित! Visa की इस सर्विस से अब OTP की जरूरत होगी कम
ऑनलाइन पेमेंट के दौरान OTP फ्रॉड के मामले लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं। इसी परेशानी को कम करने के लिए Visa ने हाल ही में भारत में Payment Passkey सुविधा लॉन्च की है। इसके जरिए यूजर्स फिंगरप्रिंट, फेस आईडी, PIN, पासवर्ड या पैटर्न की मदद से कार्ड पेमेंट को आसानी से और सुरक्षित तरीके से कन्फर्म कर सकेंगे।

In Short
- Visa ने भारत में Payment Passkey सॉल्यूशन लॉन्च किया है, जिससे ऑनलाइन कार्ड पेमेंट में OTP पर निर्भरता कम हो सकती है।
- यूजर्स फिंगरप्रिंट, फेस रिकग्निशन, PIN, पासवर्ड या पैटर्न से पेमेंट को सुरक्षित तरीके से कन्फर्म कर सकेंगे।
- इस सुविधा की शुरुआत IDFC First Bank के साथ हुई है और फिलहाल यह चुनिंदा मर्चेंट्स के यूजर्स के लिए उपलब्ध है।
Visa Payment Passkey: भारत में ऑनलाइन पेमेंट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। शॉपिंग, टिकट बुकिंग, बिल पेमेंट और दूसरे कई कामों के लिए लोग कार्ड और डिजिटल पेमेंट पर निर्भर हैं। लेकिन इसके साथ OTP फ्रॉड के मामले भी चिंता बढ़ा रहे हैं।
इसी समस्या को कम करने के लिए Visa ने हाल ही में भारत में Visa Payment Passkey यानी VPP सुविधा शुरू की है। इससे यूजर्स फिंगरप्रिंट, फेस आईडी, PIN, पासवर्ड या पैटर्न की मदद से कार्ड पेमेंट को आसानी से और सुरक्षित तरीके से कन्फर्म कर सकेंगे।
ओटीपी पर होगी निर्भरता कम
वीजा पेमेंट पासकी ऑनलाइन कार्ड पेमेंट के लिए ओटीपी की जगह इस्तेमाल होने वाला एक दूसरा तरीका है। अभी ज्यादातर ऑनलाइन कार्ड पेमेंट में लेन-देन पूरा करने के लिए ओटीपी की जरूरत पड़ती है। लेकिन कई बार साइबर ठग इसी ओटीपी के जरिए लोगों को निशाना बनाते हैं।
वीजा की नई सुविधा में ग्राहक अपने मोबाइल या दूसरे उपकरण में मौजूद फिंगरप्रिंट, चेहरे की पहचान, पिन, पासवर्ड या पैटर्न के जरिए पेमेंट की पुष्टि कर सकेंगे। इससे पेमेंट की प्रक्रिया आसान होने के साथ ज्यादा सुरक्षित भी हो सकती है।
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के साथ हुई शुरुआत
भारत में वीजा पेमेंट पासकी की शुरुआत आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के साथ की गई है। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक इस सुविधा का पहला बैंकिंग पार्टनर बना है। फिलहाल यह सेवा चुनिंदा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Username फीचर पर सरकार का जारी है सख्त रूख! WhatsApp के बाद अब लपेटे में Telegram और Signal - मिला नोटिस
इन प्लेटफॉर्म में मिंत्रा, पेटीएम, मेकमाईट्रिप, टाटा स्टारबक्स, रिलायंस डिजिटल और ईटश्योर जैसे नाम शामिल हैं। आने वाले समय में इस सुविधा का दायरा और बढ़ सकता है।
आरबीआई के नियमों के हिसाब से तैयार
वीजा की यह नई पेमेंट सुविधा फिडो नाम के सिक्योरिटी सिस्टम पर काम करती है। कंपनी का कहना है कि इसे RBI के नियमों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। RBI ने सितंबर 2025 में डिजिटल पेमेंट के लिए ओटीपी के अलावा दूसरे सुरक्षित तरीकों को लेकर गाइडलाइन जारी की थी।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Vivo, Nothing और Realme ने ₹7,000 तक बढ़ाए स्मार्टफोन्स के दाम! जानिए किस मॉडल में कितना हुआ इजाफा
इसका मतलब है कि पेमेंट के लिए सिर्फ OTP पर निर्भर रहने की जरूरत कम होगी और यूजर्स को ज्यादा सुरक्षित तरीका मिल सकेगा।
कई पेमेंट पार्टनर्स से जुड़ी सुविधा
वीजा ने इस सुविधा को जसपे, विबमो, रेजरपे, पेयू, पाइन लैब्स, बिलडेस्क, एम2पी फिनटेक और पेटीएम पेमेंट्स सर्विसेज जैसे पेमेंट और फिनटेक पार्टनर्स के साथ भी जोड़ा है।
कंपनी का दावा है कि इससे ऑनलाइन पेमेंट की सफलता दर बेहतर हो सकती है। साथ ही लेन-देन पूरा करने में लगने वाले चरण भी कम हो सकते हैं।
वीजा के भारत और दक्षिण एशिया हेड सुरेश सेठी ने कहा कि Payment Passkey से ग्राहक आसानी से कार्ड पेमेंट कन्फर्म कर सकेंगे। इसके लिए मोबाइल में मौजूद फिंगरप्रिंट, फेस आईडी, पिन, पासवर्ड या पैटर्न का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे ऑनलाइन शॉपिंग और पेमेंट ज्यादा सुरक्षित और आसान हो जाएंगे।