X अकाउंट पर दिखा अनजान लॉगइन, कैसे पहचानें साइबर ठगी की यह नई चाल?
X अकाउंट के नाम पर भेजा गया एक फर्जी लॉगइन अलर्ट आपके सोशल मीडिया अकाउंट से लेकर स्मार्टफोन और बैंकिंग डिटेल्स तक को खतरे में डाल सकता है। जानिए ठग कैसे फर्जी लिंक से यूजर्स को फंसाते हैं और संदिग्ध मैसेज की पहचान कैसे की जा सकती है।

In Short
- दूसरे डिवाइस से X अकाउंट लॉगइन होने का फर्जी मैसेज भेज रहे साइबर ठग।
- लॉगआउट के नाम पर दिए लिंक से चोरी हो सकती हैं लॉगइन और बैंकिंग डिटेल्स।
- X कभी ईमेल पर पासवर्ड नहीं मांगता और न ही अटैचमेंट भेजता है।
Twitter Login Scam: साइबर ठग लोगों को फंसाने के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। अब एक ऐसे लॉगइन स्कैम का खुलासा हुआ है, जिसमें यूजर्स को X अकाउंट के नाम पर डराने वाला मैसेज भेजा जा रहा है। इस मैसेज में दावा किया जाता है कि उनका X अकाउंट किसी दूसरे डिवाइस या अनजान लोकेशन से लॉगइन हुआ है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस तरह के मामले फिलहाल ज्यादातर विदेशों में सामने आ रहे हैं। हालांकि, ऐसे मैसेज किसी भी यूजर को निशाना बना सकते हैं।
मैसेज में दिया जाता है फर्जी लॉगआउट लिंक
ठगों की ओर से भेजे गए मैसेज में फर्जी लॉगइन डिटेल्स दिखाई जाती हैं। यूजर को भरोसा दिलाने के लिए डिवाइस और लोकेशन जैसी जानकारी भी लिखी जा सकती है। इसके बाद अकाउंट को सुरक्षित करने या दूसरे डिवाइस से लॉगआउट करने के नाम पर एक लिंक दिया जाता है।
ये खबर पढ़ना न भूलें: WhatsApp पर साधारण दिखने वाली फाइल कैसे बन रही है बड़ा खतरा? जानें क्या है पूरा मामला
जैसे ही कोई यूजर घबराकर इस लिंक पर क्लिक करता है, ठग उसकी लॉगइन जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके बाद X अकाउंट पर कब्जा किया जा सकता है। साइबर एक्सपर्ट के मुताबिक, यह फर्जी लिंक स्मार्टफोन में मौजूद निजी फोटो, वीडियो और दूसरी जरूरी जानकारी तक पहुंचने का रास्ता भी खोल सकता है।
बैंकिंग जानकारी भी आ सकती है खतरे में
यह स्कैम केवल सोशल मीडिया अकाउंट तक सीमित नहीं है। फर्जी लिंक के जरिए साइबर ठग स्मार्टफोन तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकते हैं। इससे फोन में मौजूद बैंकिंग डिटेल्स भी खतरे में पड़ सकती हैं।
ऐसे स्कैम से बचने के लिए जरूरी है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के नाम से आने वाले हर मैसेज पर तुरंत भरोसा न किया जाए। ठग अक्सर असली कंपनियों से मिलते-जुलते नाम और ईमेल एड्रेस का इस्तेमाल करते हैं।
X ने बताया असली ईमेल कैसे पहचानें
X के हेल्प सेंटर के मुताबिक, कंपनी अपने सब्सक्राइबर्स को केवल @X.com या @e.X.com डोमेन से ईमेल भेजती है। देखने में असली लगने वाले फर्जी ईमेल में खतरनाक अटैचमेंट या फिशिंग वेबसाइट के लिंक हो सकते हैं।
X का कहना है कि वह ईमेल के साथ कोई अटैचमेंट नहीं भेजता। कंपनी ईमेल के जरिए किसी यूजर से उसका X पासवर्ड भी नहीं मांगती।
फर्जी लॉगइन मैसेज मिलने पर क्या करें
संदिग्ध ईमेल या मैसेज मिलने पर उसमें दिए गए लिंक पर क्लिक न करें। जरूरत हो तो उसका स्क्रीनशॉट लेने के बाद मैसेज को डिलीट कर दें। अनजान ईमेल या मैसेज के साथ आए किसी भी अटैचमेंट को डाउनलोड करने से बचें।