कहीं आपका फ्रंट कैमरा आपकी जासूसी तो नहीं कर रहा? ऐसे लगाएं तुरंत पता

क्या आपके फोन का फ्रंट कैमरा बिना बताए चालू हो सकता है? गलत ऐप परमिशन और फर्जी लिंक आपकी निजी तस्वीरें स्कैमर्स तक पहुंचा सकते हैं। फोन गर्म होना, बैटरी तेजी से खत्म होना और हरा कैमरा निशान खतरे के संकेत हैं। बचने के लिए कौन-सी सेटिंग बदलनी है, जानें पूरी खबर।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • गलत ऐप को कैमरा परमिशन मिलने पर फ्रंट कैमरे से आपकी प्राइवेसी खतरे में पड़ सकती है।
  • Android 12 और उसके बाद के फोन में हरा निशान बताता है कि कैमरा कब इस्तेमाल हो रहा है।
  • Camera Access बंद करने, शक वाले ऐप हटाने और कैमरा कवर लगाने से बचाव किया जा सकता है।

By Gaurav Kumar:

स्मार्टफोन का फ्रंट कैमरा वीडियो कॉल और सेल्फी के लिए इस्तेमाल होता है, लेकिन गलत ऐप को कैमरे की परमिशन मिल जाए तो यही कैमरा आपकी प्राइवेसी के लिए परेशानी बन सकता है। साइबर ठग फर्जी लिंक या नुकसान पहुंचाने वाले ऐप के जरिए कैमरे तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकते हैं।

इसके बाद निजी तस्वीरें या वीडियो रिकॉर्ड करके किसी व्यक्ति को डराया या पैसे देने के लिए मजबूर किया जा सकता है। ऐसे में फोन की कुछ सेटिंग समय-समय पर चेक करना जरूरी है।

कैमरा इस्तेमाल होने का कैसे चलेगा पता?

Android 12 और उसके बाद के वर्जन वाले फोन में कोई ऐप कैमरा इस्तेमाल करता है, तो स्क्रीन के ऊपर हरे रंग का निशान दिखाई देता है। इस निशान पर टैप करके देखा जा सकता है कि उस समय कौन-सा ऐप कैमरा चला रहा है।

अगर कैमरे की जरूरत न होने के बाद भी यह निशान दिखाई दे, तो संबंधित ऐप की परमिशन तुरंत जांचनी चाहिए।

शक वाले ऐप की परमिशन बंद करें

कैमरा परमिशन हटाने के लिए फोन की Settings में जाएं। इसके बाद Apps खोलें और उस ऐप को चुनें, जिस पर आपको शक है। Permissions में जाकर Camera के सामने Don’t Allow का ऑप्शन चुन दें।

जिन ऐप्स का काम कैमरे के बिना भी चल सकता है, उन्हें कैमरा इस्तेमाल करने की इजाजत देने की जरूरत नहीं है।

पूरे फोन का कैमरा भी कर सकते हैं बंद

Android 12 और उसके बाद के कई फोन में Camera Access बंद करने का ऑप्शन मिलता है। यह Privacy Controls या Quick Settings में मिल सकता है।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: Apple Music से Apple One तक सब महंगा, जानें किस प्लान की कितनी बढ़ी कीमत

इसे बंद करने के बाद फोन का कोई भी ऐप कैमरा इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। वीडियो कॉल या फोटो लेते समय इसे दोबारा चालू किया जा सकता है।

कैमरे पर कवर लगाना भी एक तरीका

फ्रंट कैमरे का ज्यादा इस्तेमाल नहीं करते हैं, तो उस पर छोटा कैमरा कवर या स्लाइडर लगाया जा सकता है। कैमरा गलती से चालू हो जाने पर भी उसके सामने की तस्वीर रिकॉर्ड नहीं होगी।

हालांकि वीडियो कॉल या सेल्फी लेते समय कवर हटाना पड़ेगा।

ऐप डाउनलोड करते समय रखें ध्यान

फोन में ऐप केवल Google Play Store या किसी भरोसेमंद ऐप स्टोर से डाउनलोड करना चाहिए। अनजान वेबसाइट से APK फाइल इंस्टॉल करने पर फोन में मैलवेयर आने का खतरा बढ़ सकता है।

ऐसे ऐप्स से भी सावधान रहें, जो बिना जरूरत कैमरा, माइक्रोफोन, लोकेशन और कॉन्टैक्ट जैसी कई परमिशन मांगते हैं।

इन संकेतों को नजरअंदाज न करें

फोन की बैटरी अचानक तेजी से खत्म होने लगे, डिवाइस ज्यादा गर्म रहे या कैमरा इस्तेमाल होने का निशान बिना वजह दिखाई दे, तो संदिग्ध ऐप हटा देना चाहिए। फोन अपडेट करने और सिक्योरिटी स्कैन चलाने से भी मदद मिल सकती है।

सिर्फ मोबाइल नंबर मिलने या WhatsApp मैसेज आने से कैमरा हैक नहीं होता। आमतौर पर खतरा तब बढ़ता है, जब यूजर किसी फर्जी लिंक पर क्लिक करता है, अनजान ऐप इंस्टॉल करता है या गलत परमिशन दे देता है। इसलिए कैमरा परमिशन चेक करना और जरूरत न होने पर Camera Access बंद रखना प्राइवेसी बचाने का आसान तरीका है।

Read more!
Advertisement