पुराना iPhone फेंकने की गलती न करें, इन 6 तरीकों से आ सकता है आपके काम
नया iPhone खरीदने के बाद पुराने फोन को बेकार समझकर फेंकना सही नहीं है। थोड़ी सी सेटिंग बदलकर इसे डिजिटल घड़ी, म्यूजिक प्लेयर की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। जानें पुराने iPhone के सभी आसान और काम के उपयोग।

In Short
- पुराने iPhone को डिजिटल घड़ी अलार्म म्यूजिक प्लेयर और गेमिंग डिवाइस बनाया जा सकता है।
- यह नेविगेशन ई रीडर वीडियो रिकॉर्डिंग और स्मार्ट होम कंट्रोल के काम आ सकता है।
- पूरी तरह खराब iPhone को कूड़े में फेंकने के बजाय ई वेस्ट सेंटर पर जमा करना चाहिए।
Old iPhone Uses: नया फोन खरीदने के बाद अक्सर पुराना iPhone घर के किसी कोने में पड़ा रह जाता है। कुछ लोग उसे एक्सचेंज कर देते हैं, जबकि कई लोग खराब समझकर फेंक देते हैं। हालांकि, पुराना iPhone कई रोजमर्रा के कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है। थोड़ी सी सेटिंग बदलकर इसे घड़ी, म्यूजिक प्लेयर, कैमरा या स्मार्ट होम रिमोट बनाया जा सकता है।
1) डिजिटल घड़ी और अलार्म बनाएं
पुराने iPhone को चार्जिंग स्टैंड पर रखकर डिजिटल घड़ी और अलार्म की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर फोन नए iOS वर्जन को सपोर्ट करता है तो उसमें StandBy Mode का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
Wi-Fi से जुड़ा होने पर फोन मौसम की जानकारी, कैलेंडर रिमाइंडर और वॉयस असिस्टेंट की सुविधा भी दे सकता है। इससे पुराने फोन को बेडसाइड घड़ी या टेबल डिस्प्ले के रूप में इस्तेमाल करना आसान हो जाता है।
2) म्यूजिक और गेमिंग के लिए करें इस्तेमाल
पुराने iPhone को अलग म्यूजिक प्लेयर भी बनाया जा सकता है। फोन से गैर-जरूरी ऐप हटाकर उसमें केवल म्यूजिक ऐप रखे जा सकते हैं। Wi-Fi के जरिए ऑनलाइन गाने सुने जा सकते हैं या पहले से डाउनलोड किए गए ट्रैक चलाए जा सकते हैं।
यह फोन बच्चों या परिवार के दूसरे सदस्यों के लिए गेमिंग डिवाइस भी बन सकता है। इससे मेन फोन की बैटरी और स्टोरेज पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा।
3) नेविगेशन और किताबें पढ़ने में आएगा काम
बाइक या साइकिल से सफर करने वाले लोग पुराने iPhone को नेविगेशन डिवाइस की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। फोन को दूसरे मोबाइल के हॉटस्पॉट से जोड़कर मैप्स चलाए जा सकते हैं।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Instagram Bio में लगा सकते हैं 5 लिंक! जानें वेबसाइट, YouTube और ऑनलाइन स्टोर के Link लगाने का तरीका
इसके अलावा इसमें ई-बुक ऐप डाउनलोड कर इसे किताबें पढ़ने वाला डिवाइस बनाया जा सकता है। इस तरह फोन को अलग ई-रीडर की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा।
4) वीडियो बनाने वालों के लिए उपयोगी
रील्स या वीडियो बनाने वाले लोग पुराने iPhone को अलग कैमरे की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे मेन फोन दूसरे जरूरी कामों के लिए खाली रहेगा। पुराना फोन वीडियो रिकॉर्डिंग और मनोरंजन के काम आ सकता है।
5) स्मार्ट डिवाइस का रिमोट बनाएं
घर में स्मार्ट लाइट, स्मार्ट टीवी, स्मार्ट स्पीकर या दूसरे स्मार्ट डिवाइस हैं तो पुराने iPhone को कंट्रोल पैनल बनाया जा सकता है। इसे घर की एक तय जगह पर रखकर परिवार के सभी लोग स्मार्ट डिवाइस कंट्रोल कर सकते हैं। यह Apple TV या दूसरे स्ट्रीमिंग डिवाइस के रिमोट की तरह भी काम कर सकता है।
6) सेफ्टी कैमरे की तरह करें इस्तेमाल
पुराने iPhone को घर के अंदर कैमरे की तरह भी लगाया जा सकता है। निगरानी ऐप की मदद से बच्चों के कमरे, लिविंग रूम या पालतू जानवरों पर दूर से नजर रखी जा सकती है।
अगर फोन किसी काम का नहीं बचा है तो उसे बेचा या किसी जरूरतमंद को दिया जा सकता है। पूरी तरह खराब फोन को कूड़े में फेंकने के बजाय रजिस्टर्ड ई-वेस्ट रिसाइक्लिंग सेंटर पर जमा करना बेहतर होगा।