LPG सब्सिडी अटकी है या खाते में पहुंची? मोबाइल से ऐसे चेक करें हर ट्रांजैक्शन
आपके बैंक खाते में LPG सब्सिडी समय पर पहुंच रही है या बीच में कहीं रुक गई है? इसका पता लगाने के लिए एजेंसी जाने की जरूरत नहीं। मोबाइल फोन से My LPG पोर्टल, UMANG ऐप और कंपनी के ऑफिशियल ऐप के जरिए कुछ आसान स्टेप में स्टेटमेंट डाउनलोड करें।

In Short
- LPG सब्सिडी का स्टेटमेंट मोबाइल फोन से ही चेक और डाउनलोड किया जा सकता है।
- My LPG पोर्टल, UMANG ऐप और गैस कंपनी के ऑफिशियल ऐप से पूरी जानकारी मिलती है।
- स्टेटमेंट में सब्सिडी मिलने की तारीख और खाते में आई रकम देखी जा सकती है।
रसोई गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए यह जांचना जरूरी है कि LPG सब्सिडी उनके बैंक खाते में समय पर पहुंच रही है या नहीं। कई बार बैंक अकाउंट लिंक न होने, गलत जानकारी या किसी टेक्निकल दिक्कत की वजह से सब्सिडी का पैसा रुक सकता है। ऐसे में समय-समय पर सब्सिडी से जुड़ा स्टेटमेंट देखना बेहतर रहता है।
इसके लिए गैस एजेंसी या किसी ऑफिस जाने की जरूरत नहीं है। Indane, HP Gas और Bharat Gas के ग्राहक अपने मोबाइल फोन की मदद से ही सब्सिडी की जानकारी देख सकते हैं। स्टेटमेंट डाउनलोड करने के लिए तीन आसान तरीके उपलब्ध हैं। आइए इन्हें एक-एक करके समझते हैं।
1) My LPG पोर्टल से ऐसे देखें स्टेटमेंट
गैस सब्सिडी का स्टेटमेंट देखने के लिए सबसे पहले मोबाइल के ब्राउजर में mylpg.in वेबसाइट खोलें। होमपेज पर Indane, HP Gas और Bharat Gas के सिलेंडर के विकल्प दिखाई देंगे।
आप जिस कंपनी के ग्राहक हैं, उसके सिलेंडर वाले विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद LPG ID और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की मदद से लॉग इन करें।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: बिजली कटने पर भी घर रहेगा रोशन! जानिए क्या है Hybrid Solar System और कैसे करता है काम
लॉग इन होने के बाद View Cylinder Booking History या Subsidy Transferred का विकल्प चुनें। यहां सब्सिडी मिलने की तारीख और रकम की पूरी सूची दिखाई देगी। इस जानकारी को अपने रिकॉर्ड के लिए डाउनलोड भी किया जा सकता है।
2) UMANG ऐप से डाउनलोड करें जानकारी
गैस सब्सिडी का स्टेटमेंट UMANG ऐप के जरिए भी देखा जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले ऐप में लॉग इन करें। इसके बाद सर्च बार में अपनी गैस कंपनी का नाम, जैसे Indane या HP Gas, लिखकर सर्च करें।
कंपनी की सेवाओं की सूची खुलने पर Check Subsidy या Refill History वाले विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद अपना कंज्यूमर नंबर दर्ज करें।
नंबर डालते ही सब्सिडी से जुड़ी पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। इसे ऐप के जरिए डाउनलोड करके फोन में सुरक्षित रखा जा सकता है।
3) गैस कंपनी के ऑफिशियल ऐप से भी मिलेगा रिकॉर्ड
तीसरे तरीके में ग्राहक अपनी गैस कंपनी का ऑफिशियल मोबाइल ऐप इस्तेमाल कर सकते हैं। सबसे पहले संबंधित कंपनी का ऐप डाउनलोड करें और कस्टमर ID तथा OTP की मदद से लॉग इन करें।
इसके बाद ऐप के मेन्यू में History या Order History वाले सेक्शन पर जाएं। यहां हर महीने मिली सब्सिडी से जुड़ी पूरी सूची दिखाई देगी।
इस स्टेटमेंट को ऐप के अंदर ही देखा जा सकता है और जरूरत पड़ने पर डाउनलोड भी किया जा सकता है। इन तीनों तरीकों की मदद से ग्राहक घर बैठे यह जांच सकते हैं कि गैस सब्सिडी उनके खाते में पहुंच रही है या नहीं।