Airtel यूजर्स के लिए जरूरी खबर, फ्री Perplexity Pro खत्म होते ही शुरू हो सकती है बिलिंग, ऐसे करें कैंसिल

अगर आप Airtel का फ्री Perplexity Pro चला रहे हैं तो एक बार अपना अकाउंट जरूर चेक कर लें। फ्री प्लान खत्म होते ही जुड़े कार्ड से पैसे कट सकते हैं। जानें 17 जुलाई से पहले इसे बंद कैसे कर सकते हैं।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • Airtel का एक साल वाला फ्री Perplexity Pro सब्सक्रिप्शन खत्म होने वाला है।
  • 17 जुलाई से पहले कैंसिल नहीं किया तो कार्ड से पैसे कट सकते हैं।
  • वेबसाइट ऐप या फोन की सब्सक्रिप्शन सेटिंग से प्लान बंद किया जा सकता है।

By Gaurav Kumar:

How To Cancel Perplexity Pro: अगर आप Airtel यूजर हैं और पिछले साल मिला एक साल का फ्री Perplexity Pro सब्सक्रिप्शन इस्तेमाल कर रहे हैं, तो अपने अकाउंट की सेटिंग जरूर जांच लें। कई यूजर्स का फ्री सब्सक्रिप्शन खत्म होने वाला है। ऐसे में समय रहते इसे कैंसिल नहीं किया गया, तो जुड़े हुए क्रेडिट कार्ड या दूसरे पेमेंट तरीके से पैसे कट सकते हैं।

Airtel  यूजर्स को मैसेज और ईमेल के जरिए बताया जा रहा है कि उनका फ्री पीरियड खत्म होने वाला है। अगर आपने ऑफर एक्टिव करते समय कार्ड की जानकारी दी थी और अब इस सर्विस को जारी नहीं रखना चाहते, तो 17 जुलाई से पहले सब्सक्रिप्शन बंद करना जरूरी है।

हर महीने अपने आप कट सकते हैं पैसे

कार्ड से जुड़ा ऑटो-पे मैंडेट कई वर्षों तक एक्टिव रह सकता है। ऐसे में फ्री प्लान खत्म होने के बाद चुने गए प्लान के हिसाब से पेमेंट अपने आप शुरू हो सकता है।

Perplexity Pro के सालाना सब्सक्रिप्शन की कीमत करीब 17 हजार रुपये बताई गई है। हालांकि, कुछ यूजर्स के अकाउंट की सेटिंग में मंथली प्लान के हिसाब से पेमेंट दिख रहा है। इसलिए यह देखना जरूरी है कि आपके अकाउंट में कौन-सा प्लान और अगली बिलिंग डेट दिखाई दे रही है।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: Apple से छीनी नंबर-1 की कुर्सी, जानिए कौन-सा ब्रांड बना ग्लोबल लीडर

Airtel ने जुलाई 2025 में Perplexity AI के साथ साझेदारी की थी। इसके तहत मोबाइल, ब्रॉडबैंड और DTH यूजर्स को करीब 17 हजार रुपये की कीमत वाला Perplexity Pro सब्सक्रिप्शन एक साल के लिए मुफ्त दिया गया था।

वेबसाइट से ऐसे कैंसिल करें सब्सक्रिप्शन

सब्सक्रिप्शन बंद करने के लिए सबसे पहले Perplexity की वेबसाइट पर अपने अकाउंट से लॉग इन करें। इसके बाद होम पेज पर बाईं तरफ दिए गए ‘All Settings’ विकल्प पर जाएं।

यहां सबसे ऊपर आपका नाम और अकाउंट आईडी दिखाई देगी। नीचे ‘Thanks for subscribing Perplexity Pro’ लिखा मिलेगा। इसके पास दिए गए ‘Manage’ विकल्प को चुनें। इसके बाद ‘Cancel Subscription’ पर क्लिक करके सब्सक्रिप्शन बंद किया जा सकता है।

कैंसिल करने के बाद यह जरूर जांच लें कि अकाउंट में सब्सक्रिप्शन का स्टेटस अपडेट हो गया है।

एंड्रॉयड और आईफोन यूजर्स क्या करें?

आईफोन यूजर्स फोन की Settings में जाकर Subscriptions सेक्शन खोलें। यहां Perplexity Pro या एयरटेल से जुड़ा प्लान दिखाई देता है, तो उसे चुनकर कैंसिल किया जा सकता है।

एंड्रॉयड यूजर्स Google Play Store के Subscriptions सेक्शन में जाकर प्लान को बंद कर सकते हैं। अगर कैंसिल करने का विकल्प नहीं दिखाई दे रहा है, तो एयरटेल कस्टमर केयर से संपर्क किया जा सकता है।

अगर आपने कोई कार्ड या पेमेंट तरीका नहीं जोड़ा है या अकाउंट में सब्सक्रिप्शन ‘Pause’ दिख रहा है, तो आमतौर पर पैसे नहीं कटेंगे। फिर भी अनचाहे चार्ज से बचने के लिए सब्सक्रिप्शन का स्टेटस एक बार जरूर जांच लें।
 

Read more!
Advertisement