होटल, रेस्टोरेंट और ट्रिप प्लानिंग… Google Maps में आए नए AI फीचर्स, हिंदी में भी पूछ सकेंगे सवाल
Google Maps अब सिर्फ रास्ता दिखाने वाला ऐप नहीं रहेगा। Gemini AI से लैस Ask Maps होटल खोजने, खाना ऑर्डर करने और ट्रिप प्लान करने जैसे काम में भी मदद करेगा। खास बात यह है कि भारत में यूजर्स इससे हिंदी में भी सवाल पूछकर जानकारी हासिल कर सकेंगे।

In Short
- Ask Maps अब Gemini AI की मदद से होटल, रेस्टोरेंट और ट्रिप प्लानिंग में ज्यादा स्मार्ट सुझाव देगा।
- यूजर की अनुमति मिलने पर Ask Maps Gmail और आगे Google Calendar की जानकारी का भी इस्तेमाल कर सकेगा।
- भारत में Ask Maps हिंदी भाषा को सपोर्ट करेगा और यूजर हिंदी में भी सवाल पूछ सकेंगे।
Google Maps Ask Maps: Google Maps का इस्तेमाल अब सिर्फ रास्ता देखने तक सीमित नहीं रहेगा। Google अपने Ask Maps फीचर को Gemini AI की मदद से और स्मार्ट बना रहा है। इसके बाद यूजर Maps से होटल ढूंढने, खाने की जगह चुनने, ट्रिप प्लान करने और अपनी पसंद के हिसाब से सुझाव लेने जैसे कई काम कर सकेंगे। धीरे-धीरे Google Maps एक AI एजेंट की तरह काम करेगा।
Ask Maps समझेगा आपकी जरूरत
Google के मुताबिक Ask Maps अब यूजर के सवालों को ज्यादा बेहतर तरीके से समझ सकेगा। मान लीजिए आप रास्ते में ऐसा रेस्टोरेंट ढूंढना चाहते हैं जहां जल्दी खाना मिले और वेज ऑप्शन भी मौजूद हो। ऐसे में Ask Maps सिर्फ रेस्टोरेंट की लिस्ट नहीं दिखाएगा, बल्कि आपकी जरूरत के हिसाब से बेहतर विकल्प भी सुझाएगा।
जरूरत पड़ने पर यह खाना ऑर्डर करने की प्रक्रिया भी शुरू कर सकेगा। फिलहाल इसके लिए Square और Toast जैसे पार्टनर प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल होगा। आगे Uber Eats का सपोर्ट भी जोड़ा जाएगा। हालांकि आखिरी पेमेंट यूजर को खुद ही करना होगा।
होटल खोजने में भी करेगा मदद
अगर आप किसी खास जरूरत के हिसाब से होटल तलाश रहे हैं, तो Ask Maps उसमें भी मदद करेगा। उदाहरण के तौर पर आप एयरपोर्ट के पास सस्ता होटल, जिम और अच्छे रेस्टोरेंट जैसी शर्तें बता सकते हैं। इसके बाद AI इन्हीं शर्तों को ध्यान में रखते हुए होटल के विकल्प दिखाएगा।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Flipkart Freedom Sale शुरू, iPhone से Smart TV तक पर बंपर डिस्काउंट, SBI कार्ड पर भी ऑफर
कमरा बुक करने के लिए यूजर होटल की वेबसाइट या संबंधित बुकिंग पार्टनर के पास जा सकेगा।
Gmail और Calendar से भी जुड़ सकेगा
Ask Maps में Personal Intelligence फीचर भी दिया जा रहा है। अगर यूजर इसकी अनुमति देता है, तो यह Gmail और आगे चलकर Google Calendar की जानकारी का इस्तेमाल कर सकेगा।
अगर Gmail में फ्लाइट टिकट, होटल बुकिंग या किसी इवेंट से जुड़ा ईमेल है, तो Maps उसी जानकारी के आधार पर रास्ता, घूमने की जगह, खाने के विकल्प और समय से जुड़े सुझाव दे सकेगा। Google के मुताबिक यह फीचर पूरी तरह ऑप्शनल रहेगा और डिफॉल्ट रूप से बंद होगा।
पुरानी बातचीत भी याद रखेगा
Ask Maps अब पिछली बातचीत को याद रखने की क्षमता भी रखेगा। अगर आपने पहले किसी ट्रिप की प्लानिंग शुरू की थी और बाद में दोबारा ऐप खोला, तो बातचीत वहीं से आगे बढ़ाई जा सकेगी। इससे हर बार पूरी जानकारी दोबारा देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
Public Transport की लाइव जानकारी
Google Maps बस, ट्रेन, मेट्रो और फेरी जैसी सेवाओं की लाइव जानकारी भी दिखाएगा। किसी सेवा में देरी होने या रूट बदलने पर इसकी जानकारी भी ऐप में मिल सकेगी।
हिंदी में भी पूछ सकेंगे सवाल
भारत के यूजर्स के लिए Ask Maps हिंदी भाषा को भी सपोर्ट करेगा। यानी यूजर हिंदी में होटल, रेस्टोरेंट, जगह या यात्रा से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे। यह फीचर भारत में फेज वाइज रोल आउट किया जा रहा है।