Flipkart से शॉपिंग कर पाएं फ्री में Netflix का सब्सक्रिप्शन! फ्लिपकार्ट और नेटफ्लिक्स ने मिलाया हाथ - Details
फ्लिपकार्ट और नेटफ्लिक्स ने ग्राहकों के लिए नया ऑफर पेश किया है। अब फ्लिपकार्ट प्लस मेंबर अपनी सामान्य खरीदारी के जरिए हर महीने नेटफ्लिक्स का मोबाइल प्लान पा सकेंगे। जानिए इसके लिए कितने ऑर्डर करने होंगे, क्या शर्तें हैं और यह फायदा कब से मिलेगा।

In Short
- फ्लिपकार्ट प्लस मेंबर एक महीने में ₹299 या उससे ज्यादा के चार ऑर्डर करके नेटफ्लिक्स मोबाइल प्लान पा सकेंगे।
- यह ऑफर 1 अगस्त 2026 से शुरू होगा और प्लान चौथा क्वालिफाइंग ऑर्डर पूरा होने के बाद 30 दिनों के लिए मिलेगा।
- नेटफ्लिक्स प्लान के लिए अलग से पैसे देने या कोई बंडल रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं होगी।
Flipkart-Netflix partnership: फ्लिपकार्ट और नेटफ्लिक्स ने मिलकर ग्राहकों के लिए एक नया ऑफर शुरू किया है। इसके तहत फ्लिपकार्ट प्लस मेंबर अपनी रोजमर्रा की खरीदारी करके हर महीने नेटफ्लिक्स का मोबाइल प्लान पा सकेंगे। इसके लिए उन्हें नेटफ्लिक्स का अलग सब्सक्रिप्शन खरीदने या किसी खास रिचार्ज की जरूरत नहीं होगी। यह ऑफर 1 अगस्त 2026 से शुरू होगा।
चार ऑर्डर करने पर मिलेगा नेटफ्लिक्स प्लान
इस ऑफर का फायदा पाने के लिए फ्लिपकार्ट प्लस मेंबर को एक महीने में कम से कम चार ऑर्डर करने होंगे। हर ऑर्डर की कीमत 299 रुपये या उससे ज्यादा होनी चाहिए।
ये ऑर्डर फ्लिपकार्ट, फ्लिपकार्ट मिनट्स या फ्लिपकार्ट ग्रॉसरी में से किसी भी प्लेटफॉर्म पर किए जा सकते हैं। जैसे ही ग्राहक का चौथा सही ऑर्डर पूरा होगा, उसके लिए 30 दिनों का नेटफ्लिक्स मोबाइल प्लान खुल जाएगा।
अलग से पैसे देने की जरूरत नहीं
नेटफ्लिक्स का प्लान सीधे फ्लिपकार्ट ऐप के जरिए एक्टिव होगा। इसके लिए ग्राहक को अलग से पैसे देने या दूसरा लॉग-इन करने की जरूरत नहीं होगी।
इस प्लान के जरिए ग्राहक नेटफ्लिक्स की भारतीय और विदेशी फिल्में और वेब सीरीज देख सकेंगे। हालांकि, यह प्लान केवल 30 दिनों के लिए मिलेगा।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: नए iPhone 18 Pro में क्या होगा खास? लॉन्च से पहले सामने आई बड़ी जानकारी
30 दिन पूरे होने के बाद यह अपने आप बंद हो जाएगा। अगले महीने फिर से नेटफ्लिक्स प्लान पाने के लिए ग्राहक को दोबारा 299 रुपये या उससे ज्यादा के चार ऑर्डर पूरे करने होंगे।
फ्लिपकार्ट प्लस मेंबर कैसे बनें?
जो लोग अभी फ्लिपकार्ट प्लस मेंबर नहीं हैं, वे भी इसका हिस्सा बन सकते हैं। इसके लिए उन्हें 12 महीने के अंदर फ्लिपकार्ट पर 15 ऑर्डर पूरे करने होंगे।
15 ऑर्डर पूरे होते ही वे बिना किसी अलग फीस के फ्लिपकार्ट प्लस मेंबर बन जाएंगे। इसके बाद वे भी खरीदारी करके नेटफ्लिक्स मोबाइल प्लान पा सकेंगे।
रोजमर्रा की खरीदारी पर मिलेगा इनाम
इस साझेदारी की सबसे खास बात यह है कि नेटफ्लिक्स का प्लान किसी रिचार्ज या दूसरे पैकेज के साथ नहीं दिया जा रहा है। ग्राहक अपनी सामान्य खरीदारी के बदले यह फायदा पा सकेंगे।
यानी ग्राहक ग्रॉसरी, घर का जरूरी सामान या फ्लिपकार्ट मिनट्स से सामान खरीदकर नेटफ्लिक्स का प्लान अनलॉक कर सकते हैं।
छोटे शहरों के ग्राहकों को भी मिलेगा फायदा
यह सुविधा पूरे भारत में उपलब्ध होगी। इसका फायदा बड़े शहरों के साथ-साथ टियर-2 और टियर-3 शहरों के ग्राहक भी उठा सकेंगे।
फ्लिपकार्ट के सीएफओ रवि अय्यर ने कहा कि कंपनी के कई ग्राहक पहले से ही हर महीने चार ऑर्डर करते हैं। अब उनकी यही सामान्य खरीदारी उन्हें नेटफ्लिक्स देखने का मौका देगी।
नेटफ्लिक्स के अधिकारी लॉरेंट यूजीन ने बताया कि भारत में यह नेटफ्लिक्स की पहली ई-कॉमर्स साझेदारी है। इसका मकसद ग्राहकों की रोजमर्रा की खरीदारी को ज्यादा फायदेमंद बनाना है।